चंडीगढ़ महिला कांग्रेस अध्यक्ष दीपा दुबे का आरोप- नगर निगम की कार्यप्रणाली से शहरवासी परेशान

चंडीगढ़ महिला कांग्रेस पार्टी की अध्यक्ष दीपा दुबे ने भाजपा शासित नगर निगम की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने आरोप लगाया है कि शहर में जगह-जगह आग लगने की घटनाएं हो रही है लेकिन नगर निगम लोगों की परेशानी को अनदेखा कर रहा है।

By Ankesh KumarEdited By: Publish:Mon, 12 Apr 2021 01:27 PM (IST) Updated:Mon, 12 Apr 2021 01:27 PM (IST)
चंडीगढ़ महिला कांग्रेस अध्यक्ष दीपा दुबे का आरोप- नगर निगम की कार्यप्रणाली से शहरवासी परेशान
चंडीगढ़ महिला कांग्रेस अध्यक्ष दीपा दुबे की फाइल फोटो।

चंडीगढ़, जेएनएन। चंडीगढ़ महिला कांग्रेस पार्टी की अध्यक्ष दीपा दुबे ने भाजपा शासित नगर निगम की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। चंडीगढ़ के सेक्टर 15 और 14 की डिवाइडिंग रोड के साथ साइकिल ट्रैक पर सूखे पत्तों में बीते रविवार आग लग गई थी। इस पर महिला कांग्रेस की अध्यक्ष दीपा दुबे ने बताया कि आग लगने के बाद यहां पर कोई हॉर्टिकल्चर, एमएचओ और कोई अन्य अधिकारी सुध लेने के लिए नहीं आया। चंडीगढ़ में जगह जगह आग की घटनाएं हो रही हैं और इससे निकलना वाला धुएं से लोगों को सांस लेना मुश्किल हो रहा है।

दीपा दूबे ने कहा कि जिस जगह आग की घटना हुई है उसकी दूसरी तरफ सेक्टर-15 के घर हैं। यदि नगर निगम द्वारा इन सूखे पत्तों को यहां से नहीं उठाया गया तो आने वाले दिनों में भी जगह जगह आग लग जाएगी। नगर निगम के कर्मचारी सिर्फ आंखें मूंदे देख रहे हैं लेकिन कोई भी काम करने को तैयार नहीं है।

दीपा ने लोगों से अपील की है कि चंडीगढ़ में जहां कहीं भी आगजनी का मामला आपके सामने आता है। उसे सोशल मीडिया पर शेयर करें ताकि नगर निगम की आंखें खुल सके। नगर निगम में एक दर्जन से ज्यादा कमेटी बनाई गई हैं, लेकिन जमीनी स्तर पर निगम और उनके पार्षद अपने एरिया में कुछ नहीं कर रहे हैं। जगह जगह सूखे पत्तों के ढेर लगे हुए हैं। साइकिल ट्रैक पत्तों से भर गए हैं।

दुबे ने बताया कि जैसे डड्डूमाजरा, धनास और उनके आसपास के सेक्टरों में डंपिंग ग्राउंड की दुर्गंध से लोगों को सांस लेना भी मुश्किल है। उसी प्रकार शहर में हर रोज कहीं न कहीं आग लगती है और आमजन का सांस लेना बहुत ही मुश्किल हुआ हुआ है। नगर निगम को पता है कि पतझड़ का मौसम है तो इससे पहले ही क्यों नहीं इन पत्ताें को उठाने की व्यवस्था की जाती है।

उन्होंने कहा कि वह जल्द ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र के माध्यम से और पत्र के साथ कुछ तस्वीरें भेजेंगे जिसमें प्रधानमंत्री को पता चले कि चंडीगढ़ का नगर निगम कैसे चंडीगढ़ को स्मार्ट सिटी बना रहा है। कांग्रेस के समय चंडीगढ़ स्वच्छता रैंकिंग में नंबर-1 पर था लेकिन अब 29वें नंबर पर पहुंच गया है। उनका कहना है कि जैसे शहर के हालात हैं उससे लगता है जल्द ही शहर 100वें नंबर पर होगा।

chat bot
आपका साथी