Chandigarh Weather Forecast : चंडीगढ़ में बारिश से मौसम हुआ खुशनुमा, शहरवासियों को मिली गर्मी से राहत
Chandigarh Weather Forecast चंडीगढ़ में बुधवार सुबह हुई बारिश के बाद मौसम काफी खुशनुमा हो गया है। इससे शहर वासियों ने गर्मी से राहत महसूस की है। देर रात से आसमान में छाए बादलों की वजह से रात के तापमान में भी गिरावट देखने को मिल रही है।
चंडीगढ, जेएनएन। शहर में बुधवार सुबह हुई बारिश के बाद मौसम काफी खुशनुमा हो गया है। इससे शहर वासियों ने गर्मी से राहत महसूस की है। हालांकि अभी भी रिमझिम बारिश का दौर जारी है। बारिश के कारण तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है। देर रात से आसमान में छाए बादलों की वजह से रात के तापमान में भी गिरावट देखने को मिल रही है। आज सुबह से ही बादल छाए रहने के साथ ही हल्की बूंदाबांदी हो रही थी लेकिन बाद में तेज बारिश हुई, जिस वजह से मौसम के मिजाज में एकदम तब्दीली देखने को मिल रही है।
बीते मंगलवार को शहर का अधिकतम तापमान 37 डिग्री दर्ज किया गया था लेकिन आज दिन का तापमान 35 डिग्री सेल्सियस तक रहने के आसार हैं। मौसम विभाग के अनुसार आज बारिश होगी और कल से लोगों को एक बार फिर गर्मी का सामना करना पड़ेगा। खबर लिखे जाने तक शहर का तापमान 24 डिग्री सेल्सियस है और आसमान में बादल छाए रहने के साथ ही हल्की हल्की बारिश हो रही है।
मौसम विभाग के अनुसार इस बार देश भर में मानसून की रफ्तार कुछ तेज है। शहर में अगले एक हफ्ते तक बारिश के कोई आसार नजर नहीं आ रही है। पंजाब और हरियाणा के लिए चेतावनी जारी करते हुए मौसम विभाग ने कहा है कि इन दोनों राज्यों के कुछ इलाकों में अगले 48 घंटों तक तेज बारिश के साथ 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं भी चलेंगी। मौसम में होने वाले बदलाव का कारण वेस्टर्न डिस्टरबेंस को माना जा रहा है। आने वाले दिनों में तापमान के साथ हवा में नमी बढ़ेगी, मगर लू चलने की संभावना नहीं है। 17 जून से जो मानसून शहर में एक्टिव हुआ है वह कमजोर पड़ जाएगा। 1 सप्ताह तक गर्मी का कहर जमकर बरसेगा लेकिन उसके बाद एक बार फिर बारिश होने के आसार बन रहे हैं।