Chandigarh Nagar Nigam House Meeting: छुट्टी वालेे दिन होगी सदन की बैठक, हंगामा होना तय

Chandigarh Nagar Nigam House Meeting इस बार चंडीगढ़ नगर निगम की बैठक छुट्टी वाले दिन होगी। हर बार की तरह इस बार भी बैठक में हंगामा होने के पूरे आसार बने हुए हैं। कांग्रेस पार्षदों ने मेयर को घेरने की योजना बनाई है।

By Ankesh ThakurEdited By: Publish:Thu, 23 Sep 2021 12:50 PM (IST) Updated:Thu, 23 Sep 2021 12:50 PM (IST)
Chandigarh Nagar Nigam House Meeting: छुट्टी वालेे दिन होगी सदन की बैठक, हंगामा होना तय
चंडीगढ़ नगर निगम कार्यालय की फाइल फोटो।

जागरण संवाददाता, चंडीगढ़। Chandigarh Nagar Nigam House Meeting: इस बार नगर निगम की सदन की बैठक 25 सितंबर को होगी। इस दिन शनिवार है। शनिवार को नगर निगम में अवकाश होता है लेकिन पहली बार ऐसा हो रहा है कि छुट्टी वाले दिन सदन की बैठक होगी। सदन की बैठक में कांग्रेस और भाजपा के पार्षदों के बीच जमकर राजनीति भी होगी। कांग्रेस पार्षद मेयर को घेरने की तैयारी कर रहे हैं।

नगर निगम चुनाव नजदीक हैं, इसलिए अब दिसंबर तक जितनी भी सदन की बैठकें होंगी उन सभी में जमकर हंगामा होगा। इस सदन की बैठक में कमिश्नर अनिंदिता मित्रा पेड पार्किंग पर कमेटी द्वारा तैयार की गई रिपोर्ट भी पेश करेंगी। रिपोर्ट के मुताबिक टेंडर की शर्तों के अनुसार पार्किंग में कौन कौन सी सुविधाओं का इजाफा हुआ है। इसके साथ ही कितनी पेड पार्किंग में सुविधाएं न होने पर जुर्माना लगाया गया है। पिछली सदन की बैठक में कांग्रेस पार्षदों ने पेड पार्किंग में स्मार्ट फीचर गायब होने के मामले को लेकर हंगामा किया था।

इसके साथ ही कांग्रेस सीवरेज सेस का भी मामला उठाएंगे। कांग्रेस पार्षद दल के नेता देवेंद्र सिंह बबला इस संबंध में मेयर रविकांत शर्मा को पत्र भी लिख चुके हैं। बबला का कहना है कि पिछले पांच माह पत्र लिखकर कहा था कि उन्होंने ऐसा टैक्स नहीं छोड़ा जो भाजपा ने चंडीगढ़ वासियोंं को तोहफे में नहीं दिया। पत्र में यह भी लिखा था कि नगर निगम सदन की बैठक में भाजपा मेयर और सभी पार्षद पानी के रेट बढ़ाने का ऐजेंडा लेकर आए थे तो कांग्रेस के सभी पार्षदों ने इसका विरोध किया। इसके बाद जब पानी के बिल 3 गुना बढ़कर और सीवरेज के 30 फीसद बढ़कर आया तब भी कांग्रेस ने शहरवासियो के साथ इसके विरोध में आवाज को बुलंद की। बबला ने कहा था कि अगर अगली हाउस मीटिंग से पहले सीवरेज चार्जेस कम नहीं किए गए तो हाउस मीटिंग को चलने नहीं देंगे। ऐसे में शनिवार को होने वाली सदन की बैठक में जमकर विरोध किया जाएगा।

chat bot
आपका साथी