दिल्ली से एक लाख जीरो बिजली बिल लेकर पंजाब पहुंचे केजरीवाल, चन्नी को दी चुनौती- आप भी दिखाएं

दिल्ली के सीएम व आप प्रमुख अरविंद केजरीवाल शनिवार को दिल्ली से एक लाख उपभोक्ताओं के जीरो बिजली बिल लेकर मोहाली पहुंचे। केजरीवाल ने चरणजीत सिंह चन्नी को चुनौती दी कि वे भी पंजाब में जीरो बिजली बिल दिखाएं।

By Kamlesh BhattEdited By: Publish:Sat, 27 Nov 2021 07:09 PM (IST) Updated:Sat, 27 Nov 2021 07:20 PM (IST)
दिल्ली से एक लाख जीरो बिजली बिल लेकर पंजाब पहुंचे केजरीवाल, चन्नी को दी चुनौती- आप भी दिखाएं
जीरो बिजली बिलों के साथ अरविंद केजरीवाल। फोटो- आप के ट्विटर हैंडल से

जागरण संवाददाता, मोहाली। दिल्ली के मुख्यमंत्री व आम आदमी पार्टी के प्रमुख अरविंद केजरीवाल दिल्ली के एक लाख बिजली उपभोक्ताओं के जीरो बिजली बिल लेकर मोहाली पहुंचे। केजरीवाल ने पंजाब के मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी को चुनौती दी कि वे केवल एक हजार बिजली के जीरो बिल दिखा दें। केजरीवाल पंजाब के अलग-अलग जिलों से आए लोगों से पंजाब की जनता के साथ 'केजरीवाल की बात' कार्यक्रम मे लोगों से मिले।

अरविंद केजरीवाल ने कहा कि पंजाबियों ने अकाली-भाजपा, कांग्रेस सबको बहुत मौके दिए हैं। एक मौका मुझे भी देकर देखें। केजरीवाल ने पंजाब सरकार पर जुबानी हमला बोलते हुए कहा कि कांग्रेस 129 पेजों के चुनाव घोषणा पत्र में से 29 शब्दों पर भी खरी नहीं उतरी। केजरीवाल ने लोगों की समस्याओं को भी सुना। आप प्रमुख ने कहा कि दिल्ली के 50 लाख परिवारों में से 35 लाख को बिजली मुफ्त मिलती है। जिसका सुबूत वह अपने साथ लेकर आए एक लाख जीरो बिजली के बिल हैं।

अरविंद केजरीवाल ने कहा कि वे पंजाब के लोगों के साथ जो भी वादे करेंगे, उनको पूरा करेंगे। केजरीवाल ने पार्टी के कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे पंजाब को सुधारने व सुंदर बनाने के लिए जमकर मेहनत करें। सभी मिलकर पंजाब को खुशहाल बनाएंगे, क्योंकि मौजूदा पंजाब सरकार को कर्मचारियों के साथ मारपीट कर रही है। लोगों के साथ जो वादें किए गए उनको पूरा नहीं किया जा रहा। पहले साढ़े चार साल तक पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह लोगों के बीच में नहीं गए। अब मौजूदा मुख्यमंत्री आप को कापी करके लोगों का होने का ढोंग कर रहे हैं, लेकिन किसी एक भी वादे पर पूरा नहीं उतर रहे। इस दौरान आप के अन्य पदाधिकारियों की ओर से भी विचार रखे।

बता दें, पंजाब विधानसभा चुनाव को लेकर अरविंद केजरीवाल ने राज्य में अपनी गतिविधियां बढ़ा दी हैं। केजरीवाल आज मोहाली में शिक्षकों के धरने में भी शामिल हुए और उनका समर्थन किया। कहा कि उनकी सरकार आने पर शिक्षकों को उनका बनता सम्मान दिया जाएगा। दिल्ली की तर्ज पर पंजाब की शिक्षा व्यवस्था में सुधार किया जाएगा। उन्होंने कहा कि शिक्षा व्यवस्था में तब तक सुधार संभव नहीं जब तक शिक्षक खुश न हों। 

पंजाब का ही होगा मुख्यमंत्री का चेहरा

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने मोहाली में वर्करों के साथ बैठक में कहा कि वे वादा करते हैं कि पंजाब में मुख्यमंत्री को चेहरा पंजाब का ही होगा। इतना कहने के बाद बैठक हाल में भगवंत मान जिंदाबाद के नारे लग गए, लेकिन मान ने मौका संभालते हुए कहा कि केजरीवाल साहब दूर से आए हैं उनको सुनिए। केजरीवाल ने लोगों को कहा कि पंजाब के लोग आम आदमी पार्टी की तरफ इसलिए नहीं देख रहे कि मंत्री कौन बनेगा या विधायक ? पंजाब के लोग दिल्ली में हुए काम के कारण पार्टी को पसंद कर रहे हैं। पंजाबियों को पता है कि जो काम दिल्ली में हुआ वे काम पंजाब में भी होगा।

केजरीवाल ने पार्टी वर्करों को कहा कि एमएलए, मंत्री बनने के चक्कर में न पड़ लोगों के लिए काम करे। उन्होंने कहा कि आप लोगों के बीच में से ही मंत्री से लेकर विधायक निकलेंगे। इसकी चिंता न करें। हालांकि कुछ वर्करों ने कहा कि पिछली बार भी इसलिए पार्टी पिछड़ी, क्योंकि सीएम का चेहरा देने में देरी हुई, इसलिए इस बार ऐसा न किया जाए। एक युवक ने कहा कि वह पार्टी को लेकर पिछले लंबे समय से काम कर रहा है। उसने काफी पैसा भी खर्चा है, लेकिन इसका कोई फायदा नहीं हुआ, इसलिए जल्द से जल्द चेहरों को घोषित किया जाए। पार्टी वर्करों की बैठक के दौरान पार्टी के नेता अमन अरोड़ा, हरपाल चीमा भी मौजूद थे। इस दौरान खरड़ से आप के टिकट के लिए दावेदारी ठोक रही अनमोल गगन मान ने भी केजरीवाल से मुलाकात की। हालांकि पार्टी वर्करों के साथ बैठक में केजरीवाल की ओर से कोई बड़ी घोषणा नहीं की गई।

chat bot
आपका साथी