मोहाली नगर कौंसिल चुनावः जीरकपुर में प्ले ग्राउंड न होने से सड़क पर खेल रहे बच्चे, क्राइम ग्राफ भी बढ़ा

मोहाली के जीरकपुर में नगर कौंसिल चुनाव को लेकर सियासत जोरों पर है। कई जगह वार्डबंदी को लेकर नेता नाराजगी जता रहे हैं। वार्ड नंबर 28 में भी बदलाव है। यहां कुछ नए मोहल्ले जुड़े हैं जबकि कई हट भी गए हैं।

By Vikas_KumarEdited By: Publish:Sat, 23 Jan 2021 02:56 PM (IST) Updated:Sat, 23 Jan 2021 02:56 PM (IST)
मोहाली नगर कौंसिल चुनावः जीरकपुर में प्ले ग्राउंड न होने से सड़क पर खेल रहे बच्चे, क्राइम ग्राफ भी बढ़ा
जीरकपुर के वार्ड नं. 28 में विक्टोरिया एन्क्लेव तथा पबात का कुछ हिस्सा आता है।

जीरकपुर, जेएनएन। नगर कौंसिल चुनाव को लेकर सरगर्मियां बढ़ गई हैं। कई जगह वार्डबंदी को लेकर नेता नाराजगी जता रहे हैं। वार्ड नंबर 28 में भी बदलाव है। यहां कुछ नए मोहल्ले जुड़े हैं, जबकि कई हट भी गए हैं। आइए जानते हैं इस वार्ड की प्रमुख समस्याएं और यहां के लोगों की मांगें।

वार्ड नं. 28 में विक्टोरिया एन्क्लेव तथा पबात का कुछ हिस्सा आता है। पहले मन्नत एन्क्लेव और खुशहाल एन्क्लेव भी इसी वार्ड का हिस्सा था। इस वार्ड के लोगों की प्रमुख मांग है कि यहां बच्चों के खेलने के लिए प्ले ग्राउंड होना चाहिए। इस वार्ड में पबात में एक पार्क को छोड़कर अन्य जगह कोई प्ले ग्राउंड नहीं है। अतिक्रमण भी वार्ड की प्रमुख समस्या है। दुकानदार सड़कों पर बेतरतीब वाहन खड़े करते हैं और सामान लगाते हैं, लेकिन नगर कौंसिल की टीम इन पर कार्रवाई नहीं करती। क्षेत्र में क्राइम का ग्राफ भी बढ़ रहा है। ऐसे में लोगों की मांग है कि यहां पुलिस बीट बाक्स बनाया जाना चाहिए। बारिश में सड़क पर जमा होता पानी भी समस्या है। इससे लोगों को आवाजाही में तो दिक्कत होती ही है साथ ही साथ बीमारियों के फैलने का भय भी बना रहता है।

दूषित पानी से लोग परेशान

वार्ड 28 के निवासी धरम सिंह का कहना है पानी उनके क्षेत्र की प्रमुख समस्या है। नल पर आने वाला पानी अक्सर दूषित होता है। कई बार तो नल से काला पानी आता है। कई बार नगर कौंसिल में शिकायत की, लेकिन ठोस हल नहीं निकलता। इसके अलावा बरसात में सड़कों में पानी जमा हो जाता है, जिससे आवाजाही में दिक्कत आती है। उन्होंने कहा कि गलियों में स्पीड ब्रेकर भी नहीं हैं, जिससे अक्सर दुर्घटनाएं होती हैं।

पार्क न होने के कारण बच्चे सड़क पर खेलने को मजबूर

वार्ड निवासी अमित छावड़ा का कहना है कि प्ले ग्राउंड का न होना सबसे बड़ी समस्या है। प्ले ग्राउंड न होने से बच्चों और बुजुर्गों को दिक्कत होती है। बच्चे सड़कों पर खेलने के लिए मजबूर होते हैं। वहीं, पास ही सड़क पर खेल रहे बच्चे लवकुश ने भी कहा कि उन्हें पार्क न होने के कारण सड़क पर खेलना पड़ रहा है। कई बार तो बच्चे वाहन की टक्कर से बाल-बाल बचते हैं।

बढ़ रही चोरियां, पुलिस नहीं करती पेट्रोलिंग 

विक्टोरिया एन्क्लेव के दविंदर सिंह ने कहा कि इस बीच वार्ड में क्राइम का ग्राफ बढ़ा है। चोरियांं होना यहांं आम हो गया है। पुलिस की पेट्रोलिंग न होने व पुलिस बीट बाक्स न होने के कारण लोग अपनी बात को समय पर पहुंचा नहीं पाते। पुलिस में काल करने पर भी कई बार उनकी बात को नहीं सुना जाता। उन्होंने वार्ड में पुलिस बाक्स खोलने की मांग की।

क्या कहते हैं पार्षद नछत्तर सिंह

शिअद पार्षद नछत्तर सिंह का कहना है कि पिछले दो वर्षों से अफसर सहयोग नहीं कर रहे। इससे कारण विकास कार्यों को करवाने में दिक्कत आ रही है। हालांकि उनका कहना है कि उनके प्रयासों से ड्रेनेज समस्या का हल हुआ है। उन्होंने क्षेत्र में ड्रेनेज सिस्टम को बेहतर किया है। यहां तक कुछ अवैध कालोनियों में भी उन्होंने बुनियादी सुविधाएं मुहैया कराई हैं। बढ़ते क्राइम पर उन्होंने कहा कि पुलिस बीट बाक्स के लिए उन्होंने मांग की है। इस दौरान वह वार्डबंदी से नाखुश नजर आए।

chat bot
आपका साथी