चंडीगढ़ में पानी के बढ़े रेट को लेकर भाजपा के खिलाफ थाली बजाकर कांग्रेस करेगी प्रदर्शन, सौंपा जाएगा ज्ञापन

चंडीगढ़ में बढ़े पानी के दाम के खिलाफ कांग्रेस ने भाजपा के खिलाफ प्रदर्शन तेज करने का फैसला किया है। कांग्रेस अब सेक्टर 45 में रोष प्रदर्शन करेगी और भाजपा दल की पार्षद चंद्रवती शुक्ला के घर जाकर उन्हें ज्ञापन सौंपेगी।

By Ankesh KumarEdited By: Publish:Thu, 04 Mar 2021 05:11 PM (IST) Updated:Thu, 04 Mar 2021 05:11 PM (IST)
चंडीगढ़ में पानी के बढ़े रेट को लेकर भाजपा के खिलाफ थाली बजाकर कांग्रेस करेगी प्रदर्शन, सौंपा जाएगा ज्ञापन
चंडीगढ़ में पानी के बढ़े रेट को लेकर भाजपा के खिलाफ थाली बजाकर कांग्रेस करेगी प्रदर्शन, सौंपा जाएगा ज्ञापन

चंडीगढ़, जेएनएन। शहर में पानी के बढ़े हुए रेट पर चंडीगढ़ कांग्रेस पार्टी ने भाजपा के खिलाफ प्रदर्शन तेज करने का फैसला लिया है। इस रणनीति को लेकर वीरवार को कांग्रेस अध्यक्ष सुभाष चावला के नेतृत्व में बैठक हुई है। बैठक में यह निर्णय लिया गया है कि छह मार्च शनिवार को दोपहर चार बजे सेक्टर-45 में प्रदर्शन किया जाएगा। इस दौरान भाजपा दल की पार्षद चंद्रवती शुक्ला के घर जाकर उन्हें पानी के बढ़े हुए दाम कम करने के लिए ज्ञापन साैंपा जाएगा।

मालूम हो कि इससे पहले कांग्रेस ने बीते शनिवार को भाजपा अध्यक्ष अरुण सूद और मेयर रविकांत शर्मा को ज्ञापन देने के लिए सेक्टर-37 में रोष प्रदर्शन किया था, लेकिन कांग्रेसी उन्हें गुलाब के फूलों के साथ ज्ञापन नहीं दे पाए। उस समय कांग्रेस के खिलाफ भाजपा के कार्यकर्ता भी वहीं इकट्ठे हाे गए थे। जिन्होंने पुलिस की मौजूदगी में एक दूसरे के खिलाफ नारेबाजी की थी। ऐसे में सेक्टर-45 में फिर से भाजपा पार्षद के घर जाकर ज्ञापन और गुलाब देने की रणनीति को फिर से भाजपा फेल करने का प्रयास करेगी, जिससे टकराव एक बार फिर से बढ़ सकता है।

कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता एचएस लक्की का कहना है कि अब तो अप्रैल में फिर से पानी के तीन फीसद रेट बढ़ने जा रहे हैं। कांग्रेस अध्यक्ष सुभाष चावला ने पार्टी के सभी महत्वपूर्ण पदाधिकारियों को जिनमें कार्यकारिणी सदस्यों ज़िला कांग्रेस, ब्लॉक कांग्रेस, महिला कांग्रेस, सेवा दल, एनएसयूआइ, यूथ कांग्रेस, इंटक, सभी प्रकोष्ठ के अध्यक्ष को अपने साथियों के साथ प्रदर्शन में शामिल होने के लिए कहा है। लक्की का कहना है कि इस दौरान कार्यकर्ताओं द्वारा प्रदर्शन में थालियां बजाई जाएंगी।

chat bot
आपका साथी