भाजपा अध्‍यक्ष जेपी नड्डा ने कहा- पंजाब में किसानों के सवालों का जवाब दें पंजाब के पार्टी कार्यकर्ता

भारतीय जनता पार्टी के राष्‍ट्रीय अध्‍यक्ष जेपी नड्डा ने कहा कि पंजाब में भाजपा के कार्यकर्ता केंद्र सरकार की कृषि कानूनों पर किसानों के सवालों का जवाब दें। भाजपा कार्यकर्ता इस संबंध में किसानों के संशय को दूर करें।

By Sunil Kumar JhaEdited By: Publish:Thu, 29 Oct 2020 06:42 AM (IST) Updated:Thu, 29 Oct 2020 06:42 AM (IST)
भाजपा अध्‍यक्ष जेपी नड्डा ने कहा- पंजाब में किसानों के सवालों का जवाब दें पंजाब के पार्टी कार्यकर्ता
भाजपा के राष्‍ट्रीय अध्‍यक्ष जेपी नड़डा और पंजाब के आंदोलनकारी किसान। (फाइल फोटो)

चंडीगढ़, जेएनएन। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय  अध्यक्ष जेपी नड्डा ने भाजपा कार्यकर्ताओं से नए कृषि सुधार कानूनों पर किसानों की आशंकाओं को दूर करने के लिए उनके सवालों का जवाब देने के लिए कहा है। उन्होंने कहा कि पंजाब में राजनीतिक पार्टियां किसानों को गुमराह कर रही हैं। ऐसे में भाजपा की जिम्मेदारी अहम हो जाती है कि वह गुमराह हुए किसानों को राह पर लाएं। नड्डा ने कहा कि किसानों की आशंका एमएसपी को लेकर है। हमारी सरकार एमएसपी खत्म नहीं करेगी।

कहा, किसानों की बताएं कि पंजाब में राजनीतिक पार्टियां गुमराह उन्हें कर रही हैं

जेपी नड्डा दिल्ली में भाजपा मुख्यालय से भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष कमल शर्मा की पहली पुण्यतिथि पर आयोजित वर्चुअल लेक्चर के दौरान 'किसानों का कल्याण और मोदी सरकार की प्राथमिकताएं' विषय पर बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि देश में ऐसे कई नेता हैैं जिन्होंने सारी उम्र किसानों के नाम पर राजनीति की लेकिन कभी उनके जीवन सुधार के लिए कोई काम नहीं किया। इसके विपरीत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किसानों की हालत सुधारने के लिए कृषि सुधार कानून और किसान निधि जैसे कदम उठाए हैं।

किसानों को बताएं कि मोदी काम करके दिखाते हैं, स्वामीनाथन रिपोर्ट को लागू किया

नड्डा ने कहा कि स्वामीनाथन कमीशन की रिपोर्ट तो यूपीए सरकार के समय ही आ गई थी लेकिन उसने इसे लागू करने के लिए कोई कदम नहीं उठाया। उन्होंने पूछा कि क्या यूपीए मोदी के प्रधानमंत्री बनने का इंतजार रही थी। मोदी सरकार ने स्वामीनाथन कमीशन की सिफारिशों को लागू किया और किसानों को उनकी लागत का डेढ़ गुना एमएसपी दिया।

उन्होंने कहा कि कृषि सुधार कानून किसानों को आजादी देंगे। इससे पहले किसान अपने खेत में अनाज पैदा करके दूसरे राज्यों में नहीं बेच नहीं सकता था। नए कानून किसानों को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की स्पोर्ट भी देंगे। अगले सप्ताह फसलों का क्या दाम होगा, यह भी बताएंगे। इससे किसानों को पता चल सकेगा कि उन्हें फसल कब बेचनी है।

नड्डा ने पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह से सवाल किया कि 2019 के चुनाव घोषणा पत्र में कांग्रेस ने आवश्यक वस्तु कानून को खत्म करने, कांट्रेक्ट फार्मिंग लाने जैसे कदम उठाने के बारे में क्यों कहा था। अब जब मोदी ने ऐसा कर दिया है तो क्या इसलिए वह विरोध कर रहे हैं। आवश्यक वस्तु अधिनियम एक्ट तब लगा था जब अनाज कम था, आज  गोदाम भरे हुए हैं। तीन साल तक अनाज की व्यवस्था हमारे पास है। ऐसे में इस एक्ट को बदलने की जरूरत थी।

पंजाब में भाजपा बने नंबर एक पार्टी, यही होगी कमल शर्मा को श्रद्धांजलि 

जेपी नड्डा ने कमल शर्मा को श्रद्धांजलि देते हुए भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि पंजाब में भाजपा को पहले नंबर की पार्टी बनाना ही कमल शर्मा को सच्ची श्रद्धांजलि होगी। इस अवसर पर भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष अश्विनी शर्मा, प्रदेश महासचिव डा. सुभाष शर्मा भाजपा के पंजाब कार्यालय में मौजूद रहे।

यह भी पढ़़ें: अमृतसर में रावण की जगह भगवान राम का पुतला जलाया, 14 लोगों के खिलाफ केस, चार गिरफ्तार


यह भी पढ़़ें: बठिंडा में पराली के धुएं के कारण नहीं दिखने से ट्राले में घुसी कार, पांच लोगों की मौके पर ही मौत

पंजाब की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

हरियाणा की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

chat bot
आपका साथी