रातो रात गायब हुए शहर में लगे कैप्टन के बैनर

कहते हैं हमेशा चढ़ते सूरज को सलाम होती है..डूबते को कौन पूछता है! यह कहावत इन दिनों मुख्यमंत्री पद से हटने के बाद कैप्टन अमरिदर सिंह पर लागू हो रही है।

By JagranEdited By: Publish:Tue, 21 Sep 2021 06:37 PM (IST) Updated:Tue, 21 Sep 2021 06:37 PM (IST)
रातो रात गायब हुए शहर में लगे कैप्टन के बैनर
रातो रात गायब हुए शहर में लगे कैप्टन के बैनर

संदीप कुमार, जीरकपुर :

कहते हैं हमेशा चढ़ते सूरज को सलाम होती है..डूबते को कौन पूछता है! यह कहावत इन दिनों मुख्यमंत्री पद से हटने के बाद कैप्टन अमरिदर सिंह पर लागू हो रही है। कुर्सी से हटते ही शहर में लगे उनके पोस्टर-बैनर रातो रात गायब हो गए। जीरकपुर में बाकी बचे कैप्टन के पोस्टरों को भी हटाया जाने लगा है। सरकारी दफ्तरों से भी कैप्टन की फोटो गायब होने लगी है।

कैप्टन अमरिदर सिंह के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने के तत्काल बाद ही बैनर, पोस्टर और होर्डिंग्स हटाने का काम तेज कर दिया गया। उनकी जगह नए मुख्यमंत्री चरनजीत सिंह चन्नी के पोस्टर धड़ाधड़ लगने शुरू हो गए हैं। जीरकपुर शहर में कैप्टन अमरिदर सिंह के लगभग एक सौ से ज्यादा होर्डिंग्स लगे थे। बता दें कि कैप्टन अमरिदर सिंह ने शनिवार को अपने पद से इस्तीफा दे दिया था। वहीं चरणजीत सिंह चन्नी के रूप में राज्यों को नया मुख्यमंत्री मिल चुका है।

पंजाब सरकार ने बीते चार साल के दौरान जितने भी काम किए थे, उन कामों को गिनाने के लिए जीरकपुर में लगभग 100 होर्डिंग्स लगाए गए थे। यह विज्ञापन सरकार की तरफ से एक निजी कंपनी को दिया गया था। होर्डिंग्स पर पंजाब में कितने स्कूल स्मार्ट बने, कितने लोगों को राशन दिया गया और कर्ज माफी समेत कैप्टन सरकार की उपलब्धियां लिखी थी।

इसका मकसद था कि आगामी विधानसभा चुनाव से पहले महानगर में सरकार के प्रति एक माहौल तैयार किया जाए। पंजाब सरकार ने पैसा जारी कर होर्डिंग्स साइट को लिया था। शहर में पटियाला चौक, सिघपुरा चौक, जीरकपुर का बस अड्डा, मैक डी चौक के अलावा बलटाना व ढकौली रोड पर यह होर्डिंग लगे थे, लेकिन अब इन होर्डिंग्स पर लगी कैप्टन अमरिदर सिंह की तस्वीरों को हटा लिया गया है।

मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिदर सिंह के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देते ही जीरकपुर की सड़कों पर सरकार की वाहवाही करने वाले फ्लैक्स बोर्ड भी देखते ही देखते उतर गए। बताया जा रहा है कि अब यहां पर फ्लैक्स पंजाब के नए मुख्यमंत्री के स्वागत के लगाए जाएंगे। इतना ही नहीं नगर काउंसिल कर्मियों ने कैप्टन अमरिदर के फ्लैक्स के अलावा कुछ अन्य राजनीतिक दलों के भी होर्डिंग्स हटाए।

chat bot
आपका साथी