चंडीगढ़ में बनेगी हिमाचली धाम, अनुराग ठाकुर होंगे मुख्यातिथि, पहाड़ी नाटी और करनैल राणा के गीतों से गूंजेगा पंडाल

भाजपा प्रवक्ता कैलाश जैन ने बताया कि 10 दिसंबर को सेक्टर-25 स्थित रैली ग्रांउड में भाजपा के हिमाचल प्रकोष्ठ के तत्वाधान में पारंपरिक धाम और पहाड़ी नाटियों और गानों से भरपूर शाम का आयोजन किया जा रहा है।

By Ankesh ThakurEdited By: Publish:Wed, 08 Dec 2021 09:19 AM (IST) Updated:Wed, 08 Dec 2021 09:19 AM (IST)
चंडीगढ़ में बनेगी हिमाचली धाम, अनुराग ठाकुर होंगे मुख्यातिथि, पहाड़ी नाटी और करनैल राणा के गीतों से गूंजेगा पंडाल
धाम तैयार करने के लिए मंडी जिले के जोगिंदरनगर के मशहूर 15 बोटी (रसोइये) बुलाए गए हैं।

जागरण संवाददाता, चंडीगढ़। चंडीगढ़ में हिमाचल प्रदेश के बहुत ज्यादा लोग रहते हैं। चंडीगढ़ से हिमाचल की सीमा मात्र 20 से 25 किलोमीटर दूर है। या यूं कहें कि हिमाचल प्रदेश से चंडीगढ़ काफी नजदीक है। ऐसे में हिमाचल के लोग चंडीगढ़ में ज्यादा रहते हैं। ज्यादातर स्टूडेंट्स पढ़ाई के लिए चंडीगढ़ का ही रुख करते हैं और बाद में नौकरी पेशे के लिए चंडीगढ़ में ही सैटल हो जाते हैं। ऐसे में नगर निगम चुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने हिमाचल के पारंपरिक धाम के साथ चुनाव प्रचार अभियान को तेज करने का एलान किया है। भाजपा के पहले बड़े कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर बतौर मुख्य अतिथि होंगे जो हिमाचली समुदाय के लोगों को भाजपा के समर्थन में लामबंद करेंगे।

चंडीगढ़ में करीब 15 फीसद आबादी हिमाचल प्रदेश की बसती है। भाजपा प्रवक्ता कैलाश जैन ने बताया कि 10 दिसंबर को सेक्टर-25 स्थित रैली ग्रांउड में भाजपा के हिमाचल प्रकोष्ठ के तत्वाधान में पारंपरिक धाम और पहाड़ी नाटियों और गानों से भरपूर शाम का आयोजन किया जा रहा है। इसके लिए मंडी जिले के जोगिंदरनगर के मशहूर 15 बोटी (रसोइये) बुलाए गए हैं, जोकि नौ दिसंबर को शहर में पहुंच जाएंगे और अपने तरीके से इस धाम को बनाने की तैयारी करेंगे। इस धाम में बदाणे का मीठा, मद्रा, सेपु बडी, तेली उदड़ दाल, चने की दाल और खट्टा खास तौर पर बनाया जाएगा। इस धाम का आयोजन पूरे हिमाचली रिति रिवाज के साथ किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि इस कार्यक्रम का खास आकर्षण कांगड़ी, मंडियाली और बिलासपुरी धाम होगा। इस अवसर पर हिमाचल के मशहूर लोक गायक करनैल राणा भी अपने गीतों के माध्यम से चंडीगढ़ वासियों का मनोरंजन करेंगे।

जैन ने बताया कि इस कार्यक्रम में केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण तथा खेल मंत्री अनुराग ठाकुर भी मौजूद रहेंगे। कार्यक्रम के सफल आयोजन की जिम्मेदारी भाजपा हिमाचल प्रकोष्ठ के उप संयोजक शिविंदर मंढोत्रा को सोंपी गई है। जैन ने बताया कि इस कार्यक्रम में अन्य नेताओं के अलावा भाजपा महिला मोर्चा की राष्ट्रीय महामंत्री, राज्य सभा सांसद एवं चंडीगढ़ की सह प्रभारी इंदु गोस्वामी भी भाग लेंगी।

chat bot
आपका साथी