मनोहर लाल ने उठाया पानी और हवा के रोमांच का लुत्फ

हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल रविवार को हरियाणा के पर्यटन स्थल मोरनी में फुल फार्म में नजर आए। मुख्यमंत्री के इस अंदाज के सभी लोग कायल हो गए। 67 वर्षीय मनोहर लाल ने एडवेंचर स्पो‌र्ट्स का एक युवा की तरह लुत्फ उठाया।

By JagranEdited By: Publish:Sun, 20 Jun 2021 11:08 PM (IST) Updated:Sun, 20 Jun 2021 11:08 PM (IST)
मनोहर लाल ने उठाया पानी और हवा के रोमांच का लुत्फ
मनोहर लाल ने उठाया पानी और हवा के रोमांच का लुत्फ

राजेश मलकानियां, पंचकूला

हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल रविवार को हरियाणा के पर्यटन स्थल मोरनी में फुल फार्म में नजर आए। मुख्यमंत्री के इस अंदाज के सभी लोग कायल हो गए। 67 वर्षीय मनोहर लाल ने एडवेंचर स्पो‌र्ट्स का एक युवा की तरह लुत्फ उठाया। उन्होंने माना कि एडवेंचरस खेलों में रिस्क तो है, लेकिन यदि हम रिस्क नहीं लेंगे, तो हमारी उम्र के लोग ऐसे खेलों का आनंद नहीं ले पाएंगे। इसलिए मैंने खुद एक उदाहरण पेश किया है। उम्मीद करता हूं कि मेरी उम्र के लोग भी मोरनी की वादियों में एडवेंचर स्पो‌र्ट्स का मजा लेने जरूर आएंगे।

कार्यक्रम के दौरान एक प्रबंधक ने मुख्यमंत्री को बताया कि इसमें कुछ एडवेंचर स्पो‌र्ट्स में काफी रिस्क है। इतना सुनते ही मुख्यमंत्री बोले, तो तुमने हमें रिस्क में डाल दिया। यह सुनते ही सभी ठहाके लगाकर हंस पड़े। खेल गतिविधियों के लिए अभी करना होगा थोड़ा इंतजार

मुख्यमंत्री ने बताया कि इन खेलों का संचालन पर्यटन निगम के नियंत्रण में पीपीपी मोड पर होगा। अभी कुछ समय लगेगा शुरू होने में, लेकिन सभी प्रकियाएं पूरी होने के बाद ही खेलों को शुरू करेंगे। सभी खिलाड़ियों का इंश्योरेंस भी करवाया जाएगा। 45 किमी प्रतिघंटा की स्पीड से टिक्कर ताल में की जेट स्कूटर की सवारी

रविवार को मुख्यमंत्री हैलीकॉप्टर के जरिये सुबह पौने 12 बजे टिक्कर ताल पहुंचे। जहां पर उन्होंने एडवेंचर स्पो‌र्ट्स के बारे में जानकारी ली। सीएम ने सबसे पहले पानी में रफ्तार भरने वाले जेट स्कूटर को झंडी दिखाई। राइडर ने पहले खुद स्कूटर चलाया। उसके बाद उन्होंने पीछे बैठकर इस स्कूटर को चलाने के बारे में जानकारी ली। उन्होंने लगभग 10 मिनट तक टिक्करताल के पानी में 45 किलोमीटर प्रतिघंटा की स्पीड से स्कूटर की सवारी की। मनोहर लाल ने कहा कि यह स्कूटर चलाकर काफी रोमांचक महसूस हुआ। यदि आपके हौसले बुलंद हैं, तो आप कुछ भी कर सकते हैं। हम सरकार और कार दोनों ही बुलंद हौसले से चला रहे हैं। हॉट बैलून पर चढ़कर किया ग्रामीणों का अभिवादन

मनोहर लाल ने हॉट बैलून का भी आनंद उठाया। हॉट बैलून के जरिये मुख्यमंत्री लगभग 40 फुट ऊंचाई तक गए। इस दौरान मोरनी के लोग भी पहाडि़यों पर खड़े थे। उन्होंने मुख्यमंत्री को भी हाथ जोड़कर नमस्ते की, तो मुख्यमंत्री ने भी हाथ खिलाकर उनका अभिवादन किया। पिजौर में होगी हॉट बैलून की शुरुआत

मुख्यमंत्री ने बताया कि अटल बिहारी वाजपेयी इंस्टीट्यूट ऑफ माउंटेनियरिग एंड एलायड स्पो‌र्ट्स, मनाली के प्रबंधकों का कहना है कि मोरनी में हॉट एयर बैलून के लिए यहां की हवा अनुकूल नहीं है। यहां केवल सुबह पांच से छह बजे, शाम को सात बजे से आठ बजे तक ही हॉट एयर बैलून की राइड की जा सकती है। इस टाइम पीरियड में पर्यटक मिलना मुश्किल होगा। इसलिये पिजौर में हॉट बैलून शुरू किया जाएगा। हवा में 15 मिनट घूमते रहे सीएम

मुख्यमंत्री ने स्कूटर बिग एयर का भी जमकर मजा लिया। इस एडवेंचर स्पो‌र्ट्स का हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष ज्ञान चंद गुप्ता, पर्यटन मंत्री कंवरपाल गुजर्र और खेलमंत्री संदीप सिंह ने भी मजा लिया। सबसे पहले संदीप सिंह, फिर ज्ञान चंद गुप्ता और उसके बाद मुख्यमंत्री स्कूटर बिग एयर से हवा में उड़े।

chat bot
आपका साथी