कोरोना की याद ताजा कराने लगा डेंगू, ट्राईसिटी में रोजाना मिल रहे 100 से ज्यादा मरीज, अस्पतालों में होने लगी बेड की कमी

डेंगू के केस अब इतनी तेजी से बढ़ रहे हैं कि इसने कोरोना महामारी की याद दिला दी है। कोरोना की पहली और दूसरी लहर में भी ऐसे ही केस बढ़ते गए थे। नियंत्रण करना तो दूर इंफ्रास्ट्रक्चर तक उपलब्ध नहीं था। ऐसा ही अब डेंगू से होने लगा है।

By Ankesh ThakurEdited By: Publish:Wed, 27 Oct 2021 10:28 AM (IST) Updated:Wed, 27 Oct 2021 10:28 AM (IST)
कोरोना की याद ताजा कराने लगा डेंगू, ट्राईसिटी में रोजाना मिल रहे 100 से ज्यादा मरीज, अस्पतालों में होने लगी बेड की कमी
स्वास्थ्य विभाग डेंगू से निजात पाने की पूरी कोशिश में जुटा हुआ है।

जागरण संवाददाता, चंडीगढ़। ट्राइसिटी में डेंगू का डंक बढ़ता जा रहा है। चंडीगढ़ के साथ पंचकूला और मोहाली में डेंगू की बीमारी जानलेवा साबित हो रही है। हर रोज डेढ़ सौ से ज्यादा मामले सामने आ रहे हैं। वहीं, एक ही दिन में ट्राइसिटी में 6 लोगों की मौत हुई है।

डेंगू के केस अब इतनी तेजी से बढ़ रहे हैं कि इसने कोरोना महामारी की याद दिला दी है। कोरोना की पहली और दूसरी लहर में भी ऐसे ही केस बढ़ते गए थे। नियंत्रण करना तो दूर इंफ्रास्ट्रक्चर तक उपलब्ध नहीं था। चारों तरफ ऑक्सीजन और बेड के लिए हाहाकार मचने लगा था। जल्द ही हालात को काबू में नहीं किया जा सका तो इलाज के लिए बेड की किल्लत फिर शुरू हो जाएगी। पंचकूला और मोहाली में यह शुरू हो चुका है। पंचकूला में वेटिंग रूम के अंदर बेड लगाए गए हैं। लैब में इलाज हो रहा है। चंडीगढ़ ने भी सेक्टर-48 में कोविड समर्पित हॉस्पिटल को डेंगू के लिए खोल दिया है। अब यहां डेंगू के मरीजों का इलाज हाे रहा है। जरूरत पड़ने पर कई दूसरी व्यवस्था की जा रही है।

पहले नहीं आए इतने केस

चंडीगढ़ में मंगलवार को एक साथ 42 डेंगू के एन मरीज मिले हैं। एक दिन में एक साथ पहली बार इस सीजन में इतने केस आए हैं। ट्राइसिटी में तो पॉजिटिव केस 150 के भी पार हैं। जबकि मौत भी इससे रोजाना हो रही हैं। चिंता की बात यह है कि तापमान कम होने के बाद भी डेंगू के केस घटने की बजाए बढ़ रहे हैं। पहले संभावना जताई जा रही थी कि ठंड बढ़ने पर डेंगू का मच्छर पहले जितनी तेजी से नहीं पनप सकेगा। तापमान कम होने के साथ डेंगू के केस घटेंगे। लेकिन अभी तो ऐसा कुछ होता दिख नहीं रहा। सभी अनुमान धरे रह गए हैं।

चंडीगढ़ के इस एरिया में घूम रहे डेंगू के मच्छर

मलोया में सबसे अधिक 11 डेंगू के मामले सामने आए हैं। खुड्डा लाहौरा, मौलीजागरां में पांच-पांच, सेक्टर-39, धनास और सारंगपुर में चार-चार केस सामने आए। रायपुर खुर्द में तीन, रामदरबार, किशनगढ़, कजहेड़ी, ईडब्ल्यूएस धनास, बहलाना और सेक्टर-52 में एक-एक मरीज मिला है।

डेंगू डेली रिपोर्ट

स्टेटस         मंगलवार     अक्टूबर     कुल

डेंगू मामले     42         612         696

अन्य राज्यों से आए-- -- 177

मलेरिया -- -- 06

यहां मिला डेंगू लारवा

घर चेक किए 4647

कंटेनर चेक किए 7818     72 में लारवा मिला

कूलर चेक किए 1220     25 में लारवा मिला

ओवरहेड टैंक 3140         सात में लारवा, 18 बिना ढके मिले

होदी चेक         11     लारवा नहीं मिला

टायर चेक     485         11 में लारवा मिला

तीन चालान, 131 नोटिस किए जारी

जिनके यहां डेंगू का लारवा मिला उनमें से तीन के चालान किए गए। अभी तक 456 चालान जारी हो चुके हैं। 130 को नोटिस जारी किया गया। अभी तक 8553 को ऐसे नोटिस दिए जा चुके हैं, जबकि एक को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। ऐसे अभी तक 333 कारण बताओ नोटिस जारी किए गए हैं। 260 घरों में स्प्रे की गई। 103 जगहों पर दवाई डाली गई। शहर में अलग-अलग जगह फोगिंग की गई।

chat bot
आपका साथी