इटली में वर्ल्ड इनलाइन हॉकी चैंपियनशिप में दनादन गोल दागेंगे चंडीगढ़ के खिलाड़ी, 5 प्लेयर्स का टीम में सिलेक्शन

वर्ल्ड इनलाइन हॉकी चैंपियनशिप के लिए घोषित नेशनल टीम में चंडीगढ़ के पांच खिलाड़ियों को जगह मिली है। यह प्रतियोगिता इटली में आयोजित होगी। यह शहर के लिए गर्व की बात है कि चंडीगढ़ के पांच खिलाड़ियों को भारतीय टीम में चुना गया है।

By Ankesh ThakurEdited By: Publish:Sat, 21 Aug 2021 01:59 PM (IST) Updated:Sat, 21 Aug 2021 01:59 PM (IST)
इटली में वर्ल्ड इनलाइन हॉकी चैंपियनशिप में दनादन गोल दागेंगे चंडीगढ़ के खिलाड़ी, 5 प्लेयर्स का टीम में सिलेक्शन
चंडीगढ़ के शिविन गोयल, रोहिनीश राजसिंह, क्षितिज वशिष्ठ, अमनप्रीत सिंह और नवल पब्बी को भारतीय टीम में चयन हुआ है।

जागरण संवाददाता, चंडीगढ़। चंडीगढ़ के खिलाड़ी देश ही नहीं विदेशों में भी देश और शहर का नाम रोशन कर रहे हैं। हाल ही में हुए टोक्यो ओलिंपिक में भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने ब्रांज मेडल जीता था। इस टीम में दो खिलाड़ी चंडीगढ़ हॉकी अकादमी के भी शामिल थे। ऐसे में अब वर्ल्ड इनलाइन हॉकी चैंपियनशिप के लिए घोषित नेशनल टीम में चंडीगढ़ के पांच खिलाड़ियों को जगह मिली है। यह प्रतियोगिता इटली में आयोजित होगी। यह शहर के लिए गर्व की बात है कि चंडीगढ़ के पांच खिलाड़ियों को भारतीय टीम में चुना गया है।

बता दें कि चंडीगढ़ के शिविन गोयल, रोहिनीश राजसिंह, क्षितिज वशिष्ठ, अमनप्रीत सिंह और नवल पब्बी को भारतीय टीम में शामिल किया गया है। इसके अलावा 16 सदस्यीय टीम में हरियाणा के रोहन शर्मा, गजेंद्र सिंह और नमन चोपड़ा को टीम में जगह मिली है। पंजाब की तरफ से करमनजोत सिंह और करनदीप सिंह को और तेलंगाना के चिराग, आर्यन, श्रीमन और शिवा को, आंध्र प्रदेश के शैलेंद्र सिंह और महाराष्ट्र के आयुष को टीम में शामिल किया गया है। नेशनल में शानदार प्रदर्शन करने वाले शहर के पांचों खिलाड़ियों की इस अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में अहम भूमिका रहेगी। चंडीगढ़ में आयोजित नेशनल टूर्नामेंट में भी इन खिलाड़ियों का बेहतरीन प्रदर्शन रहा था, इसी वजह से इनका चयन इंटरनेशनल टूर्नामेंट के लिए हुआ है।

आठ सितंबर से शुरू होगा टूर्नामेंट

इटली में आय़ोजित होने वाली यह प्रतियोगिता आठ  से 19 सितंबर तक आयोजित होगी। प्रतियोगिता में हिस्सा लेने के लिए टीम पांच सितंबर को रवाना होगी। सभी खिलाड़ियों को हिदायत दी गई है कि वह तब तक कोविड सुरक्षा नियमों का पालन करें, टूर्नामेंट से पहले सभी खिलाड़ियों का कोविड टेस्ट होगा। इसके बाद ही टीम इटली के लिए रवाना होगी।

खिलाड़ियों को दी शुभकामनाएं

यूटी स्पोर्ट्स डायरेक्टर तेजदीप सिंह सैनी ने कहा कि यह हमारे लिए गौरव की बात है कि वर्ल्ड इनलाइन हॉकी चैंपियनशिप के लिए शहर के पांच खिलाड़ियों को नेशनल टीम में चयनित किया गया है। उन्होंने कहा कि हम बेहतर खेल सुविधाएं खिलाड़ियों को मुहैया करवा रहे हैं, जिस वजह से हमारे खिलाड़ियों को बेहतर मौके मिल रहे हैं। उन्होंने खिलाड़ियों को टूर्नामेंट के लिए भी शुभकामनाएं दी।

chat bot
आपका साथी