चंडीगढ़ नगर निगम चुनाव: शिअद-बसपा का गठबंधन, आज होगी औपचारिक घोषणा, वार्ड भी होंगे तय

दिसंबर में होने वाले नगर निगम चुनाव के लिए शिरोमणि अकाली दल और बहुजन समाज पार्टी का गठबंधन हो गया है। इस पर सुखबीर बादल ने भी अपनी मंजूरी दे दी है। इसकी औपचारिक घोषणा आज शिअद और बसपा नेता प्रेसवार्ता करके करेंगे।

By Ankesh ThakurEdited By: Publish:Wed, 27 Oct 2021 09:51 AM (IST) Updated:Wed, 27 Oct 2021 09:51 AM (IST)
चंडीगढ़ नगर निगम चुनाव: शिअद-बसपा का गठबंधन, आज होगी औपचारिक घोषणा, वार्ड भी होंगे तय
पंजाब में विधानसभा चुनाव अकाली दल और बसपा आपस में गठबंधन करके चुनाव लड़ रही है।

जागरण संवाददाता, चंडीगढ़।  चंडीगढ़ नगर निगम चुनाव के लिए सभी दल पूरी तरह से तैयार हैं। जो कभी एक साथ मिलकर चुनाव लड़ते थे अब वह एक दूसरे के खिलाफ चुनाव लड़ेंगे। इस बार शिरोमणि अकाली दल शहर की सभी 35 सीटों पर बहुजन समाज पार्टी के साथ गठबंधन करके भाजपा के साथ साथ आम आदमी पार्टी और कांग्रेस के खिलाफ अपने उम्मीदवार मैदान में उतारेगा। दिसंबर में होने वाले नगर निगम चुनाव के लिए शिरोमणि अकाली दल और बहुजन समाज पार्टी का गठबंधन हो गया है। इस पर सुखबीर बादल ने भी अपनी मंजूरी दे दी है। इसकी औपचारिक घोषणा आज शिअद और बसपा नेता प्रेसवार्ता करके देंगे।

अभी तक की जानकारी के अनुसार 60 फीसद सीटों पर अकाली दल और 40 फीसद सीटों पर बसपा अपने उम्मीदवार उतारेगी। पंजाब में विधानसभा चुनाव अकाली दल और बसपा आपस में गठबंधन करके चुनाव लड़ रही है। पहली बार अकाली दल का बसपा के साथ नगर निगम चुनाव के लिए गठबंधन हुआ है। अभी तक साल 1996 से लेकर अब जितने भी चुनाव हुए हैं उसमें अकाली दल का भाजपा के साथ गठबंधन रहा है।

सेक्टर-24 में बुधवार को सैनी भवन में होने वाली प्रेसवार्ता में चंडीगढ़ अकाली दल के अध्यक्ष हरदीप सिंह बुटरेला और बहुजन समाज पार्टी के अध्यक्ष जीएस कंबोज मौजूद होंगे। बसपा और शिअद के बीच गठबंधन करवाने में पूर्व कैबिनेट मंत्री दलजीत सिंह चीमा की अहम भूमिका रही है। चीमा इस समय चंडीगढ़ अकाली दल के भी प्रभारी हैं। अब तक बसपा अकेले ही नगर निगम चुनाव लड़ती आई है। साल 2011 के नगर निगम चुनाव में बसपा से दो सीटों पर जीत दर्ज की थी, जिनमें रामदरबार और बापूधाम की सीटें शामिल हैं।

इससे पहले साल 2006 में भी बसपा ने एक सीट जीती थी। लेकिन साल 2016 के चुनाव में बसपा कोई भी सीट नहीं जीत पाई। पूर्व केंद्रीय मंत्री हरमोहन धवन बसपा की सीट पर लोकसभा चुनाव लड़ चुके हैं उस समय 70 हजार वोट धवन को मिले थे।अकाली दल का गांव और बसपा का कॉलोनी में जनाधार है। अकाली दल के अध्यक्ष हरदीप सिंह का दावा है कि चंडीगढ़ नगर निगम चुनाव में भी दोनों दल मिलकर चुनाव लड़े तो काफी अच्छे परिणाम आएंगे। चुनाव के बाद मेयर गठबंधन का ही बनेगा। इस समय अकाली दल के अध्यक्ष हरदीप सिंह भी नगर निगम के पार्षद हैं।

chat bot
आपका साथी