पीजीआइ को सर्वश्रेष्ठ अस्पताल की श्रेणी का राष्ट्रीय पुरस्कार, दिल्ली में 11वें अंगदान दिवस कार्यक्रम के दौरान मिला सम्मान

नई दिल्ली में 11वें भारतीय अंगदान दिवस कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पीजीआइ चंडीगढ़ को सर्वश्रेष्ठ अस्पताल की श्रेणी में राष्ट्रीय पुरस्कार मिला। अंगदान के क्षेत्र में पीजीआइ चंडीगढ़ की ओर से किए जा रहे कार्यों की केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ. हर्ष वर्धन ने प्रशंसा की।

By Vinay KumarEdited By: Publish:Sat, 28 Nov 2020 08:12 AM (IST) Updated:Sat, 28 Nov 2020 08:12 AM (IST)
पीजीआइ को सर्वश्रेष्ठ अस्पताल की श्रेणी का राष्ट्रीय पुरस्कार, दिल्ली में 11वें अंगदान दिवस कार्यक्रम के दौरान मिला सम्मान
नई दिल्ली में कार्यक्रम के दौरान पुरस्कार हासिल करते हुए पीजीआइ चंडीगढ़ के डायरेक्टर प्रो. जगतराम। (जागरण)

चंडीगढ़ [विशाल पाठक]। पीजीआइ चंडीगढ़ को सर्वश्रेष्ठ अस्पताल की श्रेणी में राष्ट्रीय पुरस्कार मिला। पीजीआइ चंडीगढ़ को यह अवार्ड शुक्रवार को नई दिल्ली में निर्माण भवन में आयोजित 11वें भारतीय अंगदान दिवस कार्यक्रम के दौरान दिया गया। कार्यक्रम में केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. हर्ष वर्धन मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित थे। जबकि स्वास्थ्य और परिवार कल्याण राज्य मंत्री अश्वनी कुमार चौबे विशिष्ट अतिथि के तौर पर उपस्थित रहे।

अंगदान के क्षेत्र में पीजीआइ चंडीगढ़ की ओर से किए जा रहे कार्यों की केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ. हर्ष वर्धन ने प्रशंसा की। डॉ. हर्षवर्धन ने पीजीआइ चंडीगढ़ के डायरेक्टर प्रो. जगतराम को लगातार चौथी बार सर्वश्रेष्ठ अस्पताल की श्रेणी में राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित किया। इसके अलावा पीजीआइ के रोटो और अस्पताल प्रशासन को अंगदान के लिए लोगों को प्रेरित करने के लिए उनकी टीम को बधाई दी।

पीजीआइ के डॉ. नवदीप बंसल को बेस्ट ट्रांसप्लांट कोऑर्डिनेटर का अवॉर्ड

पीजीआइ के डॉ. नवदीप बंसल को इस कार्यक्रम में बेस्ट ट्रांसप्लांट कोऑर्डिनेटर अवार्ड से सम्मानित किया गया। डॉ. नवदीप बंसल की ओर से अंगदान के क्षेत्र में पीजीआइ में किए गए कार्यों व प्रयासों के लिए यह पुरस्कार दिया गया। इस दौरान पीजीआइ के कैरों ब्लॉक में वेब कास्ट के जरिए कार्यक्रम का टेलीकास्ट किया गया। पीजीआइ में आयोजित इस कार्यक्रम में स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय की ओर से वरिष्ठ क्षेत्रीय निदेशक डॉ. अमरजीत कौर उपस्थित रहीं। इस दौरान पीजीआइ के डीन प्रो. जीडी पूरी, मेडिकल सुपरिंटेंडेंट प्रो. एके गुप्ता, रिनल ट्रांसप्लांट सर्जरी के हेड प्रो. अशीष शर्मा,नेफरोलॉजी विभाग के हेड प्रो. एचएस कोहली मौजूद रहे।

प्रो. जगतराम ने सर्वश्रेष्ठ अस्पताल का अवार्ड अंगदान करने वाले परिवारों को किया समर्पित

प्रो. जगतराम ने सर्वश्रेष्ठ अस्पताल में मिले राष्ट्रीय पुरस्कार को अंगदान करने वाले परिवारों और अस्पताल में इस क्षेत्र में काम कर रहे डॉक्टरों और उनकी टीम को समर्पित किया। प्रो. जगतराम ने कहा आज अंगदान के क्षेत्र में लोगों को जागरूक करने की बहुत जरूरत हैं। ताकि अंगदान के जरिए हम लोगों की जान बचा सकें। अंगदान ही मात्र एक ऐसा तरीका जिसके जरिए हम किसी को नई जिंदगी दे सकते हैं और अपने करीबी को किसी और में जिंदा देख सकते हैं। उन्होंने कहा आज समाज में अंगदान को लेकर जो अंधविश्वास हैं, उसे खतम करने की जरूरत हैं। इसके अलावा लोगों को अंगदान पर सामाजिक ज्ञान की बेहद जरूरत है।

अंगदान करने वाले परिवारों काे किया गया सम्मानित

पीजीआइ में इस कार्यक्रम के दौरान अंगदान के जरिए दूसरों को नई जिंदगी देने वाले परिवारों को सम्मानित किया गया। इस दौरान अंगदाता 50 वर्षीय रेखा के पति धर्म पाल, 11 वर्षीय अमनदीप के पिता प्रताप सिंह और 35 वर्षीय सतीश कुमार के भाई अमरजीत सिंह को उनके परिवार के सदस्यों द्वारा किए गए अंगदान पर उनकी याद में सम्मानित किया गया।

chat bot
आपका साथी