भाकियू प्रधान राजेवाल बोले- 26 जनवरी को दिल्ली में सिर्फ परेड करेंगे किसान, रणनीति के बारे में 15 के बाद बताएंगे

भाकियू प्रधान बलबीर सिंह राजेवाल ने कहा कि किसान 26 जनवरी को दिल्ली में परेड करेंगे। किसानों का उद्देश्य परेड को डिस्टर्ब करना नहीं है। किसानों को बदनाम करने के लिए कई तरह की अफवाहें फैलाई जा रही हैं।

By Kamlesh BhattEdited By: Publish:Thu, 14 Jan 2021 12:51 PM (IST) Updated:Thu, 14 Jan 2021 12:51 PM (IST)
भाकियू प्रधान राजेवाल बोले- 26 जनवरी को दिल्ली में सिर्फ परेड करेंगे किसान, रणनीति के बारे में 15 के बाद बताएंगे
बलबीर सिंह राजेवाल की फाइल फोटो ।

जेएनएन, चंडीगढ़। भारतीय किसान यूनियन के प्रधान बलबीर सिंह राजेवाल ने स्पष्ट किया है कि 26 जनवरी को लेकर लाल किले पर झंडा फहराने, संसद पर कब्जा करने की बातें केवल अफवाह हैँ और ये किसान आंदोलन को बदनाम करने की साजिशें हैं। भाकियू प्रधान ने आज एक पत्र लिखकर इस प्रकार के दुष्प्रचार से किसानों और उन लोगों को बचने के लिए कहा है जो आंदोलन में किसानों के साथ खड़े हैं।

उन्होंने कहा कि चूंकि पिछले चार महीनों से किसानों का आंदोलन शांतिपूर्ण रहा है और चरणबद्ध ढंग से आगे बढ़ रहा है, इसलिए सरकारी एजेंसियां इस प्रकार की भ्रांतियां फैला रही हैं। हमें इनसे बचने की जरूरत है। राजेवाल ने कहा कि किसानों का 26 जनवरी को सरकार की ओर से आयोजित की जाने वाली परेड को डिस्टर्ब करने का भी कोई प्रोग्राम नहीं है। हमारा प्रोग्राम क्या होगा इसकी घोषणा 15 जनवरी के बाद की जाएगी।

उन्होंने किसानों से हर घर से एक व्यक्ति, ट्रैक्टर ट्रॉली समेत इस परेड में शामिल होने के लिए कहा। राजेवाल ने अपने पत्र में कहा कि तीन किसान विरोधी कानूनों को रद करवाने के लिए वे आंदोलन कर रहे हैं और जिस दृढ़ता और अनुशासन से किसानों ने अब तक यह आंदोलन चलाया, उसकी मिसाल दुनियाभर में नहीं मिलती। यह इतिहास में, दुनिया का सबसे लंबा चलने वाले आंदोलनों में शामिल हो गया है।

उन्होंने कहा कि पूरी दुनिया की नजरें किसान आंदोलन पर लगी हुई हैँ। हर कोई अपने तरीके से किसानों का समर्थन कर रहा है। यह केवल किसानों को आंदोलन नहीं रहा, हर वर्ग इसमें शामिल है। पंजाब से शुरू हुआ यह आंदोलन हरियाणा, यूपी, उत्तराखंड, राजस्थान, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र और देश के बाकी राज्यों में भी फैल रहा है। उन्होंने आगे लिखा कि 26 जनवरी को ज्यादा से ज्यादा महिलाएं दिल्ली पहुंचें। हर किसान वालंटियर बनकर किसान विरोधी लोगों पर नजर रखें। उन्होंने कहा कि अगर हम आंदोलन को शांतिपूर्ण रखेंगे तो हर हाल में सफल रहेंगे। भड़काऊ नारों, गर्म जोशीली बातें आंदोलन को पटरी से उतार देंगी।

chat bot
आपका साथी