चंडीगढ़ नगर निगम चुनाव: कांग्रेस का खुला ऑफर पार्टी से चुनाव लड़ने के लिए कोई भी कर सकता है आवेदन

कांग्रेस की टिकट लेने के लिए यह जरूरी नहीं है कि आवेदन करने वाला कांग्रेस से जुड़े हुए हो। पार्टी के अनुसार अगर कोई रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन का पदाधिकारी या रिटायर्ड अफसर या पर्यावरण प्रेमी चुनाव चुनाव लड़ना चाहता है तो वह भी आवेदन कर सकता है।

By Ankesh ThakurEdited By: Publish:Sat, 23 Oct 2021 09:27 AM (IST) Updated:Sat, 23 Oct 2021 09:27 AM (IST)
चंडीगढ़ नगर निगम चुनाव: कांग्रेस का खुला ऑफर पार्टी से चुनाव लड़ने के लिए कोई भी कर सकता है आवेदन
इस बार कांग्रेस, भाजपा और आम आदमी पार्टी के बीच कड़ा मुकाबला होगा।

राजेश ढल्ल, चंडीगढ़। नगर निगम चुनाव का बिगुल बजते ही सबसे पहले कांग्रेस पार्टी ने दावेदारों से आवेदन मांगे हैं। इसके लिए पार्टी ने आवेदन फार्म भी जारी कर दिए हैं। वहीं, भाजपा और आम आदमी पार्टी का दावा है कि वह सर्वे करवा रहे हैं उसके बाद दावेदारों से आवेदन मांगे जाएंगे। कांग्रेस की टिकट लेने के लिए यह जरूरी नहीं है कि आवेदन करने वाला कांग्रेस से जुड़े हुए हो। पार्टी के अनुसार अगर कोई रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन का पदाधिकारी या रिटायर्ड अफसर या पर्यावरण प्रेमी चुनाव चुनाव लड़ना चाहता है तो वह भी आवेदन कर सकता है। सेक्टर-35 कांग्रेस भवन में आवेदन फार्म लिए जा सकते हैं, लेकिन आवेदन फार्म शुल्क का भुगतान करके ही मिलेगा। कांग्रेस ने आवेदन फार्म का शुल्क 5000 रुपये तय किया है। जबकि महिला और आरक्षित वर्ग की सीटों के लिए आवेदन शुल्क 3000 रखा गया है।

ऐसा पहली बार हुआ है कि जब कांग्रेस ने पार्टी से न जुड़े दावेदारों को भी आवेदन करने का ऑफर दिया है। असल में पार्टी जीतने वाले दावेदारों को तलाश रही है। इसलिए कांग्रेस ने शहर के अहम संगठनों के पदाधिकारियों को भी आवेदन करने की छूट दी है। शनिवार को पूर्व केंद्रीय मंत्री पवन कुमार बंसल भी दिल्ली से वापस चंडीगढ़ लौट रहे हैं। लौटने के बाद पवन बंसल की कांग्रेस अध्यक्ष सुभाष चावला के साथ बैठक है। इसमें संभावित उम्मीदवारों के नामों को लेकर मंथन किया जाएगा। सूत्रों का कहना है कि 50 फीसद सीटें दोनों नेताओं के आपस में मंथन करने के बाद फाइनल की जाएंगी। हालांकि उसकी औपचारिक घोषणा नहीं की जाएगी, लेकिन संभावित उम्मीदवारों को अपने-अपने वार्डों में मोर्चा संभालने का इशारा कर दिया जाएगा। इस बार शहर की 35 सीटों के लिए चुनाव होना है, जिसके लिए कांग्रेस के अलावा भाजपा और आम आदमी पार्टी भी खुलकर मैदान में है और मुकाबला त्रिकोणा होने की संभावना है। कांग्रेस इस बार फासवेक, क्राफ्ड और व्यापार मंडल जैसे अहम संगठनों के पदाधिकारियों को भी टिकट देना चाहती है।

कांग्रेस अध्यक्ष सुभाष चावला का कहना है कि शहर में ऐसी कई रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन हैं, जिनके पदाधिकारी शहर में और अपने वार्ड के लिए अच्छा काम कर रहे हैं। अगर ऐसे लोग पार्षद बनकर आएं तो शहर का अच्छा विकास हो सकता है। इसलिए इस बार रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन के पदाधिकारियों को भी कांग्रेस की टिकट के लिए आवेदन करने के लिए कहा गया है।

कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता एचएस लकी का कहना है कि चुनाव लड़ने के इच्छुक सभी लोगों को पार्टी से आवेदन पत्र लेने के लिए कहा गया है। आवेदन सेक्टर-35 चंडीगढ़ के कार्यालय से लिए जा सकते हैं। महिला उम्मीदवारों सहित सामान्य श्रेणी के आवेदकों के लिए 5000 रुपये के ड्राफ्ट पे ऑर्डर के साथ आवेदन करें। पुरुषों और महिलाओं दोनों के लिए एससी श्रेणी के आवेदकों के लिए 3000 रुपये। आवेदन 25 अक्टूबर से 10 नवंबर तक स्वीकार किए जाएंगे। कार्यालय समय में प्रतिदिन सुबह 11 बजे से शाम 5 बजे तक फार्म लिए जा सकते हैं।

chat bot
आपका साथी