कैप्टन का फार्म हाउस घेरने जा रहे पूर्व उपमुख्यमंत्री सुखबीर गिरफ्तार

पंजाब के पूर्व उपमुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल के नेतृत्व में मंगलवार को मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिदर सिंह के फार्म हाउस का घेराव करने जा रहे शिअद और बसपा नेताओं व कार्यकर्ताओं पर पुलिस ने लाठियां भांजी। साथ ही उन पर पानी की बौछार भी की।

By JagranEdited By: Publish:Tue, 15 Jun 2021 06:28 PM (IST) Updated:Tue, 15 Jun 2021 06:28 PM (IST)
कैप्टन का फार्म हाउस घेरने जा रहे पूर्व उपमुख्यमंत्री सुखबीर गिरफ्तार
कैप्टन का फार्म हाउस घेरने जा रहे पूर्व उपमुख्यमंत्री सुखबीर गिरफ्तार

जागरण संवाददाता, मोहाली (कुराली) : पंजाब के पूर्व उपमुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल के नेतृत्व में मंगलवार को मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिदर सिंह के फार्म हाउस का घेराव करने जा रहे शिअद और बसपा नेताओं व कार्यकर्ताओं पर पुलिस ने लाठियां भांजी। साथ ही उन पर पानी की बौछार भी की। इस दौरान पुलिस ने सुखबीर बादल समेत अन्य नेताओं को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की ओर से किए गए बल प्रयोग के दौरान कई नेताओं की पगड़ियां भी उतर गई। प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच करीब आधे घंटे तक नोकझोंक का सिलसिला जारी रहा। प्रदर्शनकारियों ने नारेबाजी कर पंजाब की कांग्रेस सरकार को घोटालेबाजों की सरकार करार दिया।

प्रदर्शन में मुख्य रूप से पूर्व मंत्री बिक्रमजीत सिंह मजीठिया, डेराबस्सी से विधायक एनके शर्मा, बसपा नेता जसबीर सिंह गडी, शिअद नेता डा.दलजीत सिंह चीमा मौजूद थे। गिरफ्तारी के बाद पुलिस सुखबीर सिंह बादल, डा. दलजीत सिंह चीमा, जसबीर सिंह गडी को कुराली सदर थाने ले गई। हालांकि बाद भी सभी को छोड़ दिया गया।

गौरतलब है कि प्रदेश सरकार पर वैक्सीनेशन तथा फतेह किट के मामले में घोटाले के आरोप लगे रहे हैं। सुखबीर सिंह बादल इसी मुद्दे पर सरकार के खिलाफ हमलावर हैं। प्रदर्शनकारियों ने तोड़ी बैरिकेडिंग

पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को आगे बढ़ने से रोकने के लिए बैरिकेडिंग लगाई थी। मगर कैप्टन के फार्म हाउस की ओर बढ़ रहे नेताओं ने एक बैरिकेडिंग तोड़ दी। इस बीच उनकी पुलिस के साथ जमकर नोकझोंक हुई। बाद में पुलिस को उन पर पानी की बौछार करनी पड़ी। बादल ने कहा- घोटालों के खिलाफ पंजाब भर में जारी रहेंगे प्रदर्शन

सुखबीर सिंह बादल ने कहा कि कैप्टन सरकार ने पिछले साढे़ चार वर्षो में केवल आम लोगों को लूटने का काम किया है। कैप्टन के मंत्री स्टूडेंट्स के वजीफो के पैसे खा गए, सेहत मंत्री ने कोरोना संकट के दौरान निजी अस्पतालों के साथ मिलकर जनता को लूटा। चार बड़े घोटाले कर दिए। घपलों की जांच करवाने की बजाय कैप्टन अपने मंत्रियों को बचाने में लगे हैं। सुखबीर ने कहा कि वह सरकार के खिलाफ इसी तरह अपना प्रदर्शन जारी रखेंगे। सुखबीर बादल ने कहा कि वह सरकार के घपलों को जनता के सामने उजागर करते रहेंगे। प्रदर्शन करने पर मोहाली पुलिस ने अकाली नेताओं के खिलाफ दर्ज किया था केस

पिछले दिनों मोहाली में अकाली दल के प्रदर्शन के दौरान मोहाली पुलिस ने आपदा प्रबंधन एक्ट के तहत मामला दर्ज किया था। मामला दर्ज होने के बाद मोहाली में यह शिअद का दूसरा बड़ा प्रदर्शन था। हाल ही में शिअद का बसपा के साथ गठबंधन हुआ है इसलिए बसपा नेता भी प्रदर्शन में शामिल थे।

chat bot
आपका साथी