नवजोत सिंह सिद्धू की ताजपोशी: चंडीगढ़ में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम, चप्पे-चप्पे पर पुलिस तैनात
चंडीगढ़ में आज पंजाब कांग्रेस के नए अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू की ताजपोशी समारोह है। इसके चलते शहर में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। शहर इस समय पुलिस छाबनी में तब्दील कर दिया गया है। जगह-जगह पर पुलिस का पहरा है।
जेएनएनएन, चंडीगढ़। पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी के नव नियुक्त अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू आज शपथ ग्रहण समारोह है। चंडीगढ़ सेक्टर-15 स्थित कांग्रेस भवन में अध्यक्ष सिद्धू के साथ चार नवनियुक्त कार्यकारी अध्यक्ष भी शपथ लेंगे। शपथ ग्रहण समारोह के लिए वीरवार से ही तैयारियां सिलसिला शुरू हो गया था।
वहीं, शुक्रवार सुबह से ही सुरक्षा के लिहाज से कड़े सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं। कांग्रेस भवन के बाहर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। पंजाब प्रदेश कांग्रेस प्रधान के पद पर नवजोत सिद्धू की ताजपोशी कार्यक्रम में शामिल होने के लिए कांग्रेस के मंत्री, सांसद, विधायक, नेता और कार्यकर्ता चंडीगढ़ पहुंच रहे हैं। ऐसे में मेहमानों को कोई परेशानी न हो, इसके लिए चंडीगढ़ पुलिस द्वारा सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। कांग्रेस भवन के आसपास चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल तैनात किया गया है। चंडीगढ़ एसएसपी कुलदीप चहल ने सभी अधिकारियों से स्थिति का जायजा लेने के लिए लगातार संपर्क बनाए हुए हैं। शहर के कौने-कौने पर पुलिस जवान तैनात किए गए हैं।
वहीं अब मंत्रियों, विधायकों सहित पार्टी कार्यकर्ताओं और प्रशंसकों का आना शुरू हो गया है। जहां पर बैठने की व्यवस्था की गई है, वहां मेटल डिटेक्टर से चेकिंग की जा रही है। समारोह स्थल पर नवजोत सिंह सिद्धू के बैनर और बड़े-बड़े पोस्टर लगाए गए हैं। पानीपत से कांग्रेस समर्थक विनोद कुमार पहुंचे। पंजाब के मंत्री राणा गुरमीत सिंह सोढी भी पहुंच चुके हैं।
इस समारोह में पंजाब कांग्रेस के नवनियुक्त चार कार्यकारी अध्यक्ष भी कार्यभार संभालेंगे। उनको नवनियुक्त कार्यकारी अध्यक्षों व पार्टी नेताओं ने समारोह में शामिल होने का न्यौता दिया। पहले मुख्यमंत्री के मीडिया सलाहकार रवीन ठुकराल और फिर कैप्टन अमरिंदर ने समारोह में शामिल होने की पुष्टि कर दी। समारोह में शामिल होने के लिए कांग्रेस के पंजाब प्रभारी हरीश रावत भी चंडीगढ़ पहुंच गए हैं।