बेटे की शादी के बहाने पूर्व मंत्री बलबीर सिंह सिद्धू के घर पहुंचे सीएम चरणजीत चन्नी, गिले शिकवे किए दूर

पंजाब के मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी के बेटे की शादी 10 अक्टूबर को होनी है। इस बहाने सीएम चन्नी नाराज पूर्व मंत्री बलबीर सिंह सिद्धू के घर पहुंचे और उन्हें बेटे की शादी में आने का न्योता दिया।

By Kamlesh BhattEdited By: Publish:Tue, 05 Oct 2021 02:04 PM (IST) Updated:Tue, 05 Oct 2021 02:04 PM (IST)
बेटे की शादी के बहाने पूर्व मंत्री बलबीर सिंह सिद्धू के घर पहुंचे सीएम चरणजीत चन्नी, गिले शिकवे किए दूर
बलबीर सिंह सिद्धू व चरणजीत सिंह चन्नी की फाइल फोटो।

रोहित कुमार, मोहाली। पंजाब के मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी के बेटे की 10 अक्टूबर को शादी है। शादी का न्यौता देने के बहाने मुख्यमंत्री चन्नी गत देर रात पूर्व स्वास्थ्य मंत्री बलबीर सिंह सिद्धू के घर पहुंचे। इस दौरान चन्नी ने जहां बेटे की शादी का न्यौता दिया, वहीं राजनीति को लेकर भी चर्चा की। बता दें, चन्नी के मुख्यमंत्री बनने के बाद मोहाली से तीन बार विधायक रहे बलबीर सिंह सिद्धू से मंत्री पद छिन गया है। इसके बाद बलबीर सिंह सिद्धू ने प्रेस वार्ता कर पूछा था कि पार्टी हाईकमान बताए हमारा कसूर क्या है। इसके साथ ही सिद्धू भावुक हो गए थे। 

सोमवार देर रात मुख्यमंत्री के साथ सिद्धू के घर वित्त मंत्री मनप्रीत बादल और कांग्रेसी नेता हरीश चौधरी भी मौजूद रहे। पंजाब में सत्ता परिवर्तन के बाद मोहाली नगर निगम की मेयर की कुर्सी पर बैठे बलबीर सिंह सिद्धू के भाई अमरजीत सिंह जीती सिद्धू को हटाने की बातें भी होने लगी थी। ध्यान रहे कि कई पार्षद भी सिद्धू गुट से नाराज चल रहे हैं। हालांकि ये दिखाने की कोशिश की जा रही है कि सब कुछ ठीक है।

बलबीर सिंह सिद्धू भी कह चुके हैं कि वह चाहे कैबिनेट में नहीं हैं, लेकिन वह अपना काम कर रहे हैं। हालांकि सिद्धू ने ये भी कहा था कि सरकार काम कर रही है या नहीं ? ये तो सरकार के मंत्री या फिर मुख्यमंत्री ही बता सकते हैं। पूर्व सीएम कैप्टन अमरिंदर सिंह का खास होने के कारण ये भी अटकलें लगाई जा रही थी कि अगर कैप्टन अमरिंदर सिंह अपनी अलग पार्टी बनाते हैं तो क्या बलबीर सिंह सिद्धू कैप्टन की पार्टी में शामिल होंगे ? क्योंकि सिद्धू पहले ही कह चुके हैं कि कैप्टन के उन पर बहुत अहसान हैं। कैप्टन के कारण ही उन्हें मंत्री पद मिला था। पंजाब विधानसभा चुनाव में कुछ माह ही बचे हैं। ऐसे में कांग्रेस का चेहरा कौन होगा ये कुछ दिन बाद साफ होगा।

chat bot
आपका साथी