निगम चुनाव के लिए चंडीगढ़ भाजपा ने किया पार्टी संगठन में बदलाव, महापुरुषों के नाम पर रखे जिलों के नाम
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अरुण सूद ने प्रभारी एवं राष्ट्रीय महासचिव दुष्यंत कुमार गौतम की सहमति से संगठन का पुनर्गठन करने का निर्णय लिया है। भाजपा ने अपने सभी पांच जिलों के एरिया में बदलाव किया है। इस बार नगर निगम चुनाव में वार्ड की संख्या बढ़कर 35 हो गई है।
चंडीगढ़, जेएनएन। चंडीगढ़ भाजपा ने नए सिरे से पार्टी संगठन में बदलाव किया है। सभी जिलों का नाम महापुरुषों के नाम पर होगा। ऐसा आने वाले नगर निगम चुनाव को देखते हुए किया गया है। भाजपा नगर निगम चुनाव में जुट गई है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अरुण सूद ने प्रभारी एवं राष्ट्रीय महासचिव दुष्यंत कुमार गौतम की सहमति से संगठन का पुनर्गठन करने का निर्णय लिया है। भाजपा ने अपने सभी पांच जिलों के एरिया में बदलाव किया है। इस बार नगर निगम चुनाव में वार्ड की संख्या बढ़कर 35 हो गई है। इस समय भाजपा में टिकट लेने वालों की तादाद भी बढ़ गई है। इस समय नगर निगम में भाजपा के 20 पार्षद हैं।
सतिंदर सिंह को शहीद भगत सिंह नगर का जिला अध्यक्ष नियुक्त किया है। इस जिला के अधीन नए परिसीमन के अनुसार वार्ड नंबर-1, 2, 3, 13, 14, 15, और 16 शामिल हैं। इससे पहले भाजपा ने 5 जिला अध्यक्ष घोषित किए थे। लेकिन अब उनके भी क्षेत्र में परिवर्तन हो गया है और जिला का नामकरण भी किया गया है। अब डॉ. भीमराव आंबेडकर जिला के अध्यक्ष रविंदर पठानिया होंगे, जिसमें वार्ड नंबर-25, 26, 27, 28, 29 एवं 30 शामिल हैं। भारत रत्न अटल नगर के अध्यक्ष राजिंदर शर्मा होंगे। जिसमें वार्ड 23, 24, 31, 32, एवं 35 शामिल हैं। डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी नगर जिला के अध्यक्ष नरेश पांचाल होंगे जिसमें वार्ड नंबर 19, 20, 21, 22, 33 एवं 34 शामिल हैं। पंडित दीन दयाल उपाध्याय नगर जिला के अध्यक्ष मुनीश भसीन मनु होंगे जिसमें वार्ड नंबर 4, 5, 6, 7, 8, एवं 9 शामिल हैं। रानी लक्ष्मी बाई नगर जिला के अध्यक्ष जतिंदर मल्होत्रा होंगे, जिसमे वार्ड नंबर 3, 10, 11, 12, 17 एवं 18 शामिल होंगे।
सतिंदर सिंह किसान परिवार से संबंध रखते हैं
शहीद भगत सिंह नगर के नवनियुक्त जिला अध्यक्ष सतिंदर सिंह किसान परिवार से संबंध रखते हैं। वे वर्तमान में सारंगपुर की पेंडू विकास कमेटी के सक्रिय सदस्य हैं। इससे पूर्व सतिंदर सिंह भाजपा किसान मोर्चा में विगत समय से उपाध्यक्ष भी हैं। उनके पिता स्वर्गीय गुरनाम सिंह भी ख्यातिप्राप्त समाज सेवक थे और उन्होंने गांव के सरपंच रहते हुए विभिन्न विकास कार्य करवाए। वे जिला परिषद के वाइस चेयरमैन भी रहे और कोआपरेटिव बैंक चंडीगढ़ के डायरेक्टर भी रहे हैं।