कांग्रेस का आरोप, हेल्थ डिपार्टमेंट और प्रशासन की लापरवाही से चंडीगढ़ में फैला डेंगू, एसी कमरों से फिल्ड में निकलें अधिकारी

चंडीगढ़ में बढ़ रहे डेंगू को लेकर कांग्रेस अध्यक्ष सुभाष चावला और महासचिव एचएस लक्की ने प्रशासन पर आरोप लगाया है। उनका कहना है कि शहर में डेंगू को नियंत्रित करने में चंडीगढ़ प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह से असफल रहा है।

By Ankesh ThakurEdited By: Publish:Wed, 13 Oct 2021 09:46 AM (IST) Updated:Wed, 13 Oct 2021 09:46 AM (IST)
कांग्रेस का आरोप, हेल्थ डिपार्टमेंट और प्रशासन की लापरवाही से चंडीगढ़ में फैला डेंगू, एसी कमरों से फिल्ड में निकलें अधिकारी
कांग्रेस ने प्रशासक बनवारी लाल पुरोहित से इस मामले में हस्तक्षेप करने की मांग की है।

जागरण संवाददाता, चंडीगढ़। शहर में डेंगू का प्रकोप बढ़ रहा है। अब तक 150 के करीब डेंगू मरीज सामने आ चुके हैं। वहीं, शहर में बढ़ रहे डेंगू के लिए चंडीगढ़ कांग्रेस ने स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन को जिम्मेदार बताया है। कांग्रेस का आरोप है कि हेल्थ डिपार्टमेंट और एडमिनिस्ट्रेशन की लापरवाही के कारण डेंगू फैल रहा है। अधिकारी फिल्ड में जाने की बजाए एसी कमरों में बैठक करके अपनी जिम्मेदारी से भाग रहे हैं। ट्राईसिटी में डेंगू का प्रकोप बढ़ता जा रहा है। 1300 से ज्यादा मरीज तीनों शहरों में मिल चुके हैं। वहीं, चंडीगढ़ में एक महिला की मौत भी हो चुकी है। मोहाली में आठ लोगों की डेंगू से जान चली गई है। कांग्रेस ने प्रशासक बनवारी लाल पुरोहित से इस मामले में हस्तक्षेप करने की मांग की है।

शहर में बढ़ रहे डेंगू को लेकर कांग्रेस अध्यक्ष सुभाष चावला और महासचिव एचएस लक्की ने प्रशासन पर आरोप लगाया है। उनका कहना है कि शहर में डेंगू को नियंत्रित करने में चंडीगढ़ प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह से असफल रहा है। डेंगू के मरीजों की संख्या दिन-प्रतिदिन बढ़ती जा रही है और स्वास्थ्य विभाग हाथ पर हाथ धरे बैठा है। शहरवासी पहले से ही कोविड और विभाग द्वारा इसके ठीक ढंग से नहीं देखने के कारण पीड़ित हैं और अब डेंगू के फैलने से चंडीगढ़ के निवासियों में भय की स्थिति है। डेंगू के लारवा का तुरंत पता लगाने और इसके प्रसार को रोकने के लिए कदम उठाने की मांग की है।

चावला और लक्की ने मच्छरों और कीड़ों को नियंत्रण में रखने के लिए शहर के हर हिस्से में फागिंग करवाए जाने की मांग की। उन्होंने कहा कि उन अधिकारियों की जिम्मेदारी तय की जानी चाहिए जो अपने कर्तव्य का पालन करने में विफल रहे हैं। उन्होंने प्रशासक चंडीगढ़ बनवारी लाल पुरोहित से अपील की कि वह स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों को एसी कमरों में बैठक करने के बजाय मैदान में जाने के निर्देश जारी करें। विभाग को डेंगू के प्रसार की जांच के लिए लोगों को अवेयर करने के लिए जागरूकता अभियान चलाना चाहिए। इस समय शहरवासियों को फागिंग करवाने के लिए परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

chat bot
आपका साथी