नशे की लत को पूरा करने के चक्कर में कबाड़ी का किया था कत्ल, आरोपित गिरफ्तार

मोहाली पुलिस ने एक ब्लाइंड कत्ल मामले को हल कर आरोपित गिरफ्तार किया है।

By JagranEdited By: Publish:Thu, 14 Oct 2021 11:40 PM (IST) Updated:Thu, 14 Oct 2021 11:40 PM (IST)
नशे की लत को पूरा करने के चक्कर में कबाड़ी का किया था कत्ल, आरोपित गिरफ्तार
नशे की लत को पूरा करने के चक्कर में कबाड़ी का किया था कत्ल, आरोपित गिरफ्तार

जागरण संवाददाता, नयागांव (मोहाली) : मोहाली पुलिस ने एक ब्लाइंड कत्ल मामले को हल कर आरोपित गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए आरोपित की पहचान मंगत सिंह उर्फ मंगा निवासी करतारपुर थाना मुल्लांपुर गरीबदास के रूप में हुई है। मंगत नशेड़ी किस्म का व्यक्ति है जिसने नशे की पूर्ति के लिए कबाड़ी जय प्रकाश का तेजधार हथियार से हमला कर कत्ल कर दिया था। मुल्लांपुर पुलिस ने मामले में पहले अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ 9 अक्टूबर को धारा 302 व 34 के तहत मामला दर्ज किया था, लेकिन मंगत के पकड़े जाने पर उसे एफआइआर नंबर-135 में नामजद कर लिया गया है। मंगत को खरड़ अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड हासिल किया गया है, ताकि आरोपित मंगत से वारदात में इस्तेमाल हुए हथियार को रिकवर किया जा सके।

लालच में आकर किया था कत्ल

पूछताछ में पता चला कि मंगत नशेड़ी है और उसने गांव माजरा सिसवा-कुराली रोड पर कबाड़ी की दुकान करने वाले जय प्रकाश प्रसाद की दुकान पर मोबाइल व दुकान में पड़ा अन्य सामान देखकर लालच आ गया था। उसने अपने नशे की लत को पूरा करने के लिए उसकी दुकान से सामान चोरी करने का प्लान बनाया, लेकिन सामान चोरी करते समय जय प्रकाश ने मंगत को रंगेहाथ पकड़ लिया। अपने आप को पकड़ा हुआ देखकर मंगत की जय प्रकाश से हाथापाई हो गई। हाथापाई के दौरान जय प्रकाश पर किए हमले के बाद वह बेहोश हो गया, लेकिन मंगत को डर था कि जय प्रकाश ने उसे पहचान लिया है जिस कारण वह पकड़ा जा सकता है। उसने अपनी पहचान छिपाने के चलते जय प्रकाश का कत्ल कर दिया और मौके से फरार हो गया।

भतीजे को आया फोन तो कत्ल का चला पता

मंगत के खिलाफ मृतक के भतीजे सोनू कुमार निवासी गांव भेरीहारी थाना आदापुर जिला पूर्वी चंपारन मोतीहारी बिहार के बयानों पर मामला दर्ज हुआ है। सोनू गांव सहौड़ा में कबाड़ की दुकान करता है और उसी में रहता है। उसने पुलिस को बताया था कि आठ अक्टूबर को उसे नगिदर कुमार गुप्ता ने फोन पर जानकारी दी कि उसके चाचा जय प्रकाश को किसी अज्ञात व्यक्ति ने मारपीट करके बुरी तरह घायल कर दिया है और दुकान में खून से लथपथ हालत में पड़ा है। प्रद्युमन नाम का शख्स घायल जय प्रकाश को इलाज के लिए पीजीआइ चंडीगढ़ ले गया था जहां डाक्टरों ने उसे मृतक घोषित कर दिया।

chat bot
आपका साथी