चंडीगढ़ में आज काली शूटर गैंग के दोनों सदस्यों की पेशी, रिमांड में खाली हाथ पुलिस

आरोपितों से एक देसी पिस्टल एक देशी कट्टा मैगजीन और कारतूस की बरामदगी हुई थी। हालांकि पुलिस ने कोर्ट में कहा था कि उसे पता लगाना है कि दोनों आरोपित किस वारदात को और किसके कहने पर अंजाम देने आए थे।

By Vikas_KumarEdited By: Publish:Sat, 24 Oct 2020 07:30 AM (IST) Updated:Sat, 24 Oct 2020 07:30 AM (IST)
चंडीगढ़ में आज काली शूटर गैंग के दोनों सदस्यों की पेशी, रिमांड में खाली हाथ पुलिस
दोनों गिरफ्तार आरोपितों के खिलाफ पंजाब के सोहाना थाने में हत्या की कोशिश का केस दर्ज है।

चंडीगढ़, जेएनएन। सेक्टर-50 स्थित स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के समीप गिरफ्तार काली शूटर गैंग के दोनों सदस्यों को पुलिस कोर्ट में पेश करेगी। दोनों का पुुलिस ने तीन दिन की रिमांड हासिल किया था। गिरफ्तार आरोपितों से एक देसी पिस्टल, एक देशी कट्टा, मैगजीन और कारतूस की बरामदगी हुई थी। हालांकि पुलिस ने कोर्ट में कहा था कि उसे पता लगाना है कि दोनों आरोपित किस वारदात को और किसके कहने पर अंजाम देने आए थे। अब तीन दिन की रिमांड खत्म होने के बाद खाली हाथ रही पुलिस दोबारा से दोनों सदस्यों को कोर्ट में पेश करेगी।

सूत्रों के अनुसार पुलिस इस बार दोनों सदस्यों का रिमांड नहीं मांगेगी। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान जीरकपुर के शिवा इंक्लेव निवासी 23 वर्षीय सम्मी और मोहाली के गांव जगतपुरा निवासी 22 वर्षीय शंकर उर्फ सोनू के तौर पर हुई हैं। दोनों आरोपितों के खिलाफ सेक्टर-49 थाना पुलिस ने अॉर्म्स एक्ट की धारा 25-54-59 के तहत केस दर्ज किया है।

गौरतलब है कि एसपी क्राइम ब्रांच मनोज कुमार मीणा के निर्देशानुसार इंचार्ज इंस्पेक्टर हरिंदर सेखों के नेतृत्व में क्राइम ब्रांच की टीम अलग-अलग जगह पेट्रोलिंग कर रही थी। इसी दौरान दोनों संदिग्ध आरोपितों के बारे में मिली सूचना के अाधार पर पुलिस ने सेक्टर-50 एरिया में दो अलग-अलग जगह पर ट्रैप लगाया था।  इस दौरान स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के समीप दोनों संदिग्ध को पुलिस ने रोक लिया। आरोपितों ने पूछताछ के दौरान डर-डर कर जवाब दिया और पुलिस के सभी सवालों का उनके पास जवाब नहीं था। जिसके बाद उनकी तलाशी के दौरान दो गन, मैगजीन और कारतूस की बरामदगी हुई है।

सोहाना थाने में दोनों के खिलाफ हत्या की कोशिश में केस

पुलिस की जांच में सामने आया कि दोनों गिरफ्तार आरोपितों के खिलाफ पंजाब के सोहाना थाने में हत्या की कोशिश की धारा के तहत केस दर्ज है। आरोपितों को सोहाना थाना पुलिस दोनों आरोपितों की तलाश में लगी थी। इसी बीच गुप्त सूचना के अाधार पर चंडीगढ़ क्राइम ब्रांच ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया था। दोनों को सुहाना पुलिस प्रोडक्शन वारंट पर लेगी।

chat bot
आपका साथी