भाजपा अध्यक्ष और मेयर के घर नहीं जा सके कांग्रेस कार्यकर्ता

पानी के बढ़े हुए रेट के मुद्दे पर कांग्रेस और भाजपा के नेता अब खुलकर एक-दूसरे के सामने आ गए हैं।

By JagranEdited By: Publish:Sun, 28 Feb 2021 07:01 PM (IST) Updated:Sun, 28 Feb 2021 07:01 PM (IST)
भाजपा अध्यक्ष और मेयर के घर नहीं जा सके कांग्रेस कार्यकर्ता
भाजपा अध्यक्ष और मेयर के घर नहीं जा सके कांग्रेस कार्यकर्ता

जासं, चंडीगढ़ : पानी के बढ़े हुए रेट के मुद्दे पर कांग्रेस और भाजपा के नेता अब खुलकर एक-दूसरे के सामने आ गए हैं। सेक्टर-37 में कांग्रेस के नेता और कार्यकर्ता भाजपा के चंडीगढ़ अध्यक्ष अरुण सूद और मेयर रविकांत शर्मा के घर का घेराव कर ज्ञापन देने के लिए एकत्र हुए, लेकिन भाजपा कार्यकर्ताओं के विरोध के कारण पुलिस ने बैरिकेडिंग लगाकर कांग्रेस के कार्यकर्ताओं को आगे नहीं जाने दिया।

मालूम हो कि प्रदर्शन की घोषणा के बाद भाजपा नेताओं ने शनिवार देर शाम बयान जारी कर कहा था कि वह कांग्रेस कार्यकर्ताओं को भाजपा अध्यक्ष और मेयर के घर तक तो दूर सेक्टर के अंदर भी दाखिल नहीं होने देंगे और हुआ भी यही। पुलिस ने कार्यकर्ताओं को प्रदर्शन से पहले ही कोरोना गाइडलाइन तोड़ने पर मामला दर्ज करने की चेतावनी दे दी थी। कांग्रेस कार्यकर्ताओं के जाने के बाद भी भाजपा के कार्यकर्ता मौके पर डटे रहे और कांग्रेस के खिलाफ नारेबाजी करते रहे। भाजपा नेताओं ने कहा कि चंडीगढ़ में पानी के मुद्दे को लेकर कांग्रेस ओछी राजनीति कर रही है। कांग्रेस को इतनी तो समझ होनी चाहिए कि लोग कोरोना महामारी से त्रस्त हैं और ऐसे में इस प्रकार से किसी के भी घर पर जाकर हंगामा कहीं से भी उचित नहीं है। थाना प्रभारी को गुलाब भेंटकर लौट गए कांग्रेस के नेता

इस दौरान एक तरफ जहां कांग्रेस ने भाजपा के खिलाफ नारेबाजी की, वहीं दूसरी तरह भाजपा ने कांग्रेस के खिलाफ नारेबाजी की। कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने भाजपा नेताओं को सौंपने के लिए जो गुलाब के फूल लिए थे, उन्हें पुलिस थाना प्रभारी को सौंप कर चले गए। महिला कार्यकर्ताओं ने थालियां बजाकर जताया विरोध

प्रदर्शन के दौरान महिला कार्यकर्ताओं ने थालियां बजाकर अपना विरोध जाहिर किया। प्रदर्शन में कांग्रेस अध्यक्ष सुभाष चावला ने भी भाग लिया। पुलिस को यह संभावना थी कि भाजपा और कांग्रेस के कार्यकर्ता आपस में उलझ जाएंगे। ऐसे में बवाल ज्यादा बढ़ने की आशंका पर पुलिस के दबाव में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अपना प्रदर्शन भी जल्दी खत्म कर दिया। प्रदर्शन से पहले चावला ने सूद को लिखा पत्र

कांग्रेस के चंडीगढ़ अध्यक्ष सुभाष चावला ने प्रदर्शन से पहले भाजपा के चंडीगढ़ अध्यक्ष अरुण सूद को पत्र जारी कर कहा कि अगर इस प्रदर्शन को रोकने के लिए भाजपा के कार्यकर्ता उन पर हमला भी करेंगे तो भी वह गांधीगीरी के तहत अपना सिर उनके आगे कर देंगे। पत्र में कहा गया कि पानी के दामों बढ़ोतरी में नगर निगम में भाजपा के पार्षद ही दोषी हैं। अगर आप नहीं चाहते कि हम आपके घर आएं तो आप बता दीजिए कि आप सेक्टर-37 में कहां आकर हमारा मांगपत्र ले सकते हैं। पानी के बढ़े रेट के मुद्दे पर आवाज बुलंद करती रहेगी कांग्रेस : लक्की

कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता एचएस लक्की का कहना है कि पानी के रेट के खिलाफ पार्टी का अभियान जारी रहेगा। अब शहर के हर वार्ड में विरोध प्रदर्शन और भूख हड़ताल की जाएगी।उनका कहना है कि पार्टी के पार्षद इस माह होने वाली सदन की बैठक में भी अपना विरोध जाहिर करेंगे।

असली गुनहगार भाजपा के पार्षद हैं, जिन्होंने नगर निगम के सदन की बैठक में प्रस्ताव पास किया। जबकि कांग्रेस के पार्षदों ने पानी के रेट बढ़ाने के खिलाफ सदन का बहिष्कार किया था। अधिसूचना जारी हुए छह माह से ज्यादा का समय बीत चुका है, बावजूद इसके भाजपा पार्षद कह रहे हैं कि वह रेट कम करवाएंगे।

- सुभाष चावला, अध्यक्ष, कांग्रेस। बबला के साथ धक्का-मुक्की का प्रयास

कांग्रेस पार्षद दल के नेता देवेंद्र सिंह बबला गलती से अपने प्रदर्शन की बजाय वहां पर पहुंच गए, जहां पर भाजपा के कार्यकर्ता एकत्र थे। कार्यकर्ताओं को उस समय भाजपा महासचिव रामवीर भट्टी संबोधित कर रहे थे। बबला को देखकर भाजपा कार्यकर्ताओं ने उन्हें घेरने का प्रयास किया। इस बीच बचाव कर पुलिस बबला को कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच लेकर आई। इस दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने बबला के साथ धक्का मुक्की भी करने का प्रयास किया। एक कार्यकर्ता ने तो बबला का पीछे से कुर्ता भी पकड़ लिया था। कोई भी मुद्दा सदन में आता है तो उस पर चर्चा होती है और प्रशासक के पास जाता है। कांग्रेस के नेता कभी किसी मुद्दे पर चर्चा नहीं करते। शहर की समस्याओं को लेकर वह दिल्ली तक जाते हैं। सुभाष चावला कांग्रेस के नए अध्यक्ष बने हैं, ऐसे में वह मीडिया में छपने के लिए कुछ न कुछ नया मुद्दा खोज रहे हैं। शहरवासी इसे बखूबी समझ रहे हैं।

- अरुण सूद, भाजपा के चंडीगढ़ अध्यक्ष

chat bot
आपका साथी