Chandigarh MC House Meeting: कांग्रेसी पार्षदों ने छोड़ी सदन की बैठक, निगम के बाहर कांग्रेस का प्रदर्शन, पुलिस तैनात

Chandigarh MC House Meeting नगर निगम की सदन की बैठक शुरू हो चुकी है। बैठक शुरू होते ही कुछ देर बाद कांग्रेस पार्षदों ने हंगामा शुरू कर दिया है। वहीं निगम कार्यालय के बाहर कांग्रेस कार्यकर्ता भाजपा के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे हैं। मौके पर पुलिस बल तैनात है।

By Ankesh ThakurEdited By: Publish:Sat, 25 Sep 2021 12:05 PM (IST) Updated:Sat, 25 Sep 2021 12:05 PM (IST)
Chandigarh MC House Meeting: कांग्रेसी पार्षदों ने छोड़ी सदन की बैठक, निगम के बाहर कांग्रेस का प्रदर्शन, पुलिस तैनात
नगर निगम के बाहर बड़ी संख्या में कांग्रेसी कार्यकर्ता प्रदर्शन कर रहे हैं।

जागरण संवाददाता, चंडीगढ़। Chandigarh MC House Meeting: नगर निगम की सदन की बैठक शुरू हो चुकी है। बैठक शुरू होते ही कुछ देर बाद कांग्रेस पार्षदों ने हंगामा शुरू कर दिया है। कांग्रेस पार्षद दल के नेता देवेंद्र बबला ने पेड पार्किंग मामले को कई सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि पेड पार्किंग को लेकर निगम कमिश्नर अनिंदिता मित्रा रिपोर्ट पेश करनी थी और उस पर चर्चा होनी थी, लेकिन उन्होंने रिपोर्ट पेश नहीं की। इस पर मेयर रविकांत शर्मा ने कहा कि प्रस्ताव पास होने के बाद शून्य काल होगा, जिस पर पेड पार्किंग मामले पर चर्चा की जाएगी। 

कांग्रेसी पार्षद सतीश कैंथ ने कहा कि पेड पार्किंग के मामले में लोगों को लूटा जा रहा है और यह एक घोटाला है। इस पर रविकांत शर्मा ने कहा कि कांग्रेस के कार्यकाल में बूथ घोटाला हुआ, रेल घोटाला हुआ और शेड घोटाला हुआ। इस पर हंगामा और बढ़ गया और कांग्रेस पार्षदों ने सदन का बहिष्कार कर दिया। मेयर रविकांत शर्मा ने कहा कि वह मुद्दों पर चर्चा नहीं करना चाहते, इसलिए सदन की बैठक से बाहर चले गए हैं। हंगामे से पहले कमिश्नर ने बताया कि केंद्र सरकार के निर्देश पर आजादी का अमृत महोत्सव मनाया जा रहा है, जिसकी शुरुआत सोमवार से होगी। इस दौरान चंडीगढ़ में भी कई कार्यक्रम किए जाएंगे।

वहीं, इस समय निगम कार्यालय में सदन की बैठक चल रही है, इसी दौरान नगर निगम के बाहर कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ता अध्यक्ष सुभाष चावला के नेतृत्व में प्रदर्शन कर रहे हैं। यह प्रदर्शन भाजपा के खिलाफ किया जा रहा है। कांग्रेस पार्षद भी सदन की बैठक बहिष्कार करने के बाद उस प्रदर्शन में शामिल हो गए हैं। बता दें कि नगर निगम के बाहर बड़ी संख्या में कांग्रेसी कार्यकर्ता प्रदर्शन कर रहे हैं। जमकर नारेबाजी की जा रही है। वहीं, प्रदर्शन कारियों को रोकने के लिए भारी पुलिस बल को भी तैनात कर दिया गया है। पुलिस ने बेरिकेडिंग कर दी है। कांग्रेसी कार्यकर्ता मौके पर प्रदर्शन कर रहे हैं, हालांकि अभी तक हालात सामान्य हैं। 

chat bot
आपका साथी