कांस्टेबल को कार से रौंदने की कोशिश, डेढ़ किमी तक बोनट पर लटका रहा

सेक्टर-36 बीट बॉक्स के समीप बुधवार रात कार सवार को रोकने का इशारा करने पर ऑन ड्यूटी कांस्टेबल को रौंदने की कोशिश की गई। संयोग ही था कि कांस्टेबल दीपक कार की बोनट पर अटक गया। फिर भी चालक दूर तक कार चलाता रहा।

By JagranEdited By: Publish:Fri, 24 Sep 2021 05:56 AM (IST) Updated:Fri, 24 Sep 2021 05:56 AM (IST)
कांस्टेबल को कार से रौंदने की कोशिश, डेढ़ किमी तक बोनट पर लटका रहा
कांस्टेबल को कार से रौंदने की कोशिश, डेढ़ किमी तक बोनट पर लटका रहा

जासं, चंडीगढ़ : सेक्टर-36 बीट बॉक्स के समीप बुधवार रात लगे एंटी स्नैचिंग नाके पर कार सवार को रोकने का इशारा करने के दौरान ऑन ड्यूटी कांस्टेबल को रौंदने की कोशिश की गई। इस बीच कांस्टेबल दीपक कार की बोनट पर अटक गया। फिर भी चालक उसे उसी हालत में करीब डेढ़ किमी तक ले गया। वह सेक्टर-37 में सरकारी स्कूल के पास तक जाने के बाद कांस्टेबल को नीचे गिराकर फरार हो गया। इस घटना में कांस्टेबल दीपक के सिर में गंभीर चोट लगी है। उसे इलाज के लिए पीजीआइ में भर्ती कराया गया है। उधर पुलिस कार चालक की तलाश कर रही है।

हादसे के बाद कांस्टेबल दीपक को जीएमएसएच-16 में भर्ती करवाया गया। लेकिन हालत नाजुक होने के कारण उसे पीजीआइ रेफर कर दिया गया। मामले में बीट इंचार्ज विजय कुमार की शिकायत पर पुलिस ने आरोपित चालक के खिलाफ केस दर्ज किया है।

बीट इंचार्ज विजय कुमार के साथ कांस्टेबल दीपक शाम को एक नाबालिग आरोपित को बाल सुधार गृह छोड़ने गया था। रात करीब आठ बजे सादी वर्दी में बीट के समीप तैनात कांस्टेबल को सामने से संदिग्ध अल्टो चालक आता दिखाई दिया। उसे रुकने का इशारा करने पर कार चालक ने कांस्टेबल को रौंदकर भागने की कोशिश की। जान बचाने के लिए दीपक ने उछाल मारी और कार के बोनट पर लटक गया। अस्पताल में कांस्टेबल बेसुध, बार-बार बोल रहा-चलो-चलो बैरिकेड्स हटाओ..

मूल रूप से हरियाणा में रोहतक के रहने वाले 34 वर्षीय कास्टेबल दीपक की हालत नाजुक है। पीजीआइ में भर्ती दीपक वीरवार को रह-रह कर बड़बड़ाता रहा। वह लगातार यही बोल रहा था कि चलो-चलो बैरिकेट्स हटाओ, फिर वह अस्पताल में ही उठकर चलने लगता था। वहां तीमारदार उसे बेड पर बैठा रहे थे। परिजन भी सूचना पाकर अस्पताल पहुंचे। वहीं, अस्पताल में देर शाम एएसपी साउथ श्रुति अरोड़ा भी पहुंचीं। देर रात डॉक्टर ने बताया कि दूसरे सीटी स्कैन के बाद रिपोर्ट के आधार पर ऑपरेशन करने का निर्णय लिया जा सकता है। पंजाब के गाव तोंगा निवासी के रूप में हुई कार चालक की पहचान

मामले से संबंधित कार चालक का नाम और पता पूछकर वहां तैनात दूसरे मुलाजिम ने उसे रजिस्टर में नोट कर लिया था। इसके बाद आरोपित भागने के चक्कर में सामने खड़े कास्टेबल दीपक को रौंदने की कोशिश की। बोनट पर लटकने के बाद उसे सेक्टर 37 में मोड़ आने पर नीचे गिरा कर फरार हो गया। पुलिस आरोपित को गिरफ्तार करने की कोशिश में जुटी है।

chat bot
आपका साथी