पंजाब कांग्रेस में अब 'लेटर पालिटिक्‍स', कैप्‍टन अमरिंदर-सोनिया मुलाकात से पहले पांच मंत्रियों व विधायकों का पत्र

Punjab Congress पंजाब कांग्रेस में विवाद खत्‍म नहीं हो रहा है और खेमेबाजी तेज हो गई है। पार्टी में अब लेटर पालिटिक्‍स शुरू हो गई है। कैप्‍टन अमरिंदर सिंह की साेनिया गांधी से आज होनेवाली मुलाकात से पहले पांच मंत्रियों ने पार्टी अध्‍यक्ष को पत्र लिखा है।

By Sunil Kumar JhaEdited By: Publish:Tue, 10 Aug 2021 08:26 AM (IST) Updated:Tue, 10 Aug 2021 08:30 AM (IST)
पंजाब कांग्रेस में अब 'लेटर पालिटिक्‍स', कैप्‍टन अमरिंदर-सोनिया मुलाकात से पहले पांच मंत्रियों व विधायकों का पत्र
पंजाब के मुख्‍यमंत्री कैप्‍टन अमरिंदर सिंह और कांग्रेस की अंतरिम राष्‍ट्रीय अध्‍यक्ष सोनिया गांधी। (फइल फोटो)

चंडीगढ़, [कैलाश नाथ]। Punjab Congress : पंजाब कांग्रेस में विवाद और खेमेबाजी खत्‍म होता नहीं दिख रहा है। नवजोत सिंह सिद्धू के पंजाब कांग्रेस अध्‍यक्ष बनने के बाद पार्टी में खेमेबाजी और तेज हुई है। पार्टी में अब 'लेटर पालिटिक्‍स' (Letter Politics) शुरू हो गई है। मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह के कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी से आज होने वालह मुलाकात से पहले यह लेटर पालिटिक्स शुरू हुई है।

सोनिया और कैप्टन की बैठक से पहले पांच मंत्रियों और कुछ विधायकों ने सोनिया गांधी को पत्र लिखकर मिलने का समय मांगा है। इसके साथ ही इन लोगों ने अपनी ही सरकार पर निशाना साधा है। उन्‍होंने आरोप लगाया है कि मुख्‍यमंत्री कैप्‍टन अमरिंदर सिंह पार्टी हाईकमान द्वारा दिए गए 18 सूत्री एजेंडे पर कोई काम नहीं कर रहे हैं।

कैप्टन अमरिंदर की सोनिया गांधी से मुलाकात के बीच पांच मंत्रियों व विधायकों ने मिलने को समय मांगा

स‍ोनिया गांधी को लिखे इस पत्र पर पंजाब के पांच कैबिनेट मंत्रियों में तृप्त राजिंदर सिंह बाजवा, सुखबिंदर सिंह सरकारिया, सुखजिंदर सिंह रंधावा, चरणजीत सिंह चन्नी और रजिया सुल्ताना के हस्ताक्षर हैं। बता दें कि ये पांचों मंत्री शुरू से ही मुख्यमंत्री कैप्‍टन अमरिंदर सिंह की मुखालफत करते रहे हैं।

इसके साथ ही सोनिया गांधी को भेजे पत्र में कांग्रेस विधायकों में पंजाब कांग्रेस के कार्यकारी प्रधान संगत सिंह गिलजियां, अमरिंदर सिंह राजा वडि़ंग और कुशलदीप सिंह ढिल्लों के हस्ताक्षर हैं। कांग्रेस सूत्रों के अनुसार यह पत्र इसलिए लिखा गया है ताकि सीएम कैप्टन अमरिंदर सिंह यदि सोनिया गांधी से मुलाकात के दौरान इन पांचों मंत्रियों में से किसी को भी मंत्रिमंडल से बाहर करने को लेकर चर्चा करें तो यह पत्र काउंटर अटैक के रूप में काम आ सके।

यह भी पढ़ें: सिद्धू के पंजाब कांग्रेस अध्‍यक्ष बनने के बाद अमरिंदर आज सोनिया से मिलेंगे, जानें क्‍या हो सकता है एजेंडा

इस पत्र में कहा गया है कि मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह पिछले दिनों पार्टी हाईकमान की ओर से दिए गए 18 सूत्रीय एजेंडे को लेकर गंभीर नहीं हैं। सीएम कैप्‍टन अमरिंदर सिंह इस एजेंडे पर कोई काम नहीं कर रहे हैं। कांग्रेस सूत्रों का कहना है कि सोनिया गांधी को लिखे गए इस पत्र को लेकर तीन दिन से कवायद चल रही थी। कोशिश थी कि इस पत्र पर करीब 50 विधायकों के हस्ताक्षर करवाए जाएं, लेकिन कई विधायकों के चंडीगढ़ में मौजूद न होने के कारण ऐसा संभव नहीं हो सका।

गौरतलब है कि नवजोत सिंह सिद्धू के प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद भी कांग्रेस का अंतर्कलह खत्म नहीं हुआ है, बल्कि यह और बढ़ गया है। बढ़ते अंतर्कलह को लेकर ही कैप्टन अमरिंदर सिंह आज सोनिया गांधी से दिल्ली में बैठक करेंगे। इस बैठक से पहले कैप्टन के विरोधियों ने सोनिया गांधी को पत्र लिखकर अपनी ताकत का अहसास करवाया है।

पंजाब की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

 हरियाणा की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

chat bot
आपका साथी