तीन राज्यों में चुनाव के कारण मंत्रियों को मिली राहत, कैबिनेट में फेरबदल टला

पंजाब के कैप्‍टन अमरिंदर सिंह कैबिनेट में फेरबदल लोकसभा चुनाव तक टल गया है। इससे खतरे में पड़े पांच म‍ंत्रियों को फिलहाल राहत मिल गई है।

By Sunil Kumar JhaEdited By: Publish:Fri, 16 Nov 2018 09:11 AM (IST) Updated:Fri, 16 Nov 2018 09:11 AM (IST)
तीन राज्यों में चुनाव के कारण मंत्रियों को मिली राहत, कैबिनेट में फेरबदल टला
तीन राज्यों में चुनाव के कारण मंत्रियों को मिली राहत, कैबिनेट में फेरबदल टला

चंडीगढ़, [कैलाश नाथ]। पंजाब में कैप्‍टन अमरिंदर सिंह कैबिनेट में फेरबदल टल गया है। तीन राज्यों के विधानसभा और आगामी लोकसभा चुनाव तक कैबिनेट में बदलाव नहीं होगा और इससे राज्‍य के पांच मंत्रियों को फिलहाल राहत मिल गई है। कांग्रेस अभी पूरी तरह इलेक्शन मोड में है, इसलिए वह पंजाब में कोई नया फ्रंट नहीं खोलना चाहती है।

राजस्थान चुनाव के बाद ही नियुक्‍त होंगे बोर्डों व निगमों के चेयरमैन

पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी के साथ मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह की बैठक में कई मुद्दों पर गंभीर चर्चा हुई। राहुल ने मुख्यमंत्री को नियमानुसार बोर्ड-कारपोरेशन में चेयरमैन लगाने को लेकर हरी झंडी दे दी है, लेकिन राजस्थान चुनाव के बाद ही चेयरमैन लगाए जा सकेंगे।

जानकारी के अनुसार, राहुल गांधी के साथ कैप्‍टन अमरिंदर सिंह की बैठक दो चरणों में हुई। संगठन को लेकर हुई बैठक के दौरान राहुल गांधी, कैप्टन अमरिंदर सिंह, सुनील जाखड़, अशोक गहलोत और हरीश चौधरी मौजूद थे। इस दौरान तीन राज्यों राजस्थान, मध्य प्रदेश व छत्तीसगढ़ में हो रहे चुनाव को लेकर चर्चा हुई।

बाद में कैप्टन और राहुल के बीच वन-टू-वन बैठक हुई। मुख्यमंत्री ने राहुल गांधी के सामने बोर्डों व निगमों के चेयरमैन की नियुक्ति का भी मुद्दा उठाया। सूत्र बताते हैं कि राहुल ने चेयरमैन नियुक्‍त किए जाने से पहले इसके लिए पूरी प्रक्रिया तय करने को कहा। इसके बाद नियमानुसार चेयरमैन लगाने के निर्देश दिए।

राहुल ने स्पष्ट किया कि चेयरमैन को लेकर संगठन में किसी भी प्रकार का भ्रम नहीं रहना चाहिए। पार्टी के नेताओं को भी भरोसे में लिया जाना चाहिए। चेयरमैन राजस्थान चुनाव से पहले नहीं लग पाएंगे क्योंकि इसके लिए अशोक गहलोत की सहमति जरूरी है। बैठक के दौरान जब चेयरमैन को लेकर बात उठी तो राहुल ने गहलोत की तरफ देखा। गहलोत ने कहा कि राजस्थान चुनाव तक वह व्यस्त हैं। अत: अभी टाइम नहीं दे सकते। पंजाब में कैबिनेट विस्तार के बाद जब पार्टी में विवाद चल रहा था तब नाराज विधायकों ने राहुल गांधी से संपर्क किया था। राहुल ने गहलोत की ड्यूटी लगाई थी।

जानकारी के अनुसार बैठक में मुख्यमंत्री ने मंत्रिमंडल में बदलाव व मंत्रियों की कार्यप्रणाली पर भी चर्चा की। तीन राज्यों के विधानसभा व अगले वर्ष होने वाले लोकसभा चुनाव को देखते हुए फिलहाल इसे टाल दिया गया है। पंजाब के पांच मंत्री ऐसे हैं जिनके विभागों की कार्यप्रणाली को लेकर मुख्यमंत्री संतुष्ट नहीं हैं। कुछेक मंत्रियों की शिकायतें भी आ रही है। इसके बाद से ही यह चर्चा गरम है कि मुख्यमंत्री मंत्रिमंडल में बदलाव चाहते हैं। मंत्रिमंडल में बदलाव तो होगा, लेकिन अब लोकसभा चुनाव के बाद।

राजस्थान चुनाव में नेताओं की ड्यूटी लगाने के निर्देश

बैठक के दौरान राहुल ने मुख्यमंत्री और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सुनील जाखड़ को निर्देश दिए कि राजस्थान चुनाव में पंजाब को अहम भूमिका निभानी है। अत: वह पंजाब के नेताओं व कार्यकर्ताओं की ड्यूटियां लगाएं।

chat bot
आपका साथी