चंडीगढ़ कांग्रेस कार्यकर्ताओं का प्रदर्शन जारी, कांग्रेस अध्यक्ष प्रदीप छाबड़ा को पुलिस ने हिरासत में लिया

कृषि कानूनों और बढ़ती पेट्रोल-डीजल की कीमतों के विरोध में चंडीगढ़ कांग्रेस के नेता और कार्यकर्ता धरना प्रदर्शन कर रहे हैं। विरोध जता रहे कार्यकर्ताओं को रोकने के लिए पुलिस ने वाटर कैनन का प्रयोग किया और चंडीगढ़ कांग्रेस अध्यक्ष प्रदीप छाबड़ा को हिरासत मे लिया है।

By Ankesh KumarEdited By: Publish:Fri, 15 Jan 2021 02:22 PM (IST) Updated:Fri, 15 Jan 2021 02:22 PM (IST)
चंडीगढ़ कांग्रेस कार्यकर्ताओं का प्रदर्शन जारी, कांग्रेस अध्यक्ष प्रदीप छाबड़ा को पुलिस ने हिरासत में लिया
धरना दे रहे कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर वाटर कैनन का प्रयोग करती पुलिस।

चंडीगढ़, जेएनएन। कृषि सुधार कानूनों, बढ़ती पेट्रोल- डीजल की कीमतों के विरोध में और किसान आंदोलन के समर्थन में चंडीगढ़ कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को धरना दिया। दोपहर के समय कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सेक्टर 19 में धरना प्रदर्शन शुरू किया।

इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी भी की। इस प्रदर्शन में पूर्व केंद्रीय मंत्री पवन कुमार बंसल, कांग्रेस चंडीगढ़ अध्यक्ष प्रदीप छाबड़ा, एचएस लकी, हरमेल केसरी, गुरबख्श रावत, सुमित चावला सहित कई कांग्रेस के नेता शामिल हुए हैं।

कांग्रेस के कार्यकर्ता पंजाब राजभवन जाकर ज्ञापन सौंपना चाहते थे, लेकिन चंडीगढ़ पुलिस ने उन्हें रास्ते में ही रोकने की कोशिश की। जब कांग्रेस के कार्यकर्ता नहीं माने तो पुलिस ने वाटर कैनन का प्रयोग किया। पानी की बौछारें से कुछ कांग्रेस कार्यकर्ता सड़क पर गिर गए। कांग्रेस कार्यकर्ताओं का धरना अभी जारी है। वहीं, पुलिस इन्हें रोकने के लिए वाटर कैनन से पानी की बौछारें कर रही है। पुलिस ने प्रदर्शन कर रहे कांग्रेस अध्यक्ष प्रदीप छाबड़ा को हिरासत में लिया है।

पूर्व केंद्रीय मंत्री पवन कुमार बंसल और कांग्रेस अध्यक्ष प्रदीप छाबड़ा का कहना है कि यह जानबूझकर रोका जा रहा है जबकि लोकतंत्र में ज्ञापन सौंपने का अधिकार सभी को है। 

chat bot
आपका साथी