नवजोत सिद्धू की ताजपोशी को लेकर सेहत मंत्री बोले- मैं जाऊंगा, CM का पता नहीं, ऑक्सीजन की कमी से पंजाब में नहीं हुई कोई मौत

पंजाब कांग्रेस के नए अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू का शुक्रवार को होने वाला ताजपोशी समारोह में स्वास्थ्य मंत्री बलबीर सिंह सिद्धू भी जाएंगे। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री समारोह में आएंगे या नहीं इस बात की उनको कोई जानकारी नहीं है।

By Ankesh ThakurEdited By: Publish:Thu, 22 Jul 2021 02:26 PM (IST) Updated:Thu, 22 Jul 2021 02:26 PM (IST)
नवजोत सिद्धू की ताजपोशी को लेकर सेहत मंत्री बोले- मैं जाऊंगा, CM का पता नहीं, ऑक्सीजन की कमी से पंजाब में नहीं हुई कोई मौत
पंजाब के स्वास्थ्य मंत्री बलबीर सिंह सिद्धू (फाइल फोटो)

रोहित कुमार, मोहाली। कांग्रेस हाईकमान ने पंजाब कांग्रेस कमेटी का अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू को बनाया है। नवजोत सिंह सिद्धू का शुक्रवार को ताजपोशी कार्यक्रम होना है। लेकिन इससे पहले पंजाब में कांग्रेस के दो गुट बन चुके हैं। इनमें पहला नए अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू का और दूसरा मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह का है। कल होने वाले ताजपोशी समारोह में कौन कौन मंत्री विधायक शामिल होंगे यह तो कल ही पता चलेगा। इसको लेकर दैनिक जागरण ने पंजाब के स्वास्थ्य मंत्री से बात की, तो इस पर उन्होंने भी कुछ स्पष्ट जवाब नहीं दिया।

स्वास्थ्य मंत्री बलबीर सिंह सिद्धू ने कहा कि हाईकमान ने नवजोत सिंह सिद्धू को जिम्मेदारी दी है। वह कांग्रेस हाईकमान के फैसले का स्वागत है। बलबीर सिंह सिद्धू ने कहा कि वे नवजोत सिंह सिद्धू के शुक्रवार को होने वाले ताजपोशी कार्यक्रम शामिल होंगे। ये कार्यक्रम कांग्रेस पार्टी का है। सवाल के जवाब में सेहत मंत्री ने कहा कि पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह नए कांग्रेस अध्यक्ष की ताजपोशी कार्यक्रम में आएंगे या नहीं ये तो वही बता सकते हैं। कैप्टन ने पंजाब में लंबी राजनीति की है और कर रहे हैं। पार्टी से ऊपर कोई नहीं, लेकिन मैं उस स्तर का नेता नहीं की मुख्यमंत्री या किसी बड़े नेता के बारे में बता सकूं की वे कार्यक्रम में आएंगे या नहीं।

वहीं, स्वास्थ्य मंत्री से पंजाब में ऑक्सीजन की कमी से हुई मौतों को लेकर सवाल किया गया तो उन्होंने केंद्र सरकार पर कई आरोप लगाए। सिद्धू ने कहा कि हमारे सूबे में ऑक्सीजन की कमी से कोई मौत नहीं हुई। पंजाब को 300 मीट्रिक टन ऑक्सीन की जरूरत थी। लेकिन केंद्र की ओर से अधिकतम 200 मीट्रिक टन ऑक्सीन ही मुहैया करवाई गई। बाकी की ऑक्सीन राज्य सरकार ने उद्योगों, स्टील इंडस्ट्री की सप्लाई में कटौती कर पूरी की। इसलिए केंद्र का ये कहना है कि ऑक्सीजन की कोई कमी नहीं थी गलत है। पंजाब में भले ही ऑक्सीजन की कमी से कोई मौत न हुई हो। लेकिन दूसरे राज्यों में तो मौतें हुई हैं और इसके प्रमाण है।

सिद्धू ने फोन टेपिंग मामले को लेकर भी केंद्र की आलोचना की। सेहत मंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार को अपने ही मंत्रियों पर भरोसा नहीं है। इसलिए उनकी भी जासूसी कारवाई गई। नौकरों से लेकर ड्राइवरों तक किसी को नहीं छोड़ा। पंजाब कांग्रेस में सब कुछ ठीक हो जाएगा। जो थोड़े बहुत गिले शिकवे हैं वे समय के साथ साथ दूर हो जाएंगे। आगामी विधानसभा चुनाव सब मिलकर लड़ेंगे।

chat bot
आपका साथी