चंडीगढ़ संगीत नाटक अकादमी की जनरल काउंसिल गठित, 14 नए मेंबर किए शामिल, इन्हें मिली जगह
संगीत नाटक अकादमी का मुख्य उद्देश्य शहर में संगीत को बढ़ावा देना है। यह नई प्रतिभा खोजने के साथ संगीत को बेहतर करने पर काम करेगी। जनरल काउंसिल में ट्राइसिटी से जुड़े संगीत के बड़े नाम को शामिल किया गया है। इसमें अलग-अलग कैटेगरी से सदस्य बनाए गए हैं।
चंडीगढ़, जेएनएन। प्रशासन ने चंडीगढ़ संगीत नाटक अकादमी की जनरल काउंसिल का गठन कर दिया है। चंडीगढ़ प्रशासक वीपी सिंह बदनौर के नए सलाहकार धर्मपाल ने काउंसिल गठित करने के आदेश जारी किए हैं। पंचकूला के रहने वाले अतुल शर्मा अकादमी के चेयरमैन है। चंडीगढ़ सेक्टर-42 निवासी बलकार सिंह सिद्धू वाइस चेयरमैन बनाए गए हैं। जबकि सेक्टर-50 निवासी जीत सिंह को सेक्रेटरी लगाया गया है।
वहीं काउंसिल के 14 एक्स ऑफिशियो मेंबर बनाए गए हैं। इनमें कशिश मित्तल, पंडित हरविंदर शर्मा, एसडी शर्मा, ट्रांसजेंडर धनंजय चौहान, डॉ. कुलबीर कौर विर्क, सुनीता नैन, अमोलक सिंह, समीरा कोसर, लवलीन कौर, राजेश कौशल, मानसी सक्सेना, अमित सनौरिया, अभिषेक शर्मा, चक्रेश कुमार शामिल हैं। जनरल काउंसिल का कार्यकाल नोटिफिकेशन जारी होने से दो साल का रहेगा। अकादमी का हेडक्वार्टर चंडीगढ़ में होगा। मेंबर्स को मीटिंग में शामिल होने पर कोई टीए डीए जारी नहीं होगा।
अकादमी देगी संगीत को बढ़ावा
संगीत नाटक अकादमी का मुख्य उद्देश्य शहर में संगीत को बढ़ावा देना है। यह नई प्रतिभा खोजने के साथ संगीत को बेहतर करने पर काम करेगी। जनरल काउंसिल में ट्राइसिटी से जुड़े संगीत के बड़े नाम को शामिल किया गया है। इसमें अलग-अलग कैटेगरी से सदस्य बनाए गए हैं, जिससे हर प्रारूप का विकास हो सके। कोरोना महामारी से हालात सामान्य होने के बाद अकादमी संगीत से जुड़े कार्यक्रमों का आयोजन भी करेगी। संगीत की विभिन्न विधाओं को ध्यान में रखते हुए यह कार्यक्रम होंगे। पहले भी ऐसे कार्यकम अकादमी आयोजित कराती रही है। लोगों को इन कार्यक्रमों का निशुल्क लुत्फ उठाने का मौका मिलेगा। अकादमी नियमित अंतराल पर बैठक करेगी। जिसमें जनरल काउंसिल के पदाधिकारी शामिल होंगे।