बिस्मिल्लाह खां की दत्तक पुत्री पद्मश्री डॉ. सोमा घोष की चंडीगढ़ में लाइव प्रस्तुति, शाम छह बजे पहुंचे पंजाब कला भवन

चंडीगढ़ में आज उस्ताद भारत रत्न बिस्मिल्लाह खां की दत्तक पुत्री व मशहूर गायिका पद्मश्री डॉ. सोमा घोष लाइव प्रस्तुति देंगी। सेक्टर-16 स्थित पंजाब कला भवन में आज शाम 6 बजे शाम-ए बनारस (सीज़न-2) का आयोजन किया जा रहा है।

By Ankesh ThakurEdited By: Publish:Fri, 24 Sep 2021 01:21 PM (IST) Updated:Fri, 24 Sep 2021 01:21 PM (IST)
बिस्मिल्लाह खां की दत्तक पुत्री पद्मश्री डॉ. सोमा घोष की चंडीगढ़ में लाइव प्रस्तुति, शाम छह बजे पहुंचे पंजाब कला भवन
पंजाब कला भवन में यह कार्यक्रम शाम छह बजे शुरू होगा।

जागरण संवाददाता, चंडीगढ़। शहर में संगीत के दीवानों के लिए आज खास कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। भारतीय संस्कृति और कला को बढ़ावा देने व चंडीगढ़ निवासियों को संगीत में सराबोर करने के लिए सेक्टर-16 स्थित पंजाब कला भवन में आज शाम 6 बजे शाम-ए बनारस (सीज़न-2) का आयोजन किया जा रहा है। यह कार्यक्रम शारदा ग्लोबल इवेंट व प्राचीन कला केंद्र के तत्वधान में आयोजित करवाया जा रहा है।

शारदा ग्लोबल के रीज़नल डायरेक्टर राकेश कुमार शर्मा ने बताया कि इस कार्यक्रम में शहनाई के उस्ताद भारत रत्न बिस्मिल्लाह खां की दत्तक पुत्री व मशहूर गायिका पद्मश्री डॉ. सोमा घोष लाइव प्रस्तुति देंगी। डॉ. सोमा घोष ने संगीत के परंपरा अनुसार चैती, कजरी, टप्पा, ठुमरी, दादरा के अलावा गजल गायकी में भी ख्याति प्राप्त की है। घोष पहली ऐसी भारतीय गायिका हैं जिन्हें संसद भवन में कार्यक्रम प्रस्तुत करने का अवसर मिल चुका है और भारत सरकार ने कला के क्षेत्र में इनके योगदान को देखते हुए पद्मश्री से सम्मानित किया है।

राकेश शर्मा ने बताया कि इसके अलावा कार्यक्रम में बनारस घराने के मशहूर तबला वादक सिद्धार्थ मिश्रा व कृष्ण उपाध्याय, हारमोनियम वादक पंकज मिश्रा, सितार वादक अमरेंद्र मिश्रा, प्रियंका पाठक, हेमंत सिंह और बांसुरी वादक प्रांजल सिंह आदि कलाकारों को आमंत्रित किया गया है। इस दौरान बनारस घराना द्वारा बनारसिया क्लासिकल फ्यूजन बैंड की प्रस्तुति भी की जाएगी। 

उन्होंने बताया कि ये कार्यक्रम पदम् विभूषण पंडित किशन महाराज की 98वीं जयंती को समर्पित रहेगा।राकेश शर्मा ने बताया कि इस कार्यक्रम में मुख्यातिथि के रूप में पंजाब विधानसभा अध्यक्ष राणा केपी सिंह की गरिमामय उपस्थिति रहेगी। इसके अतिरिक्त सम्मानित अतिथिग चण्डीगढ़ के डीजीपी प्रवीर रंजन, स्पैशल होम सेक्रेटरी विनोद पी कावले के साथ स्पेशल गेस्ट के रूप में प्राचीन कला केंद्र की संस्थापक डा. शोभा कौसर, आचार्य कुल चंडीगढ़ के चेयरमैन केके शारदा, सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया के फील्ड जनरल मैनेजर वीवी नटराजन, एक्सइएएम वैंचर्स प्राइवेट लि. के सीएमडी एवं सीआइआइ नार्दर्न रीजन चंडीगढ़ के वाइस चेयरमैन दीपक कंसल, मैक्सस जीरकपुर के एमडी विवेक सिंगला, चंंडीगढ़ प्रेस क्लब के अध्यक्ष नलिन आचार्य एवं इंडस्ट्रियल पावर कंट्रोल के एमडी ठाकुर ओंकार सिंह भी अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। इस विशाल कार्यक्रम की सारी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। समारोह के दौरान सभी सम्माननीय अतिथियों को सम्मानित भी किया जाएगा।

chat bot
आपका साथी