Chandigarh Weather Update: चंडीगढ़ में बदला मौसम, सुबह छाई हल्की धुंध, धूप गायब होने से बढ़ी ठंड

Chandigarh Weather Update आज से दिसंबर की शुरुआत हो गई है। ऐसे में मौसम ने भी करवट ले ली है। शहर में आज मौसम का मिजाज अलग अंदाज में नजर आ रहा है। बीते दिनों से खिल रही धूप आज गायब हो चुकी है।

By Ankesh ThakurEdited By: Publish:Wed, 01 Dec 2021 08:56 AM (IST) Updated:Wed, 01 Dec 2021 08:56 AM (IST)
Chandigarh Weather Update: चंडीगढ़ में बदला मौसम, सुबह छाई हल्की धुंध, धूप गायब होने से बढ़ी ठंड
शहर में आज सुबह से ही बादलों ने डेरा जमा लिया है।

जेएनएन, चंडीगढ़। Chandigarh Weather Update: आज से दिसंबर की शुरुआत हो गई है। ऐसे में मौसम ने भी करवट ले ली है। शहर में आज मौसम का मिजाज अलग अंदाज में नजर आ रहा है। बीते दिनों से खिल रही धूप आज गायब हो चुकी है। शहर ने आज सुबह से ही हल्की धुंध की चादर ओढ़ ली है। इस साल सर्दी के सीजन में यह पहली बार देखने को मिला है कि शहर में आज कोहरा छाया हुआ है। आसमान में बादल होने के कारण तापमान लुढ़का है। सुर्य आज बादलों के पीछे छुप गया है और ठंडी हवाएं चल रही है। ऐसे में आज ठंड का एहसास होने लगा है। आज सुबह 8 बजे शहर का तापमान 12 डिग्री दर्ज किया गया जो कि बीते दिनों के मुकाबले सबसे कम स्तर पर रहा है।

हालांकि मौसम विभाग ने पहली और दूसरी दिसंबर को बादल छाने के साथ बारिश की संभावना जताई जताई है। वहीं, ठंड बढ़न के साथ शहर का प्रदूषण स्तर भी बढ़ गया है। आज सुबह शहर का एक्यूआइ 130 दर्ज किया गया है। अगर आने वाले दिनों में बारिश होती है तो हवा में फैले प्रदूषण के कण जमींदोज हो जाएंगे। जिससे पॉल्यूशन भी कम हो जाएगा।

वहीं, हिमाचल प्रदेश में अगले तीन दिन तक बारिश-बर्फबारी की संभावना जताई है। प्रदेश के मैदानी भागों में एक से तीन दिसंबर तक बारिश की संभावना है। प्रदेश में मध्य पर्वतीय और उच्च पर्वतीय भागों में बारिश-बर्फबारी के आसार हैं। ऐसे में इसका सीधा असर चंडीगढ़ में भी पड़ेगा। शहर में बारिश होती है तो ठंड का बढ़ना स्वाभाविक है। हालांकि लोग ठंड का इंतजार कर रहे थे। नवंबर में ठंड का असर न के बराबर रहा है। ऐसे में अब दिसंबर की शुरुआत मौसम के अलग अंदाज के साथ हुई है।

यह रहेगा मौसम

मौसम विभाग के मुताबिक आज शहर में बादल छाए रहेंगे, जिससे तापमान में गिरावट आएगी और अधिकतम तापमान 23 डिग्री व न्यूनतम तापमान नौ डिग्री तक रहने की संभावना जताई है। वीरवार को बादल छाए रहेंगे। अधिकतम तापमान 23 डिग्री और न्यूनतम तापमान 11 डिग्री रह सकता है। शुक्रवार को शहर का मौसम लगभग ऐसा ही रहेगा। बादल छाने से अधिकतम तापमान 22 डिग्री और न्यूनतम तापमान 11 डिग्री तक जा सकता है।

chat bot
आपका साथी