Milkha Singh Health Update: पीजीआइ में भर्ती उड़न सिख मिल्खा सिंह की हालत बिगड़ी, ऑक्सीजन स्तर 56 तक पहुंचा
Milkha Singh Health Update पीजीआइ चंडीगढ़ (PGI Chandigarh) में भर्ती उड़न सिख पद्मश्री मिल्खा सिंह की हालत शुक्रवार को खराब हो गई है। पीजीआइ सूत्रों के अनुसार उन्हें बुखार है और वे रिकवरी के लिए संघर्ष कर रहे हैं।
चंडीगढ़, जेएनएन। Milkha Singh Health Update: पीजीआइ चंडीगढ़ (PGI Chandigarh) में भर्ती उड़न सिख पद्मश्री मिल्खा सिंह की हालत फिर खराब हो गई है। उनके स्वास्थ्य के बारे में जानकारी देते हुए पीजीआइ प्रबंधन ने कहा कि उनका ऑक्सीजन स्तर गिर गया है। उन्हें बुखार भी आ गया है। वह स्वस्थ होने के लिए संघर्ष कर रहे हैं। डॉक्टरों के मुताबिक उड़न सिख मिल्खा सिंह का ऑक्सीजन लेवल 56 तक पहुंच गया है।
अभी भी सीनियर डॉक्टरों की टीम उनके स्वास्थ्य पर नजर बनाए हुए है। मिल्खा सिंह शरीरिक रूप से काफी कमजोर हो गए हैं। बता दें मिल्खा सिंह की 17 मई को कोरोना रिपोर्ट पॉजटिव आई थी। तबीयत बिगड़ने के बाद पहले उन्हें मोहाली के फोर्टिस अस्पताल में भर्ती करवाया गया था। इलाज के बाद उनके स्वास्थ्य में सुधार होने के चलते और कोरोना रिपोर्ट नेगटिव आने के बाद 31 मई को उन्हें अस्पताल से छुट्टी मिल गई थी। इसके बाद वह सेक्टर -8 स्थित अपने घर में कोविड प्रोटोकॉल का पालन करते हुए आराम कर रहे थे।
तीन जून को अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई और ऑक्सीजन लेवल गिरने के बाद उन्हें पीजीआइ में भर्ती करवाया गया था। इसके बाद पहले पीजीआइ के कोविड अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था। पहले आठ जून को जब उनका कोविड टेस्ट करवाया गया तो उनकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई, लेकिन जब 16 जून को दोबारा उनका कोविड टेस्ट करवाया गया तो उनकी रिपोर्ट नेगटिव आई। अभी वह मेडिकल आइसीयू में हैं। बता दें कि उनकी पत्नी निर्मल कौर का बीते सप्ताह मोहाली के फोर्टिस अस्पताल में कोरोना के कारण निधन हो गया था।