पंजाब के सीएम ने किया नौकरशाही में बड़ा बदलाव, मुख्‍य सचिव विनी महाजन को हटाया, अनिरूद्ध तिवारी नए चीफ सेक्रेटरी

पंजाब के मुख्‍यमंत्री चरणजीत सिंह चन्‍नी ने पंजाब की नौकरशाही में बड़ा बदलाव किया है। उन्‍होंने राज्‍य की मुख्‍य सचिव विनी महाजन को हटा दिया है और उनकी जगह अनिरूद्ध तिवारी को नया मुख्‍य सचिव बनाया गया है। अब राज्‍य के डीजीपी दिनकर गुप्‍ता को भी हटाया जा सकता है।

By Sunil Kumar JhaEdited By: Publish:Thu, 23 Sep 2021 11:24 AM (IST) Updated:Thu, 23 Sep 2021 05:49 PM (IST)
पंजाब के सीएम ने किया नौकरशाही में बड़ा बदलाव, मुख्‍य सचिव विनी महाजन को हटाया, अनिरूद्ध तिवारी नए चीफ सेक्रेटरी
पंजाब की पूर्व मुख्‍य सचिव विनी महाजन नए मुख्‍य सचिव अनिरुद्ध तिवारी पंजाब बधाई देती हुईं। (स्रोत- पंजाब डीपीआर)

चंडीगढ़, राज्‍य ब्‍यूरो।  पंजाब के मुख्‍यमंत्री चरणजीत सिंह चन्‍नी ने पंजाब की नौकरशाही में व्‍यापक बदलाव की तैयारी शुरू कर दी है। राज्‍य की मुख्‍य सचिव विनी महाजन को बदल दिया गया है। उनकी जगह वरिष्‍ठ आइएसएस अफसर अनिरूद्ध तिवारी को नया मुख्‍य सचिव बनाया गया है। उन्‍होंने कार्यभार संभाल लिया है। विनी महाजन ने दोपहर बाद उनको कार्यभार सौंप दिया। विनी महाजन की अगली पाेस्टिंग का आदेश अभी जारी नहीं हुआ है।

सीएम चरणजीत सिंह चन्‍नी ने सुबह इस फैसले पर अपनी मुहर लगाई है और इसको लेकर आदेश जारी हो गया है। इसके अलावा वरुण रुजम को उपमुख्यमंत्री सुखजिंदर सिंह रंधावा का स्पेशल प्रिंसिपल सेक्रेटरी बनाया गया है। वह इस समय मार्कफेड के एमडी हैं। यह चार्ज भी उनके पास रहेगा।

वरुण रुजम बने उपमुख्‍यमंत्री सुखजिंदर सिंह रंधावा के स्‍पेशल प्रिंसिपल सेक्रेटरी

अनिरुद्ध तिवारी पंजाब के वरिष्‍ठ आइएसएस अफसरों में शामिल हैं। वह 1990 बैच के आइएएस अफसर हैं। मुख्‍यमंत्री चरणजीत सिंह चन्‍नी के कार्यभार संभालने के बाद से ही चर्चा शुरू हो गई थी कि पंजाब का नया मुख्‍य सचिव बनाया जाएगा। इसके लिए अनिरूद्ध तिवारी सहित एक अन्य अधिकारी का नाम चर्चा में था। इस संबंध में पंजाब सरकार की ओर से आदेश जारी हो गया है। वह मौजूदा चीफ सेक्रेटरी विनी महाजन की जगह लेंगे।

बता दें कि मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी ने इस बारे में फैसला आज सुबह ही ले लिया था। बेहद सौम्य स्वाभाव और तेजतर्रार अफसर के तौर पर जाने जाते अनिरुद्ध तिवारी इस समय अतिरिक्‍त मुख्‍य सचिव (विकास) पद पर नियुक्‍त थे। यह विभाग भी अभी उनके पास ही रहेगा। काबिले गौर है कि मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी के पदभार संभालते ही मौजूदा चीफ सेक्रेटरी विनी महाजन को बदले जाने की चर्चाएं चल रही थीं और सीनियर होने के कारण नाम रवनीत कौर का चल रहा था, जो 1988 बैच की हैं, लेकिन आज सुबह अनिरूद्ध तिवारी को इस पद पर नियुक्‍त करने का फैसला कर लिया गया। वह एडिशनल चीफ सेक्रेटरी फाइनांस भी रह चुके हैं।

बता दें कि इससे पहले मुख्‍यमंत्री के कार्यभार संभालने के दूसरे ही दिन राज्‍य में कई अफसरों के तबादले किए गए थे। इसके साथ ही कार्यभार संभालने के बाद मुख्‍यमंत्री ने वरिष्‍ठ आइएएस अधिकारी हुस्नलाल को अपना प्रधान सचिव बनाया था। बताया जाता है कि राज्‍य की नौकरशाही में अभी और बदलाव होंगे। इसके साथ ही राज्‍य में प्रशासनिक और पुलिस अफसरों के भी तबादलों की कयासबाजी है। चर्चाएं हैं कि नई चरणजीत सिंह चन्‍नी सरकार द्वारा पंजाब के पुलिस महानिदेशक (DGP) दिनकर गुप्‍ता को भी हटाने की तैयारी की जा रही है।

chat bot
आपका साथी