गुलदाउदी शो: 269 किस्मों के फूलों से महकेगा चंडीगढ़, महात्मा गांधी, कस्तूरबा गांधी, मिस इंडिया जैसे गुलदाउदी देखने पहुंचे यहां

चंडीगढ़ में 36 साल पहले गुलदाउदी शो का आयोजन किया गया था। कोरोना महामारी के वजह से बीते दो साल इस शो को रद करना पड़ा था। 1985 में शुरू हुआ गुलदाउदी शो हर साल दिसंबर में आयोजित किया जाता है। गुलदाउदी शो को देखने के लिए भीड़ उमड़ती है।

By Ankesh ThakurEdited By: Publish:Thu, 09 Dec 2021 04:03 PM (IST) Updated:Fri, 10 Dec 2021 09:22 AM (IST)
गुलदाउदी शो: 269 किस्मों के फूलों से महकेगा चंडीगढ़, महात्मा गांधी, कस्तूरबा गांधी, मिस इंडिया जैसे गुलदाउदी देखने पहुंचे यहां
कोरोना के चलते वर्ष 20219 और 2020 में शो का आयोजन नहीं हुआ था।

जागरण संवाददाता, चंडीगढ़। चंडीगढ़ में आज से गुलदाउदी शो शुरू हो रहा है। तीन दिन तक चलने वाले इस शो को 10 से 12 दिसंबर तक नगर निगम होस्ट करता है। यह शो सेक्टर-33 स्थित टैरेस गार्डन में आयोजित किया जाता है। इस शो में आने वाले लोगों को यहां फूलों की कई किस्मों की जानकारी दी जाएगी। फूलों से महकते इस गार्डन में भिन्न-भिन्न प्रजातियों के फूल देखने को मिलेंगे।

बता दें कि चंडीगढ़ में 36 साल पहले गुलदाउदी शो का आयोजन किया गया था। कोरोना महामारी के वजह से बीते दो साल इस शो को रद करना पड़ा था। 1985 में शुरू हुआ गुलदाउदी शो हर साल दिसंबर में आयोजित किया जाता है। गुलदाउदी की लगभग 250 से ज्यादा प्रजातियां देखने के लिए भीड़ उमड़ती है। इस दौरान निगम की तरफ से विभिन्न प्रतियोगिताएं भी करवाई जाती हैं। पौधों और फूलों से प्रेम करने वाले लोग इस प्रतियोगिता में शामिल होते हैं। इस बार 269 किस्म के फूलों को डिसप्ले किया गया है, जिनका आनंद पर्यटक ले सकेंगे।

गुलदाउदी शो की तैयारी में जुटे कर्मचारी।

नगर निगम ने रखा 10 लाख रुपये से ज्यादा का बजट

कोरोना के चलते वर्ष 20219 और 2020 में शो का आयोजन नहीं हुआ था। दो साल बाद नगर निगम गुलदाउदी शो आयोजित कर रहा है। हालांकि कोरोना को ध्यान में रखकर शो का आयोजन किया जा रहा है। ऐसे में इस बार न कोई सांस्कृतिक होगा और न ही किसी तरह की प्रतियोगिताएं करवाई जाएंगी, जो पहले हुआ करती थी। इस बार आयोजित होने वाले गुलदाउदी शो के लिए नगर निगम चंडीगढ़ ने 10 लाख रुपये से ज्यादा का बजट तय किया है, जिसमें से सबसे ज्यादा खर्च सम्मान समारोह में किया जाएगा। विभिन्न किस्म की गुलदाउदी फूलों को टैरेस गार्डन में पहुंचाने वालों को सम्मानित करने के साथ कोरोना काल में बेहतरीन काम करने वाले कर्मचारियों और अधिकारियों को भी सम्मानित किया जाएगा।

गुलदाउदी की यह प्रजातियां रिझाती हैं

तीन दिन तक चलने वाले इस गुलदाउदी शो में यह खास प्रजातियां को शामिल किया जाता है जो यहां आने वाले पर्यटकों को खूब रिझाती हैं। उनमें से ये मुख्य रेड वाइन, डेकोरेटिव पिंग, सुपर ग्लो, किकू ब्लोकी, कोका सूजन, महात्मा गांधी, कस्तूरबा गांधी, मिस इंडिया, स्नो बॉल, चंद्रमा, सन, गोल्डन जुबली, सिल्वर जुबली, राजा, कवर गर्ल, सोनार बंगला, सिल्क वरोकल, ड्रीम कैस्टल आदि हैं।

कोरोना नियमों को करना होगा फॉलो

कोरोना की तीसरी लहर आने की आशंका के चलते इस बार आयोजित हो रहे गुलदाउदी शो में किसी प्रकार की भीड़ इकट्ठी नहीं होने दी जाएगी। शो में एंट्री से पहले हर पर्यटक की थर्मल स्क्रीनिंग होगी और उसके बाद नियमों को पूरा करते हुए मुख्य गेट से अंदर जाने की अनुमति मिलेगी। पर्यटक सुबह 11 बजे से शाम सात बजे तक शो में जा सकेंगे और विभिन्न किस्म की गुलदाउदी को देख सकेंगे। पर्यटकों को टैरेस गार्डन के अंदर ज्यादा देर बैठने या रूकने की अनुमति नहीं दी जाएगी।

फरवरी में आयोजित होगा रोज फेस्टिवल

गुलदाउदी शो के बाद नगर निगम की तरफ से सेक्टर-16 स्थित रोज गार्डन और पंजाब यूनिवर्सिटी में रोज फेस्टिवल का भी अायोजन किया जाता है। यदि कोरोना नियंत्रित रहा तो पंजाब यूनिवर्सिटी और नगर निगम जनवरी के अंतिम सप्ताह और फरवरी के पहले सप्ताह के बीच रोज फेस्टिवल आयोजित करेगा, जिसमें फूलों की किस्मों की प्रतियोगिता अायोजित करवाई जाएगी। कोरोना के चलते दोनों ही फेस्टिवल पर अभी तक कोई निर्णय नहीं लिया गया है।

chat bot
आपका साथी