डराने लगे आंकड़े... उत्तर भारत में दिल्ली के बाद चंडीगढ़ में कोरोना पॉजिटिव रेशो सबसे ज्यादा

सिटी ब्यूटीफुल चंडीगढ़ में कोरोना संक्रमण का कहर लगातार बढ़ता जा रहा है। हालात यह हैं कि अब उत्तर भारत में दिल्ली के बाद चंडीगढ़ में सबसे ज्यादा कोरोना पॉजिटिव रेशो है। जबकि पंजाब और हरियाणा में यह दर चंडीगढ़ के मुकाबले कम है।

By Ankesh ThakurEdited By: Publish:Wed, 21 Apr 2021 10:45 AM (IST) Updated:Wed, 21 Apr 2021 10:45 AM (IST)
डराने लगे आंकड़े... उत्तर भारत में दिल्ली के बाद चंडीगढ़ में कोरोना पॉजिटिव रेशो सबसे ज्यादा
उत्तर भारत में दिल्ली के बाद चंडीगढ़ में कोरोना पॉजिटिव रेशो ज्यादा।

चंडीगढ़, [विशाल पाठक]। सिटी ब्यूटीफुल चंडीगढ़ में कोरोना संक्रमण का कहर लगातार बढ़ता जा रहा है। हालात यह हैं कि अब उत्तर भारत में दिल्ली के बाद चंडीगढ़ में सबसे ज्यादा कोरोना पॉजिटिव रेशो है। जबकि पंजाब और हरियाणा में यह दर चंडीगढ़ के मुकाबले कम है। शहर में रोजाना जितने लोगों के कोरोना टेस्ट किए जा रहे हैं। उनमें 17 फीसद लोगों संक्रमित पाए जा रहे हैं।

मंत्रालय की रिपोर्ट के मुताबिक दिल्ली में 21.3 और चंडीगढ़ में 17 फीसद टेस्ट पॉजिटिव रेशो दर्ज की गई है। शहर में रोजाना तीन से चार हजार लोगों का काेरोना टेस्ट किया जा रहा है। रोजाना 600 से ज्यादा नए कोरोना पॉजिटिव केस दर्ज किए जा रहे हैं।

गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (जीएमसीएच-32) की डायरेक्टर प्रिंसिपल डॉ. जसबिंदर कौर ने बताया कि बीते एक हफ्ते में अस्पताल में 2,739 लोगों के टेस्ट किए गए। उसमें से 367 लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए। एक हफ्ते में 13.4 फीसद टेस्ट पॉजिटिव दर दर्ज की गई। चंडीगढ़ स्वास्थ्य सेवा निदेशक डॉ. अमनदीप कौर कंग ने बताया कि बीते एक हफ्ते में गवर्नमेंट मल्टी स्पेशिएलिटी हॉस्पिटल (जीएमएसएच-16) में 12,595 लोगों के कोरोना सैंपल लेकर टेस्टिंग की गई। इस दौरान 2,149 लोग कोरोना संक्रमित पाए गए। 17 फीसद टेस्ट पॉजिटिव दर दर्ज की गई।

शहर में 59 फीसद हेल्थ केयर वर्कर और 67 फीसद फ्रंटलाइन वर्कर करा चुके टीकाकरण

शहर में अब तक 59 फीसद हेल्थ केयर वर्कर कोरोना टीकाकरण करा चुके हैं। जबकि 67 फीसद फ्रंटलाइन वर्कर्स वैक्सीन की डोज ले चुके हैं। अब तक डेढ़ लाख लोग टीकाकरण करा चुके हैं। स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक 1,52,222 लोग कोरोना वैक्सीन की डोज ले चुके हैं। इनमें 18,548 हेल्थ केयर वर्कर वैक्सीन की पहली डोज और 9,562 दूसरी डोज लगवा चुके हैं। 17,746 फ्रंटलाइन वर्कर वैक्सीन की पहली डोज और 9,371 दूसरी डोज लगवा चुके हैं। 45 से 60 साल की उम्र के 41,484 लोग वैक्सीन की पहली डोज और 1,610 दूसरी डोज लगवा चुके हैं। 60 साल से अधिक उम्र के 45,855 लोग वैक्सीन की पहली डोज और 8,046 लोग दूसरी डोज लगवा चुके हैं।

उत्तर भारत में टेस्ट पॉजिटिव दर

दिल्ली 21.3

चंडीगढ़ 17

हरियाणा 16.2

हिमाचल प्रदेश 14.6

पंजाब 10.7

chat bot
आपका साथी