मोहाली फोर्टिस में भर्ती मिल्खा सिंह की पत्नी निर्मल कौर की हालत में सुधार, Flying Sikh का स्वास्थ्य भी बेहतर

उड़नसिख मिल्खा सिंह और उनकी पत्नी निर्मल कौर के स्वास्थ्य में लगातार सुधार हो रहा है। मोहाली के फोर्टिस अस्पताल में भर्ती निर्मल कौर को लगातार मेडिकल ऑक्सीजन की जरूरत पड़ रही थी लेकिन अब वह पहले से ज्यादा बेहतर हैं। वहीं मिल्खा सिंह के सभी मेडिकल पैरामिटर सामान्य हैं।

By Ankesh ThakurEdited By: Publish:Sun, 13 Jun 2021 03:38 PM (IST) Updated:Sun, 13 Jun 2021 03:38 PM (IST)
मोहाली फोर्टिस में भर्ती मिल्खा सिंह की पत्नी निर्मल कौर की हालत में सुधार, Flying Sikh का स्वास्थ्य भी बेहतर
फ्लाइंग सिख मिल्खा सिंह और उनकी पत्नी निर्मल कौर। (फाइल फोटो)

चंडीगढ़, जेएनएन। पूर्व वॉलीबाल खिलाड़ी व पद्मश्री मिल्खा सिंह की पत्नी निर्मल कौर की हालत में लगातार सुधार देखने को मिल रहा है। निर्मल कौर अभी मोहाली के फोर्टिस अस्पताल में भर्ती हैं और सीनियर डॉक्टरों की टीम उनकी सेहत पर लगातार नजर बनाए हुए है। डॉक्टरों की माने तो उन्हें अभी कम मेडिकल ऑक्सीजन की जरूरत महसूस हो रही है। वह तेजी से रिकवर कर रही हैं। वहीं, पीजीआइ चंडीगढ़ में भर्ती मिल्खा सिंह की सेहत पहले से काफी ज्यादा बेहतर है। उनके सभी मेडिकल पैरामीटर बिल्कुल सामान्य हैं। हालांकि अभी उन्हें कोविड वार्ड के आइसीयू में ही रखा गया है। 

बता दें  मिल्खा सिंह के पॉजिटिव होने के बाद उनके पूरे परिवार का भी कोविड टेस्ट करवाया गया था। जिसमें उनके दो घरेलू सहायक भी संक्रमित पाए गए थे, जबकि उनकी पत्नी निर्मल कौर , बहू कुदरत और पोते हरजय मिल्खा सिंह की रिपोर्ट निगेटिव आई थी, लेकिन ठीक हफ्ते बाद निर्मल कौर की तबीयत बिगड़ने लगी और जब उन्होंने अपना कोरोना टेस्ट दोबारा करवाया, तो वह 26 मई को कोरोना पॉजिटिव निकली। इसके बाद से वह कोविड -19 से जूझ रही है।

15 जून को मिल्खा सिंह का दोबारा होगा कोरोना टेस्ट

पीजीआइ में भर्ती उड़न सिख पद्मश्री मिल्खा सिंह की हालत में भी लगातार सुधार हो रहा है। अभी वह अभी अस्पताल के आइसीयू वार्ड में एडमिट हैं। मिल्खा सिंह के बेटे जीव मिल्खा सिंह ने बताया कि मिल्खा सिंह तेजी से रिकवर कर रहे हैं। सीनियर डॉक्टरों की टीम में उनकी निगरानी कर रही है। उनके सभी मेडिकल पैरामीटर सामान्य हैं। वह खुद को काफी स्वस्थ महसूस कर रहे हैं, वह अच्छी डाइट ले रहे हैं। अभी 15 जून को उनका दोबारा कोरोना टेस्ट किया जाएगा, अगर उनकी रिपोर्ट नेगटिव आई तो आइसीयू वार्ड से शिफ्ट कर दिया जाएगा।

तीन जून से पीजीआइ में भर्ती हैं मिल्खा सिंह

बता दें मिल्खा सिंह की 17 मई को कोरोना रिपोर्ट पॉजटिव आई थी। तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें मोहाली के फोर्टिस अस्पताल में भर्ती करवाया गया था, जहां कोरोना की रिपोर्ट नेगटिव आने के बाद  31 मई को उन्हें अस्पताल से छुट्टी मिल गई थी। इसके बाद वह सेक्टर -8 स्थित अपने घर में कोविड प्रोटोकॉल का पालन करते हुए आराम कर रहे थे अचानक तीन जून को अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई और  ऑक्सीजन लेवल गिरने के बाद उन्हें पीजीआइ में भर्ती करवाया गया। इसके बाद पीजीआइ के कोविड अस्पताल में उनका इलाज तीन सीनियर डॉक्टरों की निगरानी में चल रहा है। मिल्खा सिंह के बेटे जीव मिल्खा सिंह ने लोगों को उनकी प्रार्थनाओं के लिए धन्यवाद किया है।

chat bot
आपका साथी