कोरोना वैक्सीनेशन के मामले में चंडीगढ़ फिसड्डी, 18 से 45 साल की उम्र के सिर्फ 1928 लोगों ने लगवाया टीका
चंडीगढ़ में 18 साल से ऊपर वाले लोगों के टीकाकरण में देरी के चलते राष्ट्रीय स्तर से कई गुना पिछड़ चुका है। शहर में 18 से 45 साल की उम्र के अब तक 1928 लोगों ने ही टीकाकरण कराया है।
चंडीगढ़, [विशाल पाठक]। कोरोना टीकाकरण के मामले में लगातार सिटी ब्यूटीफुल चंडीगढ़ फिसड्डी साबित होता जा रहा है। 45 साल से अधिक उम्र के लोगों के टीकाकरण के दौरान भी राष्ट्रीय स्तर के मुकाबले शहर में कोई खास रुझान देखने को नहीं मिला। अब 18 साल से ऊपर वाले लोगों के टीकाकरण में देरी के चलते शहर राष्ट्रीय स्तर से कई गुना पिछड़ चुका है। शहर में 18 से 45 साल की उम्र के अब तक 1,928 लोगों ने ही टीकाकरण कराया है।
हरियाणा और दिल्ली में टीकाकरण चार लाख के पार:-
हरियाणा और दिल्ली की अगर बात करें तो यहां टीकाकरण का आंकड़ा चार लाख के पार जा चुके हैं। हरियाणा में अब तक 4,20,316 लोग टीकाकरण करा चुके हैं जबकि दिल्ली में 5,78,078 ने टीकाकरण कराया है।
अब तक शहर में 2,79,079 ने कराया टीकाकरण:-
स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक अब तक 2,79,079 लोग टीकाकरण करा चुके हैं। अब तक 23,100 हेल्थ केयर वर्कर वैक्सीन की पहली डोज और 14,227 दूसरी डोज लगवा चुके हैं। 21,025 फ्रंटलाइन वर्कर वैक्सीन की पहली डोज और 13,928 दूसरी डोज लगवा चुके हैं। 18 से 45 साल की उम्र के वैक्सीन की 1,928 पहली और तीन दूसरी डोज लगवा चुके हैं। 45 से 60 साल की उम्र के बीच के 91, 055 वैक्सीन की पहली डोज और 12,612 दूसरी डोज लगवा चुके हैं। 60 साल से अधिक उम्र के 68, 354 लोग वैक्सीन की पहली डोज और 32,847 दूसरी डोज लगवा चुके हैं।
पंजाब 18 से ऊपर वालों के टीकाकरण में पिछड़ा:-
चंडीगढ़ के बाद पंजाब 18 साल से ऊपर वालों के टीकाकरण में राष्ट्रीय स्तर से पीछे है। इसका मुख्य कारण यह है कि चंडीगढ़ के साथ पंजाब को भी 18 साल से ऊपर वालों के टीकाकरण के लिए देर में वैक्सीन की पर्याप्त डोज मिली। 1 मई से इन दोनों जगहों पर 18 से ऊपर वालों का टीकाकरण शुरू होना था
लेकिन वैक्सीन ना मिलने के कारण देर में इसकी शुरुआत हुई।
18 से 44 साल के बीच राज्यों में टीकाकरण की स्थिति:-
राज्य और यूटी लोगों की संख्या
जम्मू कश्मीर 32,168
पंजाब 6,961
चंडीगढ़ 1,928
हरियाणा 4,20,316
दिल्ली 5,78,078