Chandigarh Weather Forecast: आज भी सताएगी गर्मी और उमस, अगले 24 घंटें में बारिश के आसार
बीते 5 दिनों से शाम के समय शहर में बादल तो छा रहे हैं लेकिन बारिश नहीं हो रही। मौसम विभाग के अनुसार पंजाब और पाकिस्तान से एक वेस्टर्न डिस्टरबेंस एक्टिव हो रहा है जिसकी वजह से अगले 24 घंटे में शहर में भी बारिश के आसार बन रहे हैं।
जागरण संवाददाता, चंडीगढ़। चंडीगढ़ में आज भी शहरवासियों को गर्मी से निजात नहीं मिलने वाली। मौसम विभाग के अनुसार आज तापमान 43 डिग्री के पार जाने की संभावना है। सुबह से आसमान साफ है और तेज धूप निकल आई है, जिससे लोगों को चिपचिपाती और उमस भरी गर्मी का सामना करना पड़ रहा है। शाम के समय बादल छाने से गर्मी से थोड़ी राहत जरूर मिल रही थी।
बीते 5 दिनों से शाम के समय शहर में बादल तो छा रहे हैं लेकिन बारिश नहीं हो रही। मौसम विभाग के अनुसार पंजाब और पाकिस्तान से एक वेस्टर्न डिस्टरबेंस एक्टिव हो रहा है जिसकी वजह से अगले 24 घंटे में शहर में भी बारिश के आसार बन रहे हैं। वहीं पूर्वी हवाओं के चलने से उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में बारिश हो रही है। इस वजह से भी शहर में आगामी 24 घंटे में मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है और राहत की बारिश के आसार बन रहे हैं।
बादल छाने और हवाओं के चलने से रात का मौसम तो थोड़ा सुहावना हो रहा है लेकिन दिन के समय में गर्मी से लोग बेहाल हैं। शुक्रवार सुबह 8 बजे तक शहर में तापमान 31 डिग्री सेल्सियस के पास पहुंच गया है। मौसम विभाग के अनुसार शहरवासियों को दिन के समय गर्मी का सामना करना पड़ सकता है। दोपहर के बाद उमस और चिपचिपाती गर्मी का दौर चलेगा। शाम के समय मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है और बादल छाने के साथ हवाएं चल सकती हैं।
मौसम विभाग के अनुसार आने वाले 24 से 48 घंटे के बीच बारिश होने की संभावना है। इस बार शहर में मानसून ने 13 जून को दस्तक दी थी लेकिन उसके बाद लगातार मॉनसून कमजोर पड़ता गया है। आलम यह है कि बादल तो छा रहे हैं लेकिन बारिश नहीं हो रही है।