केजरीवाल का निर्देश- छाबड़ा, चंद्रमुखी और गर्ग भी लड़े चुनाव

आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविद केजरीवाल ने चंडीगढ़ के स्थानीय नेताओं को भी निर्देश दिए हैं कि वह नगर निगम चुनाव में खुद भी चुनाव लड़ें।

By JagranEdited By: Publish:Tue, 30 Nov 2021 07:41 PM (IST) Updated:Tue, 30 Nov 2021 08:53 PM (IST)
केजरीवाल का निर्देश- छाबड़ा, चंद्रमुखी और गर्ग भी लड़े चुनाव
केजरीवाल का निर्देश- छाबड़ा, चंद्रमुखी और गर्ग भी लड़े चुनाव

जासं, चंडीगढ़ : आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविद केजरीवाल ने चंडीगढ़ के स्थानीय नेताओं को भी निर्देश दिए हैं कि वह नगर निगम चुनाव में खुद भी चुनाव लड़ें। आप के स्थानीय संयोजक प्रेम गर्ग,निगम इलेक्शन इंचार्ज चंद्रमुखी शर्मा, राष्ट्रीय सह प्रभारी प्रदीप छाबड़ा को अब पार्टी चुनाव मैदान में उतार सकती है। केजरीवाल ने यह निर्देश खुद इन स्थानीय नेताओं को फोन कर दिया है।

असल में आम आदमी पार्टी अपने सीनियर नेताओं को मैदान में उतारकर अपनी मजबूती शहर में साबित करना चाहती है। जबकि इन नेताओं के चुनाव में उतरने की खबर के बाद पार्टी में यह आवाज उठ रही है कि पूर्व केंद्रीय मंत्री हरमोहन धवन के बेटे विक्रम धवन को भी चुनावी मैदान में उतारा जाए। पार्टी का मानना है कि आम आदमी पार्टी में चुनाव जीतने वाले अधिकतर नए चेहरे ही होंगे जिन्हें सदन को चलाना और राजनीति की जानकारी नहीं होगी ऐसे में अगर पार्टी के सीनियर नेता भी चुनाव जीतकर सदन में जाते हैं तो यह अन्य पार्षदों को भी कंट्रोल करेंगे। मालूम हो कि इससे पहले डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया भी उक्त नेताओं को चुनावी मैदान में उतरने के लिए कह चुके हैं, लेकिन पहले यह नेता खुद चुनाव न लड़कर दूसरे लोगों के प्रचार करके जीताने की बात कह चुके हैं। मालूम हो कि आप के सह प्रभारी नगर निगम के मेयर और तीन बार पार्षद रह चुके हैं जबकि चुनाव प्रचार कमेटी के चेयरमैन चंद्रमुखी शर्मा भी दो बार पार्षद रह चुके हैं। इन दोनों को नगर निगम की अच्छी तरह से जानकारी है। साल 2016 के नगर निगम चुनाव में प्रदीप छाबड़ा कांग्रेस के अध्यक्ष थे उस समय उनकी पत्नी ने सेक्टर-22 की सीट से चुनाव लड़ा था, लेकिन वह चुनाव हार गई थी। यह सीट छाबड़ा की पैतृक सीट है जहां से वह तीन बार पार्षद रह चुके हैं। ऐसे में अब छाबड़ा, चंद्रमुखी शर्मा और गर्ग के मैदान में उतरने से यह चुनाव काफी रोमांचक हो जाएगा। हर किसी की इन सीटों पर नजर रहेगी। अभी तक आम आदमी पार्टी ने सेक्टर-22 की सीट से उम्मीदवार तय नहीं किया है।

प्रत्याशियों की घोषणा के बाद पार्टी में कलह, सेक्टर-25 में हुआ प्रदर्शन

आम आदमी पार्टी ने सोमवार रात बवाल से बचने के लिए 26 उम्मीदवारों की घोषणा की। लेकिन मंगलवार दोपहर को कई जगह कुछ नेताओं ने विरोध जाहिर किया। सेक्टर-25 में जोरा सिंह ने कुछ कार्यकर्ताओं के साथ प्रदर्शन किया। केजरीवाल के अलावा पूर्व केंद्रीय मंत्री हरमोहन धवन, प्रदीप छाबड़ा, प्रेम गर्ग और पार्टी प्रभारी जरनैल सिंह का पुतला जलाया। इस सीट से जोरा सिंह अपनी पत्नी के लिए टिकट मांग रहे थे। जबकि आप के उपाध्यक्ष योगेश्वर सोनी पहले से ही विरोध जाहिर कर रहे हैं। इसके साथ ही धनास सीट पर कुलदीप कुक्की को आप ने उम्मीदवार बनाया है। इस सीट पर अन्य दावेदार अनिल मदान ने विरोध जाहिर किया है। अनिल मदान का कहना है कि वह जल्द ही पार्टी से इस्तीफा देने जा रहे हैं। अनिल मदान का कहना है कि मेहनत करने वाले कार्यकर्ताओं की अनदेखी की जा रही है। नेताओं ने अपने चहेतों को टिकट दी है। जिसका परिणाम आप को परिणाम में मिल जाएगा। इसके साथ ही दूसरे वार्ड में भी दूसरे दावेदार नाराज है।

chat bot
आपका साथी