Chandigarh Weather Forecast: चंडीगढ़ में अगले 3 दिन बारिश के आसार, दो दिन में हुई 44.8 एमएम बारिश

Chandigarh Weather Forecast शहर में बीते दो दिन में 44.8 एमएम बारिश दर्ज की गई है। हालांकि अब मानसून सीजन खत्म होने वाला है। वहीं मौसम विभाग के मुताबिक शहर में अब अगले तीन दिन बारिश के आसार बने हुए हैं।

By Ankesh ThakurEdited By: Publish:Sat, 11 Sep 2021 08:29 AM (IST) Updated:Sat, 11 Sep 2021 08:29 AM (IST)
Chandigarh Weather Forecast: चंडीगढ़ में अगले 3 दिन बारिश के आसार, दो दिन में हुई 44.8 एमएम बारिश
अगले तीन दिन बारिश होती है तो सुखना के फ्लड गेट खोलने की नौबत पड़ सकती है। फाइल फोटो

जागरण संवाददाता, चंडीगढ़। Chandigarh Weather Forecast: शहर में आने वाले तीन दिनों तक तेज बारिश के आसार बने हुए हैं। वीरवार और शुक्रवार को अल सुबह हुई बारिश के कारण मौसम में ठंडक बनी हुई है। शहर में आज भी बारिश के आसार बने हुए हैं। बारिश के चलते आज अधिकतम तापमान 31 डिग्री तक जा सकता है। इससे पहले जहां दिन में गर्मी और उमस शहरवासियों को परेशान कर रही थी, लेकिन बारिश के कारण सुबह और रातें हल्की ठंडी हो गई हैं। वहीं, आज भी शहर में बादलों ने डेरा जमाया हुआ है, जिसके चलते सुबह सात बजे तापमान 26 के करीब दर्ज किया गया है।

मौसम विभाग के मुताबिक बीते दो दिन में शहर में लगभग 44.8 एमएम बारिश हुई है। वीरवार को 25.5 एमएम और शुक्रवार को 19.3 एमएम बारिश रिकार्ड की गई है। चंडीगढ़ मौसम विभाग केंद्र के निदेशक मनमोहन सिंह के मुताबिक शहर में वेस्टर्न डिस्टर्बेंस सक्रिय होने की वजह से अगले तीन दिन शहर में बारिश के आसार हैं। पंजाब, हरियाणा और हिमाचल प्रदेश के कई जिलों में हो रही बारिश का असर ट्राईसिटी में भी देखने को मिला है। हरियाणा में बीते 24 घंटे में अंबाला, कुरुक्षेत्र और यमुनानगर जैसे जिलों में बारिश हुई है। वहीं पंजाब में भी कुछ जिलों में तेज बारिश हो रही है। वहीं, चंडीगढ़ में सुबह बारिश के बाद दाेपहर को धूप निकल रही है। विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में बारिश के चलते तापमान में दो से तीन डिग्री की गिरावट हो सकती है।

चार से पांच दिन में वापस चला जाएगा मानसून

मौसम विभाग के अनुसार मानूसन सीजन के अब चार से पांच दिन शेष रह गए हैं। वहीं इस मानसून सीजन में बारिश भी सामान्य से 40 फीसद तक कम हुई है। ऐसे में अगर शेष दिनों में रोजाना भी 30-30 एमएम बारिश होती है तो भी इस बार मानसून कमजोर ही माना जाएगा। जून, जुलाई और अगस्त में ज्यादा मानसून की बारिश नहीं हुई है। वहीं सितंबर में अभी तक चार बार बारिश हो चुकी है।

आगे मौसम का हाल

शनिवार को बादल छाए रहने के साथ हल्की बारिश की संभावना है। वहीं अधिकतम तापमान 33 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री दर्ज किया जा सकता है। रविवार को भी बारिश के आसार हैं। ऐसे में अधिकतम तापमान 31 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री रहेगा। सोमवार को आंशिक तौर पर बादल रहेंगे।ऐसे में अधिकतम तापमान 32 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री रह सकता है।

खुल सकते हैं सुखना के फ्लड गेट

मौसम विभाग के मुताबिक अगर इन 3 दिनों तक शहर में तेज बारिश होती है तो फिर सुखना लेक के फ्लड गेट दोबारा खोले जा सकते हैं। गौरतलब है कि पिछले महीने दो बार फ्लड गेट खोले गए थे। हालांकि अभी सुखना लेक का जलस्तर खतरे के निशान से नीचे है, लेकिन अगर मौसम विभाग के अनुसार 3 दिन बारिश होती है तो जलस्तर खतरे के निशान तक पहुंच सकता है, जिससे फ्लड गेट खोलने की नौबत पड़ सकती है।

chat bot
आपका साथी