श्री गुरु नानक देव जी प्रकाशोत्सव पर चंडीगढ़ में निकाला नगर कीर्तन, स्कूली बच्चों को नहीं किया शामिल

चंडीगढ़ में गुरु नानक देव जी के प्रकाशोत्सव पर शनिवार को नगर कीर्तन निकाला गया। यह पहला मौका था कि इस बार नगर कीर्तन में शहर के स्कूली बच्चों को शामिल नहीं किया गया था। कोरोना महामारी के कारण यह फैसला लिया गया था।

By Ankesh KumarEdited By: Publish:Sat, 28 Nov 2020 02:23 PM (IST) Updated:Sat, 28 Nov 2020 02:23 PM (IST)
श्री गुरु नानक देव जी प्रकाशोत्सव पर चंडीगढ़ में निकाला नगर कीर्तन, स्कूली बच्चों को नहीं किया शामिल
चंडीगढ़ में निकाले गए नगर कीर्तन की अगुआई करते पांच प्यारे।

चंडीगढ़, जेएनएन। श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाशोत्सव पर निकाला गया नगर कीर्तन पहली बार स्कूली बच्चों के बिना शुरू हुआ। कोविड-19 के चलते शहर के विभिन्न गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटियों ने स्कूली बच्चों को नगर कीर्तन में शामिल होने से इंकार कर दिया था। वहीं गत्तका पार्टियों के जोश में भी कमी देखने को मिली।

इस बार नगर कीर्तन में मुश्किल से पांच गत्तका पार्टियां पहुंची थीं। उल्लेखनीय है कि हर साल निकलने वाले नगर कीर्तन में पांच हजार के करीब स्कूली स्टूडेंट्स के साथ 50 से 70 के करीब गत्तका टीमें शामिल होती थीं। कोरोना संक्रमण से सुरक्षा के चलते नगर कीर्तन में मास्क और सेनिटाइजर की भी व्यवस्था थी। गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी दो हजार कपड़े के मास्क और डेढ़ हजार के करीब सेनिटाइजर नगर कीर्तन के दौरान जरूरतमंदों लोगों को बांटे।  

टू व्हीलर और फोर व्हीलर दिखे लेकिन संगत की कमी

हर साल निकलने वाले नगर कीर्तन में जहां पर हजारों लाेग शामिल होते थे वहीं इस बार नगर कीर्तन में सौ से डेढ़ सौ के करीब ही संगत पहुंची। उल्लेखनीय है कि शहर की प्रबंधक कमेटियों ने नगर कीर्तन में ज्यादा संगत जुटने से इंकार कर दिया था। शनिवार को निकाले गए नगर कीर्तन में टू व्हीलर और फोर व्हीलर की संख्या पांच सौ के करीब थी। वहीं पैदल चलने वाली संगत की कमी रही। 

सेक्टर-15 गुरु तेग बहादुर गुरुद्वारा में होगा नगर कीर्तन का समापन

सेक्टर-19 से शुरू हुआ नगर कीर्तन शहर के विभिन्न सेक्टरों से होते हए रात आठ बजे सेक्टर-15 स्थित गुरु तेग बहादुर गुरुद्वारा में खत्म होगा। सेक्टर-19 गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के प्रेसिडेंट तेजिंदर सिंह ने बताया कि हमारा प्रयास फिजिकल डिस्टेसिंग कायम रखना था, जिसके कारण इस बार ज्यादा संगत नगर कीर्तन में शामिल नहीं हो सकी है। सोमवार को होने वाले प्रकाशोत्सव के मौके पर भी संगत से अपील है कि वह कोविड-19 नियमों का पालन करते हुए गुरुद्वारा में आएं।

chat bot
आपका साथी