चंडीगढ़ कांग्रेस में बवाल जारी, छाबड़ा बोले- पार्टी में चमचों का बोलबाला, चावला ने कहा- करते रहो बकवास

चंडीगढ़ कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष प्रदीप छाबड़ा ने पवन बंसल और वर्तमान अध्यक्ष सुभाष चावला के खिलाफ मोर्चा खोला हुआ है। छाबड़ा ने दोनों नेताओं पर पक्षपात का आरोप लगाया है। वहीं पार्टी प्रभारी हरीश रावत इस मुद्दे पर पूरी तरह से चुप हैं।

By Ankesh ThakurEdited By: Publish:Mon, 02 Aug 2021 11:58 AM (IST) Updated:Mon, 02 Aug 2021 11:58 AM (IST)
चंडीगढ़ कांग्रेस में बवाल जारी, छाबड़ा बोले- पार्टी में चमचों का बोलबाला, चावला ने कहा- करते रहो बकवास
चंडीगढ़ कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष प्रदीप छाबड़ा और वर्तमान अध्यक्ष सुभाष चावला।

राजेश ढल्ल, चंडीगढ़। चंडीगढ़ कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष प्रदीप छाबड़ा ने पवन बंसल और वर्तमान अध्यक्ष सुभाष चावला के खिलाफ मोर्चा खोला हुआ है। छाबड़ा ने दोनों नेताओं पर पक्षपात का आरोप लगाया है। वहीं, पार्टी प्रभारी हरीश रावत इस मुद्दे पर पूरी तरह से चुप हैं। इससे पार्टी में गुटबाजी लगातार बढ़ती जा रही है। छाबड़ा ने सोमवार को कार्यकर्ताओं और अध्यक्ष सुभाष चावला को पत्र लिखा है, जिसमे कहा है कि जो प्रदेश कार्यकारिणी में पदधिकारियों की लिस्ट जारी हुई है वह जुम्बो लिस्ट है जिसमे 133 लोगों को जगह दी गई। बावजूद कार्यकर्ता उदास, निराश और हताश है। 133 सदस्यों की लिस्ट में एक भी क्रिस्टियन नहीं है।

शनिवार को कांग्रेस की प्रदेश कार्यकारिणी का गठन हुआ है जिसमें छाबड़ा के किसी भी करीबी को जगह नहीं मिली है, जिसके बाद से उन्होंने पवन बंसल और सुभाष चावला के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। छाबड़ा के करीबी संदीप भारद्वाज ने राहुल गांधी को पत्र लिखकर आरोप लगाया है कि पवन बंसल के रहते हुए चंडीगढ़ कांग्रेस हर चुनाव हार रही है।

छाबड़ा द्वारा वाट्सएप पर भेजे पत्र में अध्यक्ष सुभाष चावला ने जवाब दिया है कि जब वह पहले कह चुके हैं कि उन्हें मैसेज मत किया जाए। फिर क्यों बार बार उनके निजी नंबर पर मैसेज भेजा जा रहा है। चावला ने छाबड़ा को कहा कि जो बकवास करनी है वह ग्रुपों में करनी है उसे करते रहो। इसके साथ ही कांग्रेस के कई नेता छाबड़ा पर कार्रवाई करने की मांग कर रहे हैं। 

छाबड़ा ने पत्र में कहा है कि चंडीगढ़ कांग्रेस नेतृत्व हर किसी को नैपकिन पेपर की तरह यूज कर के फेंक देता है। किसी को पानी भी नहीं पूछा जाता। इस समय चंडीगढ़ कांग्रेस में सिर्फ चमचों का बोलबाला है। चुगलखोर व दोगले चहेरे वालो को तेहरीज मिलती है। क्योंकि वह लोग न पार्टी के वफादार हैं और न लोगों के। पार्टी फंड के नाम पर मास्क बेचने व न जाने क्या क्या खेल हुए हैं। मालूम हो कि दो माह पहले चंडीगढ़ कांग्रेस ने लोगों को मास्क बांटे थे। उस समय पार्टी नेताओं से चंदा लिया गया था। जिसने जितना चंदा दिया था उससे उतनी कीमत के मास्क अपने एरिया में बांटने के लिए दिए गए थे, जिस पर छाबड़ा अब आरोप लगा रहे हैं। छाबड़ा ने यह भी आरोप लगाया है कि जिनके परिवार भाजपा में हैं उनको पार्टी में शामिल करवाए बिना ही पदाधिकारी बना दिया गया। 

छाबड़ा ने पत्र में कहा है कि झूठ, फरेब व चालाकी की शुरुआत का अभी आगमन ही हुआ है। उन्होंने आने वाले नगर निगम चुनाव में भी संभावना जताई है कि उस समय भी टिकटों के वितरण में भी खेला होगा। छाबड़ा ने कहा है कि उन्हें पार्टी से बाहर करने की धमकी दी जा रही है। अगर सच इतना कड़वा लग रहा है तो वह पार्टी की खातिर हर कुर्बानी के लिए तैयार हूं। उन्हें डराने की जरूरत नहीं है। अगर उन्हें पार्टी से बाहर किया भी जाता है तो भी वह उनसे बोलने का अधिकार नहीं छीन सकते हैं।

chat bot
आपका साथी