चंडीगढ़ में अब तक 8.60 लाख लोगों को लगी कोरोना वैक्सीन, अभी भी पूरी आबादी को कवर करने में लगेगा टाइम

चंडीगढ़ में अब तक 8.60 लाख लोगों को कोरोना की वैक्सीन लगाई जा चुकी है। भुवनेश्वर देश का इकलौता ऐसा शहर बन चुका है जहा योग्य आबादी को दोनों डोज लग चुकी है। अभी चंडीगढ़ को इसके लिए काफी इंतजार करना होगा।

By Ankesh ThakurEdited By: Publish:Wed, 04 Aug 2021 01:33 PM (IST) Updated:Wed, 04 Aug 2021 01:33 PM (IST)
चंडीगढ़ में अब तक 8.60 लाख लोगों को लगी कोरोना वैक्सीन, अभी भी पूरी आबादी को कवर करने में लगेगा टाइम
शहर में बनाए गए सभी टीकाकरण केंद्रों में वैक्सीन लग रही है।

जागरण संवाददाता, चंडीगढ़। जनगणना 2011 के अनुसार चंडीगढ़ की कुल आबादी 11 लाख से कुछ अधिक है। इसमें भी बड़ा हिस्सा 18 वर्ष से अधिक है। यह आबादी लगभग आठ लाख है। अभी तक चंडीगढ़ में कुल आठ लाख 59 हजार 598 डोज लग चुकी हैं। देखा जाए तो यह संख्या अभी काफी कम है। इसमें बहुत से लोगों को दोनों डोज भी लग चुकी हैं। पूरी आबादी तब कवर होगी जब करीब 16 लाख डोज लग चुकी होंगी। लेकिन इतनी डोज लगने में अभी काफी समय लगेगा।

हालांकि भुवनेश्वर देश का इकलौता ऐसा शहर बन चुका है जो अपनी योग्य आबादी को दोनों डोज लगा चुका है। जितनी आबादी 18 वर्ष से अधिक की है उससे ज्यादा को दोनों डोज लग चुकी हैं। अभी चंडीगढ़ को इसके लिए काफी इंतजार करना होगा। वैक्सीनेशन कैंपेन को और बूस्ट करना होगा। मंगलवार को चंडीगढ़ में कुल 7380 लोगों को वैक्सीन लगी। इससे सात दिनों में वैक्सीनेशन औसत 8591 हो गया है। सबसे अधिक 18-44 आयु वर्ग में 3820 को पहली डोज लगी। 45 से 60 आयु वर्ग में 1070 को दूसरी डोज लगी। जितने वैक्सीनेशन सेंटर चल रहे हैं उन तक ज्यादा से ज्यादा योग्य लोगों को लाया जाए जिन्होंने वैक्सीन नहीं लगवाई है इस पर फोकस करना जरूरी है।

अब इन पांच सेक्टरों में मिल रहे संक्रमित

कई सप्ताह बाद चंडीगढ़ में कोरोना के मामले बढ़कर पांच तक पहुंचे हैं। मंगलवार को एक साथ पांच नए संक्रमित मामले सामने आए। इससे एक्टिव केस बढ़कर 34 हो गए हैं। चार लोग कोरोना को मात देकर आइसोलेशन से बाहर आए। सात दिन की बात करें तो औसत चार मरीज रोजाना आए। इन सात दिनों में पॉजिटिविटी रेट 0.24 फीसद रहा। पिछले 24 घंटे में 1480 केस सामने आए। अभी 16 की रिपोर्ट आनी बाकी है। राहत की बात यह है कि पिछले कई दिनों से कोई मौत चंडीगढ़ में नहीं हुई है। जो नए मामले आए उनमें सेक्टर-15 में एक, 16 में एक, 19 में एक, 39 में एक और सेक्टर-48 में एक केस सामने आया। अमूमन पुरुष ज्यादा संक्रमित मिलते थे। मंगलवार को पांच में से चार महिलाएं और एक पुरुष संक्रमित मिले।

chat bot
आपका साथी