किसानों के हित को मोदी सरकार ने सदा सर्वोपरि माना : गौतम

कांग्रेस की सरकार होने पर 15 मिनट में चीन को खदेड़ने का दावा कर रहे हैं।

By JagranEdited By: Publish:Wed, 02 Dec 2020 07:49 AM (IST) Updated:Wed, 02 Dec 2020 07:49 AM (IST)
किसानों के हित को मोदी सरकार ने सदा सर्वोपरि माना : गौतम
किसानों के हित को मोदी सरकार ने सदा सर्वोपरि माना : गौतम

जागरण संवाददता, चंडीगढ़ : प्रभारी बनने के बाद चंडीगढ़ भाजपा कार्यालय पहुंचे सांसद दुष्यंत गौतम ने कहा कि राहुल गांधी इस समय कांग्रेस की सरकार होने पर 15 मिनट में चीन को खदेड़ने का दावा कर रहे हैं। लेकिन हकीकत तो यह है कि कांग्रेस के कार्यकाल में भारत की जमीन को चीन को सौंप दिया गया था। कांग्रेस के रहते चीन ने भारत के कई इलाकों पर कब्जा कर लिया था। लेकिन भाजपा सरकार ने चीन की इस विस्तारवाद नीति को मुंहतोड़ जवाब दिया है। यह बात सांसद दुष्यंत गौतम ने प्रेसवार्ता में कही। दुष्यंत गौतम की प्रेसवार्ता के बाद पार्टी कार्यालय में कार्यकर्ताओं की ओर से स्वागत किया गया। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार गरीबों, आर्थिक रूप से कमजोर, दलितों, पिछड़ों और किसानों की हितैषी है। किसानों के हित को मोदी सरकार ने सदा सर्वोपरि माना है। उनकी आय में बढ़ोतरी और उनके आर्थिक शोषण की रोकथाम के लिए सरकार निरंतर प्रयासरत है। प्रेसवार्ता में उनके साथ पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अरुण सूद, हिमाचल प्रदेश के सह प्रभारी संजय टंडन, महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्षा वानती श्रीनिवासन भी उपस्थित रहीं। इस मौके पर गौतम ने दावा किया कि अगले साल होने वाले चंडीगढ़ नगर निगम चुनाव में भाजपा का परिणाम 100 फीसद रहेगा। लाभार्थियों को बिचौलियों और उनके शोषण को खत्म करने के लिए मोदी सरकार ने लाभ की सीधी राशि सीधे तौर पर लाभार्थियों के बैंक खाते में पहुंचाकर बिचौलियों की दुकान को ताला लगाया। किसी भी समस्या का हल आपसी बातचीत से ही संभव हो सकता है। गत दिवसों में किसान यूनियनों से हुई वार्ता का ही परिणाम है कि सकारात्मक पहल पर देश में विभिन्न रेल यात्रा को शुरू किया गया। देश की 85 फीसद जनता पीएम नरेंद्र मोदी के साथ है और ऐसे में कुछ दल अपनी राजनीतिक रोटियां सेंकने के लिए मोदी सरकार द्वारा किसानों के हित के लिए पारित बिल पर उन्हें गुमराह करने की नापाक कोशिश कर रही है। गौतम ने कहा कि आज पूरी दुनिया भारत को देख रही है। चीन के बाद भारत दूसरा देश है, जोकि पूरी दुनिया को कोरोना काल में पीपीई किट भेज रहा है। जब जीएसटी आया था, तब भी विरोधियों की ओर से रोष प्रकट किया गया। लेकिन बाद में इसके फायदे दिखे, इसी तरह से पास हुए कृषि अध्यादेश का फायदा किसानों को जल्द दिखना शुरू हो जाएगा। गठबंधन तोड़ना अकाली दल की राजनीतिक विवशता

अकाली दल के गठबंधन पर उन्होंने अपनी बात रखते हुए कहा कि अभी तक जब वो गठबंधन में थे तो सभी नीतियों का उन्होंने समर्थन किया। लेकिन इस बिल पर लगता है कि उनकी कोई राजनीतिक विवशता ही रही है, जिस कारण उन्होंने स्वयं गठबंधन तोड़ा। उन्होंने दावा करते हुए कहा कि पंजाब में अगली सरकार भाजपा की ही बनेगी और इतना ही नहीं चंडीगढ़ नगर निगम में भी पार्टी सभी वार्डो में जीत दर्ज करेगी।

chat bot
आपका साथी