चंडीगढ़ नगर निगम चुनाव: व्यापार मंडल, फासवेक और क्राफ्ड पदाधिकारी भी लड़ेंगे चुनाव, टिकट के लिए लाबिंग शुरू

चंडीगढ़ नगर निगम चुनाव के लिए कांग्रेस भाजपा और आम आदमी पार्टी अभी से संभावित उम्मीदवारों के नाम का मंथन कर रही है। इस बार शहर के अहम संगठन जिनमें व्यापार मंडल क्राफ्ड और फासवेक भी अपने अपने पदाधिकारियों के लिए राजनीतिक दलों से टिकट मांग रहे है।

By Ankesh ThakurEdited By: Publish:Mon, 25 Oct 2021 11:54 AM (IST) Updated:Mon, 25 Oct 2021 11:54 AM (IST)
चंडीगढ़ नगर निगम चुनाव: व्यापार मंडल, फासवेक और क्राफ्ड पदाधिकारी भी लड़ेंगे चुनाव, टिकट के लिए लाबिंग शुरू
इस बार निगम चुनाव में 35 वार्ड में 300 से ज्यादा उम्मीदवारों के मैदान में आने की उम्मीद है।

राजेश ढल्ल, चंडीगढ़। चंडीगढ़ नगर निगम चुनाव के लिए प्रत्याशी घोषित करने के बाद हर दल को गुटबाजी का सामना करना पड़ेगा। क्योंकि इस बार हर वार्ड में हर दल के छह से ज्यादा दावेदार टिकट मांग रहे हैं। ऐसे में चुनाव के बाद ऐसे नाराज नेताओं को मनाने के लिए अलग से सीनियर नेताओं को मेहनत करनी होगी। इसलिए हर पार्टी का प्रयास है कि नामांकन से पहले ही उम्मीदवारों की सूची जारी की जाए।

इस बार निगम चुनाव में 35 वार्ड में 300 से ज्यादा उम्मीदवारों के मैदान में आने की उम्मीद है। कांग्रेस, भाजपा और आम आदमी पार्टी अभी से संभावित उम्मीदवारों के नाम का मंथन कर रही है। इस बार शहर के अहम संगठन जिनमें व्यापार मंडल, क्राफ्ड और फासवेक भी अपने अपने पदाधिकारियों के लिए राजनीतिक दलों से टिकट मांग रहे है। हालांकि यह संगठन खुद को गैर राजनीतिक होने का दावा करते हैं।

व्यापार मंडल भी अध्यक्ष चरणजीव सिंह के लिए भाजपा से टिकट की मांग कर रहा है। फासवेक भी अध्यक्ष बलजिंदर सिंह बिट्टू के लिए कांग्रेस से टिकट के लिए लाबिंग कर रहा है। वहीं, क्राफ्ड के वाइस चेयरमैन सुरेंद्र शर्मा भी इस बार चुनाव लड़ने की इच्छा जता रहे हैं। इसके अलावा शहर के अन्य संगठन भी अपने अपने पदाधिकारी के लिए लाबिंग कर रहे हैं। इसलिए ही कांग्रेस ने संगठनों के साथ साथ रेजिडेंट्स वेलफेयर एसोसिएशनों को भी टिकट के लिए आवेदन करने की छूट दी है।

व्यापार मंडल के अध्यक्ष चरणजीव सिंह इस समय मनोनीत पार्षद के पद पर है। व्यापार मंडल के महासचिव संजीव चड्ढा के अलावा कमलजीत पंछी भी चुनाव लड़ने के लिए टिकट का प्रयास कर रहे हैं। संजीव चड्ढा भाजपा से लंबे समय से जुड़े हुए हैं वह कई साल पहले भाजपा युवा मोर्चा के लिए भी काम कर चुके हैं। इसलिए उन्हें सेक्टर-18,19 और 21 की सीट से भी भाजपा टिकट का दावेदार बताया जा रहा है।

 

टिकट किसी एक को मिलेगी, बाकी दावेदार जीताने का करें प्रयास

कांग्रेस के अनुसूचित जाति विभाग के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन राउत ने भाजपा पर हमला बोलते हुए कहा कि बीजेपी की केंद्र की सरकार दलित के रिजर्वेशन का कोटा समाप्त करने की बहुत बड़ी साजिश रच रही है। जिसे हम कामयाब नहीं होने देंगे। पूर्व केंद्रीय मंत्री पवन कुमार बंसल और सुभाष चावला कहा है कि टिकट के दावेदार हर वार्ड में कई हैं लेकिन टिकट किसी एक को ही मिलेगी इसलिए जिसको टिकट नहीं मिलता है वह भी पार्टी के उम्मीदवार को जिताने के लिए एक जुट होकर काम करे ताकि भाजपा को पूरी तरह से नगर निगम से सफाया किया जा सके।

chat bot
आपका साथी