पाक से व्यापार शुरू करने के बयान पर भाजपा का सिद्धू पर हमला, पूछा- शहीद जवानों के बारे में वह क्या कहेंगे

पंजाब भाजपा प्रधान अश्वनी शर्मा ने नवजोत सिंह सिद्धू के पाक से व्यापार शुरू करने की मांग के बयान पर निशाना साधा। कहा कि पाकिस्तान हमारे जवानों को शहीद कर देता है। इस पर सिद्धू क्या कहेंगे ।

By Kamlesh BhattEdited By: Publish:Tue, 07 Dec 2021 03:17 PM (IST) Updated:Tue, 07 Dec 2021 03:17 PM (IST)
पाक से व्यापार शुरू करने के बयान पर भाजपा का सिद्धू पर हमला, पूछा- शहीद जवानों के बारे में वह क्या कहेंगे
अश्वनी शर्मा व नवजोत सिंह सिद्धू की फाइल फोटो।

राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। भाजपा के प्रदेश प्रधान अश्वनी शर्मा ने पंजाब कांग्रेस प्रधान नवजोत सिंह सिद्धू पर निशाना साधा कहा कि सिद्धू पाकिस्तान सीमा को व्यापार के लिए खोलने की मांग कर रहे हैं। शर्मा ने कहा कि सिद्धू का पाकिस्तान प्रेम किसी से छिपा नहीं है। सिद्धू को इस बात का जवाब देना चाहिए कि जब तिरंगे में लिपटकर भारतीय जवानों का पार्थिव शरीर पंजाब में उनके घर पहुंचता है उसके बारे में क्या कहेंगे।

बता दें, नवजोत सिंह सिद्धू लगातार पाक से व्यापार शुरू करने की मांग करते रहे हैं। गत दिवस सीएम चरणजीत सिंह चन्नी भी सिद्धू के पक्ष में नजर आए। उन्होंने भी सिद्धू की हां में हां मिलाते हुए पाक से व्यापार शुरू करने की वकालत की है। इसके बाद इस मुद्दे पर एक बार फिर राजनीति गरमा गई है। दो दिन पूर्व कांग्रेस सांसद मनीष तिवारी ने भी सिद्धू की इस मंशा पर सवाल उठाए थे। पंजाब के पूर्व सीएम कैप्टन अमरिंदर सिंह ने भी इस पर सवाल उठाते हुए कहा कि जो देश ड्रोन से देश में आतंक फैलाने के लिए हथियार भेज रहा है उससे व्यापार शुरू किया जा सकता है। 

भाजपा ने पंजाब में ड्रग तस्करी मामले में भी पंजाब सरकार को घेरा। भाजपा के पंजाब प्रधान अश्वनी शर्मा ने कहा कि पंजाब सरकार को स्पष्ट करना चाहिए कि ड्रग्स कारोबारियों पर कार्रवाई करने से उन्हें किसने रोका, क्योंकि अब तो पंजाब एवं हरियाणा हाई कोर्ट ने भी स्पष्ट कर दिया है कि सरकार को कार्रवाई करने से नहीं रोका गया। इसके बावजूद पंजाब सरकार ने अभी तक कार्रवाई क्यों नहीं की।

अश्विनी शर्मा ने कहा कि पंजाब में इन दिनों एक कम्पटीशन चल रहा है घोषणा करने का। यह कंपटीशन भी दो ऐसे मुख्यमंत्रियों के बीच में है, जिन्होंने अपने-अपने राज्यों में उनमें से कोई भी काम नहीं किया। उन्होंने कहा कि केजरीवाल पंजाब में आकर महिलाओं को ₹1000 देने की बात करते हैं, जबकि उन्होंने दिल्ली में ऐसा कुछ भी नहीं किया। केजरीवाल ने न तो दिल्ली में 1000 रुपये दिए और न हो 300 यूनिट बिजली फ्री की। चन्नी रेत सस्ती करने की घोषणा कर रहे हैं।

chat bot
आपका साथी