हिमाचल के पूर्व सीएम धूमल को हराने वाले MLA राजेंद्र राणा चंडीगढ़ निगम चुनाव में कांग्रेस के लिए करेंगे कमाल

राजेंद्र राणा ने कहा कि जिस तरह हिमाचल प्रदेश में हाल ही में 3 विधानसभा व एक लोकसभा सीट के उपचुनाव में कांग्रेस ने जीत का डंका बजाते हुए भाजपा को चारों खाने चित किया है उसी तरह का इतिहास चंडीगढ़ नगर निगम के चुनाव में भी अब दोहराया जाएगा।

By Ankesh ThakurEdited By: Publish:Wed, 08 Dec 2021 12:14 PM (IST) Updated:Wed, 08 Dec 2021 12:14 PM (IST)
हिमाचल के पूर्व सीएम धूमल को हराने वाले MLA राजेंद्र राणा चंडीगढ़ निगम चुनाव में कांग्रेस के लिए करेंगे कमाल
हिमाचल प्रदेश के सुजानपुर से कांग्रेस विधायक राजेंद्र राणा। फाइल फोटो

जागरण संवाददाता, चंडीगढ़। हिमाचल प्रदेश के सुजानपुर से कांग्रेस विधायक राजेंद्र राणा को हाईकमान ने चंडीगढ़ नगर निगम चुनाव के लिए आब्जर्वर बनाया है। अखिल भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस की ओर से चंडीगढ़ नगर निगम में चुनाव कोऑर्डिनेटर नियुक्त किए गए सुजानपुर के विधायक व हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष राजेंद्र राणा ने शहर में डेरा जमा लिया हैं। बता दें कि चंडीगढ़ में 15 प्रतिशत हिमाचली वोट बैंक है। ऐसे में कांग्रेस ने इन मतदाताओं को रिझाने के लिए राजेंद्र राणा को कमान सौंपी है। वहीं, विधायक राजेंद्र राणा ने हिमाचल के वोट बैंक को साधने के लिए मोर्चा संभाल लिया है।

कांग्रेस ने हिमाचल के भाजपा नेताओं को टक्कर देने के लिए हिमाचल कांग्रेस के नेताओं को चंडीगढ़ नगर निगम चुनाव के बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है। कांग्रेस ने विधायक राजेंद्र राणा को आब्जर्वर बनाया है तो वहीं, इंदु गोस्वामी को चुनाव सह प्रभारी की जिम्मेदारी दी है। राजेंद्र राणा ने 2017 के विधानसभा चुनाव में केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर के पिता व हिमाचल के पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल को सुजानपुर सीट के हराया था। ऐसे में अब यह लड़ाई चंडीगढ़ निगम चुनाव तक पहुंच गई है। अब देखना यह होगा कि राजेंद्र राणा का कांग्रेस को चुनाव में कितना फायदा मिलता है। हालांकि राजेंद्र राणा शहर के भली भांति जानते हैं। उनका यहां स्थायी निवास भी है।

वहीं, निगम चुनाव में भाजपा के लिए अनुराग ठाकुर 10 दिसंबर को चंडीगढ़ आएंगे और शहर में बसे हिमाचली वोट बैंक को रिझाने का प्रयास करेंगे। 15 दिसंबर को हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर भी चंडीगढ़ आएंगे और भाजपा प्रत्याशियों के लिए प्रचार करेंगे।

विधायक राजेंद्र राणा ने मंगलवार पार्टी कार्यालय में निगम के सभी 35 वार्डों के पार्टी प्रत्याशियों के साथ बैठक की। बैठक में राजेंद्र राणा के साथ ही पार्टी द्वारा नियुक्त दूसरे चुनाव कोऑर्डिनेटर अभिषेक दत्त और चंडीगढ़ कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सुभाष चावला, मनीष बंसल, पवन शर्मा, डीडी जिंदल, राजेश शर्मा, राजीव शर्मा भी उपस्थित थे।

भाजपा ने बिगाड़ी चंडीगढ़ की सुंदरता

राजेंद्र राणा ने कहा कि चंडीगढ़ के निर्माण व विकास में कांग्रेस पार्टी की महत्वपूर्ण भूमिका रही है और देश के पहले प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू व पंजाब के तत्कालीन मुख्यमंत्री प्रताप सिंह कैरों ने चंडीगढ़ को एशिया का सबसे खूबसूरत शहर बनाने का स्वपन संजोते हुए इसे मूर्त रूप प्रदान किया था। उन्होंने कहा चंडीगढ़ नगर निगम की गिनती कभी देश के पहले तीन सर्वाधिक स्वच्छ नगरों में होती थी, लेकिन नगर निगम में पिछले 10 साल के भाजपा शासन के दौरान चंडीगढ़ पहले तीन स्थानों से खिसक कर अब 66 वें स्थान पर पहुंच गया है, जो हर चंडीगढ़ वासी के लिए चिंता की बात है। चंडीगढ़ को उसका खोया गौरव दिलाने के लिए भाजपा को नगर निगम से बेदखल करना और कांग्रेस को नगर निगम की कमान मिलना बेहद जरूरी है।

हिमाचल में कांग्रेस ने भाजपा को चारों खाने चित किया

राणा ने कहा कि जिस तरह हिमाचल प्रदेश में हाल ही में 3 विधानसभा व एक लोकसभा सीट के उपचुनाव में कांग्रेस ने जीत का डंका बजाते हुए भाजपा को चारों खाने चित किया है, उसी तरह का इतिहास चंडीगढ़ नगर निगम के चुनाव में भी अब दोहराया जाएगा। नगर निगम में इस बार कांग्रेस क्लीन स्वीप करके भाजपा को जोरदार झटका देगी। पेट्रोल, डीजल व रसोई गैस के दाम आम आदमी की जेब पर भारी पड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कांग्रेस पार्टी ने नगर निगम के सभी वार्डों में ईमानदार, समर्पित व जुझारू छवि के प्रत्याशी मैदान में उतारे हैं जो लगातार अपने वार्डों में लोगों के सुख-दुख में शामिल रहते आए हैं और स्थानीय समस्याओं को भलीभांति समझते हैं। राजेंद्र राणा ने कहा कि नगर निगम के सभी वार्डों के प्रत्याशी इस चुनाव में भाजपा का पोल खोल अभियान चलाएंगे और पूरे दमखम के साथ कांग्रेस इस चुनाव को लड़ेगी।

chat bot
आपका साथी