चंडीगढ़ कांग्रेस की प्रदेश कार्यकारिणी के लिए राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी की मंजूरी, देर शाम तक होगी घोषणा

चंडीगढ़ कांग्रेस की प्रदेश कार्यकारिणी को पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी ने मंजूरी दे दी है। ऐसे में कयास लगाए जा रहे हैं कि अब आज देर शाम तक कार्यकारिणी के सदस्यों की घोषणा की जा सकती है।

By Ankesh ThakurEdited By: Publish:Sat, 31 Jul 2021 04:55 PM (IST) Updated:Sat, 31 Jul 2021 04:55 PM (IST)
चंडीगढ़ कांग्रेस की प्रदेश कार्यकारिणी के लिए राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी की मंजूरी, देर शाम तक होगी घोषणा
कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी। (फाइल फोटो)

राजेश ढल्ल, चंडीगढ़। चंडीगढ़ कांग्रेस पार्टी के लिए खुशखबरी है कि पिछले पांच माह से जिस पल का इंतजार किया जा रहा था वह पूरा होने वाला है। कांग्रेस की प्रदेश कार्यकारिणी का गठन जल्द ही होने वाला है। शाम छह बजे तक पदाधिकारियों की घोषणा हो जाएगी। कार्यकारिणी के लिए भेजे गए नामों पर पार्टी राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी ने मंजूरी दे दी है। इसके बाद अब जल्द ही कार्यकारिणी घोषित हो जाएगी। इससे पता चल जाएगा कि किसे प्रदेश कार्यकारिणी में जगह मिली है और किस का नाम कटा है।

प्रदेश कार्यकारिणी में उपाध्यक्ष, महासचिव,सचिव के अलावा संगठन सचिव और प्रदेश कार्यकारिणी के सदस्य बनाए जाएंगे। प्रदेश कार्यकारिणी घोषित होते हुए यह कांग्रेस का नया चेहरा भी सामने आ जाएगा, जिन पर संगठन को मजबूत करने के अलावा दिसंबर में होने वाले नगर निगम चुनाव में पार्टी को जीत दिलवाने की जिम्मेदारी होगी। पांच माह पहले ही कांग्रेस ने प्रदीप छाबड़ा को अध्यक्ष पद से हटाकर सुभाष चावला को बनाया था। इस समय भाजपा हर दिन अपने संगठन को मजबूत करते हुए नए पदाधिकारी घोषित कर रही है। 

प्रदेश कार्यकारिणी की सूची पर राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी ने अपनी मंजूरी दे दी है। कांग्रेस अध्यक्ष सुभाष चावला का कहना है कि किसी भी समय लिस्ट सामने आ सकती है। मालूम हो कि कांग्रेस की नई प्रदेश कार्यकारिणी का गठन अध्यक्ष सुभाष चावला ने पूर्व केंद्रीय मंत्री पवन बंसल से सहमति करके ही नाम तय किए हैं। जिसमें महिलाओं और एससी वर्ग के नेताओं को भी जिम्मेदारी दी गई है। इस समय कांग्रेस ने भाजपा के खिलाफ महंगाई और पानी के रेट पर मोर्चा खोला हुआ है। कांग्रेस के प्रदेश कार्यकारिणी की सूची सामने आने के बाद नेताओं की नाराजगी भी सामने आएगी क्योंकि कई नेताओं को जगह नहीं मिलने वाली है जबकि कुछ नेताओं ने प्रमोशन की उम्मीद रखी थी। इस समय पहले से कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष प्रदीप छाबड़ा ने वर्तमान अध्यक्ष सुभाष चावला के खिलाफ मोर्चा खोला हुआ है।

सूत्रों का कहना है कि प्रदेश कार्यकारिणी में छाबड़ा गुट के  नेताओं को शामिल नहीं किया गया है। प्रदेश कार्यकारिणी के बाद जिला कार्यकारिणी का गठन अगले सप्ताह किया जाएगा। जब से चावला अध्यक्ष बने हैं तब से सिर्फ प्रवक्ताओं के अलावा जिला अध्यक्षों की ही घोषणा हुई है।

chat bot
आपका साथी